न्यूज राउंडअप: अंबेडकर पर सियासी दावेदारी, कन्हैया पर फेंका गया जूता
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि SC/ST छात्रों की पहली कक्षा से पीएचडी तक की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। डॉ अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के 10 सालों के कामकाज के लेखा-जोखे पर एक आधारित एक किताब '10 साल बेमिसाल' का लोकार्पण किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि बाबा साहब अंबेडकर एक व्यक्ति नहीं थे, वो एक संकल्प का नाम थे। उन्होंने समाजिक अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ी। मोदी ने कहा कि उनकी लड़ाई समानता और सम्मान के लिए थी। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 'ग्राम उदय से भारत उदय' तक आंदोलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव की नींव मजबूत करनी होगी, तभी देश में विकास की इमारत खड़ी होगी।
इससे पहले मुंबई में मैरिटाइम समिट-2016 के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारत की समुद्री सीमाओं पर बंदरगाहों के विकास पर जोर दिया। इसके विकास के लिए मोदी ने वैश्विक निवेशकों को भारत में निवेश करने का न्यौता भी दिया। इस दौरान उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि देश के 7,500 किमी लंबी समुद्री सीमा को 'विकास का इंजन' बनाने की जरूरत है। मोदी ने कहा कि भारत को अपनी समुद्री सीमा में बंदरगाहों के निर्माण के लिए वैश्विक समुदाय से निवेश की आवश्यकता है। इसके लिए करीब एक लाख करोड़ रुपए निवेश करने होंगे जिससे कि बंदरगाहों का निर्माण किया जा सके। मोदी ने कहा, 'हमारा लक्ष्य है कि हम 2025 तक अपने बंदरगाहों की क्षमता 1400 लाख टन से बढ़ाकर 3,000 लाख टन कर लें। इसके लिए इस क्षेत्र में करीब एक लाख करोड़ रुपए की निवेश की आवश्यकता है।'
जेएनयू अध्यक्ष पर फेंका जूता
एक तरफ मोदी मध्य प्रदेश के महू में भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विकास कार्यों को गिना रहे थे वहीं दूसरी बसपा सुप्रीमो मायावती उन पर हमला कर रही थीं। उन्होंने मोदी समेत विरोधी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-बीजेपी का बाबा साहब की जयंती मनाना सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली कहावत को सार्थक करता है। बसपा सुप्रीमो ने कहा, कांग्रेस और दूसरी पार्टियां बाबा साहब के लिए इस साल ही ज्यादा नाटक कर रही हैं। उन्होंने कहा, जब बाबा साहब जिंदा थे और संघर्ष कर रहे थे तो कांग्रेस ने ही उनके खिलाफ बाबू जगजीवनराम का इस्तेमाल किया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपाध्यक्ष अब बाबा साहब की जयंती मना रहे हैं, ये उनके घोर विरोधी हैं। मायावती ने कहा कि विरोधी पार्टियां मुझे किसी न किसी तरह कोर्ट कचहरी के मामले में फंसाए रखेंगी इससे हमें परेशान नहीं होना है।
वहीं नागपुर में कन्हैया कुमार को कुछ लोग जूते मार रहे थे। किसी ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार के कार्यक्रम में जूता फेंक दिया, जिसके चलते न केवल उनका भाषण रोकना पड़ा बल्कि कार्यक्रम में भी व्यवधान पड़ा। बाबा साहब डॉक्टर भीम राव अंबेडकर की जयंती के मौके पर गुरुवार को नागपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने कहा कि नागपुर अंबेडकर की धरती है न कि गोलवलकर की। उन्होंने अपने भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी हमले किए।
जब कन्हैया ने अपना भाषण शुरू किया, उस समय कुछ लोगों ने कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश की। तकरीबन 15 लोग कन्हैया के विरोध में नारे लगा रहे थे, उन्हें हॉल से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कन्हैया की ओर जूता भी फेंका गया। एक व्यक्ति ने कन्हैया पर हमले की भी कोशिश की, वह लाठी लेकर मंच तक पहुंच गया था।
वेमुला के परिवार ने अपनाया बौद्ध धर्म
अपनी खुदकुशी से पूरे देश को आंदोलित कर देने वाले हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के रिसर्च स्कॉलर रोहित वेमुला की मां और भाई ने बौद्ध धर्म अपना लिया। गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर दोनों ने मुंबई में बौद्ध धर्म की दीक्षा ली। एक कार्यक्रम के दौरान बौद्ध धर्म के एक भिक्षु ने उन्हें दीक्षा दी।
रोहित की मां और उसके भाई ने दादर में स्थित अंबेडकर भवन में एक साथ इसकी दीक्षा ली। इस दौरान रोहित वेमुला के भाई ने कहा, 'मेरा भाई भी बौद्ध बनना चाहता था। इसके लिए वह प्रयासरत भी था लेकिन वह कर न सका।'
गौरतलब है कि हैदराबाद विश्वविद्यालय में आत्महत्या करने वाले रोहित वेमुला का परिवार इस बात से बहुत दुखी था। इसी वजह से उन्होंने धर्म परिवर्तन कराने की बात भी कही थी। प्रकाश अंबेडकर ने बताया कि रोहित वेमुला की मां और भाई ने खुद बौद्ध धर्म ग्रहण करने के लिए संपर्क किया था। रोहित वेमुला के भाई राजा वेमुला से संपर्क किया गया तो उन्होंने इसकी पुष्टि की थी।
वाड्रा की चिंता और राष्ट्रीय कला केंद्र के विलय
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और हरियाणा में जमीन विवाद को लेकर चर्चा में रहे रॉबर्ट वाड्रा ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए साक्षात्कार में कई विषयों पर अपनी राय रखते हुए स्पष्ट किया है कि चाहे कुछ भी हो वो अपना देश छोड़कर नहीं जाएंगे। जब उनसे मौजूदा सरकार व देश के व्यापारियों की हालत के बारे में पूछा गया तो बोले कि उनकी कामना है कि सरकार बेहतरीन काम करे लेकिन उन्हें लगता है कि लोग विद्रोह करेंगे और समझेंगे कि क्या सही है और क्या गलत।
वाड्रा मानते हैं कि देश में अधिकतर व्यापारी परेशान हैं। लेकिन वो आवाज उठाएंगे और जल्द ही अपनी राय रखना शुरू करेंगे। जब रॉबर्ट वाड्रा से देशभर में चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम एक विविध राष्ट्र हैं, लोग अपनी आवाज उठाते हैं और हमें इसे स्वीकार करना ही होगा। युवाओं के पास हमेशा ही कहने को कुछ होता है।
इस बीच सरकार ने गुरुवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) का संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत विलय कर दिया। इस केंद्र को अब एक ट्रस्ट का रूप दे दिया गया है जो जिसका संचालन संस्कृति मंत्रालय के ही निगरानी में होगा। वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय को इस ट्रस्ट का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जो चिन्मया घरेखां का स्थान लेंगे।
इस ट्रस्ट का संचालन तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है। राम बहादुर राय के अलावा ट्रस्ट में 19 अन्य सदस्य भी होंगे जिनमें नृत्यांगना सोनल मानसिंह, गीतकार प्रसून जोशी, कलाकार वासुदेव कामथ और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव का नाम शामिल है। इसके अलावा मंत्रालय ने डॉ सुष्मिता पांडेय को उज्जैन 'के विक्रम विश्वविद्यालय में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व में अध्ययन विद्यालय की प्रमुख को राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
रामदेव पर लगे गंभीर आरोप
स्वामी रामदेव के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज करने की शिकायत देने वाले पूर्व गृह राज्यमंत्री सुभाष बतरा खुद की जान खतरे में होने की बात कही है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि उनके घर की रेकी की जा रही है और कई दिनों से उनके घर के आसपास कार और बाइक पर सवार होकर संदिग्ध लोग घूम रहे हैं। पूर्व मंत्री ने इन लोगों से अपनी जान को खतरा बताया है।
उन्होंने डीजीपी को शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। मंत्री का कहना है कि मंगलवार को भी मॉडल टाउन स्थित उनके घर के आसपास कुछ लोगों को घूमते हुए देखा। एसपी को फोन किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बतरा ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कहा है कि उन्हें कई तरह से धमकियां मिल रही हैं। हालांकि उन्होंने धमकी देने वालों के बारे में कोई जिक्र नहीं किया।
वहीं दूसरी ओर नेपाल के सुदूर पश्चिमांचल के डोटी जिले में मंगलवार रात करीब नौ बजे एक जीप जिजोडमांडा नामक स्थान पर 500 मीटर खाई में गिर गई। इससे जीप सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात गंभीर रूप से घायल हो गए। जीप डडेलधूरा से डोटी को जा रही थी। मृतकों में 5 लोग जिजोडमांडा वार्ड संख्या 8 के रहने वाले एक ही परिवार के थे। जीप चालक की इलाज के दौरान डडेलधूरा अस्पताल में मौत हो गई। एक घायल ने भी अस्पताल में दम तोड़ा।
डोटी के जिला प्रहरी कार्यालय के प्रहरी निरीक्षक दिलीराज बिष्ट ने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को डडेलधूरा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद धनगड़ी ले जाया गया है।