कोविड म्यूटेंट XE: ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए स्वरूप से घबराएं नहीं, जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ
डब्ल्यूएचओ की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, कोविड-19 के किसी भी वैरिएंट की तुलना में एक्सई अधिक तेजी से फैल सकता है। विशेषज्ञ ने इस पर करीबी नजर रखने की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस के एक नए म्यूटेंट एक्सई (XE) ने नई आशंकाओं को जन्म दे दिया है। इसे ओमिक्रॉन के बीए.2 वैरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक बताया जा रहा है। हालांकि, टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी ने देश के नागरिकों से नहीं घबराने और इस पर करीबी निगाह रखने की अपील की है। एएनआई से विशेष बातचीत करते हुए टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी (टीआईजीएस) के निदेशक डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि नया म्यूटेंट एक्सई पहली बार जनवरी के मध्य में उभरा था, लेकिन मेरा मानना है कि घबराने की जरूर नहीं है। दुनिया भर में अब तक इसके केवल 600 मामले सामने आए हैं। लेकिन हमें इस पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है।
कोरोना किसी भी वैरिएंट की तुलना में एक्सई अधिक संक्रामक
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, अब तक रिपोर्ट किए गए कोविड-19 के किसी भी वैरिएंट की तुलना में एक्सई अधिक तेजी से फैल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह कोविड-19 की नई लहर पैदा कर सकता है। अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह नया वैरिएंट इतना मजबूत है कि कोविड लहर पैदा कर सकता है। हमें इस पर साफ तौर पर कुछ कहने से पहले थोड़ा और समय इंतजार करने की जरूरत है कि यह कितना संक्रामक हो सकता है। डॉ. मिश्रा ने इस बात पर भी जोर दिया कि वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी सुरक्षा उपाय करना जरूरी है।
मास्क लगाना जारी रखें, भीड़भाड़ से बचें
उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि समाज का एक वर्ग यह घोषित करने के लिए उत्सुक है कि महामारी खत्म हो गई है। लोगों को मास्क का उपयोग करके, नियमों के अनुसार टीके लगाना और जहां भी अनुमति हो, बूस्टर डोज लगाने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों में इकट्टा होने से बचना चाहिए। मास्क पहनकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। इस बीच देश में आज 1,260 कोविड-19 मामले दर्ज किए गए, जिससे कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 4,30,27,035 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 83 मौतें हुई हैं।
आज सुबह 7 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 184.52 करोड़ से अधिक हो गया। 12-14 वर्ष आयु वर्ग के लिए कोविड-19 टीकाकरण 16 मार्च, 2022 को शुरू किया गया था। अब तक 1.81 करोड़ (1,81,21,823) से अधिक किशोरों को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है।