{"_id":"62574d53924e0a0edb18c785","slug":"nadia-rape-and-murder-case-calcutta-high-court-orders-cbi-inquiry-three-member-team-reached-hanskhali-police-station-in-nadia","type":"story","status":"publish","title_hn":"नादिया दुष्कर्म मामला : हाईकोर्ट ने दिए सीबीआई जांच के आदेश, तीन सदस्यीय टीम ने हांसखाली पुलिस स्टेशन से लिए दस्तावेज","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
नादिया दुष्कर्म मामला : हाईकोर्ट ने दिए सीबीआई जांच के आदेश, तीन सदस्यीय टीम ने हांसखाली पुलिस स्टेशन से लिए दस्तावेज
Thu, 14 Apr 2022 03:53 AM IST
देव कश्यप
एजेंसी, कोलकाता।
एजेंसी, कोलकाता।
Published by: देव कश्यप
Updated Thu, 14 Apr 2022 03:53 AM IST
सार
कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस कथित जघन्य कांड की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है। कोर्ट ने पुलिस से कहा है कि वो तत्काल सारे साक्ष्य सीबीआई को सौंपे। हाईकोर्ट इस मामले की निगरानी भी करेगा।
विज्ञापन
तीन सदस्यीय सीबीआई टीम नदिया के हांसखाली पुलिस स्टेशन पहुंची।
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के हांसखाली में 14 साल की नाबालिग से कथित दुष्कर्म व हत्या मामले की जांच भी अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गई है। जांच के लिए बुधवार रात तीन सदस्यीय सीबीआई टीम नादिया के हांसखाली पुलिस स्टेशन पहुंची। स्थानीय पुलिस द्वारा सभी दस्तावेज सीबीआई को सौंपे जाने के बाद सीबीआई की टीम पुलिस स्टेशन से रवाना हो गई। सीबीआई अगली सुनवाई में अदालत में रिपोर्ट पेश करेगी।
विज्ञापन
भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने नादिया दुष्कर्म मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर कहा कि "गनीमत है कि बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हांसखली दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच सीबीआई कर रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक नाबालिग पर आरोपित के साथ प्रेम संबंध रखने और गर्भवती होने का आरोप लगाया, हमें शर्म आती है। अच्छा है अब सच्चाई सामने आ जाएगी।"
विज्ञापन
पॉल ने कहा कि "हर मामला सीबीआई के हाथ में है, जिससे पता चलता है कि अदालत को पश्चिम बंगाल प्रशासन, पुलिस और कानून व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुलिस और प्रशासन को नियंत्रित करती हैं और अत्याचार करती हैं।"
विज्ञापन
कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस कथित जघन्य कांड की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है। कोर्ट ने पुलिस से कहा है कि वो तत्काल सारे साक्ष्य सीबीआई को सौंपे। हाईकोर्ट इस मामले की निगरानी भी करेगा।
राज्य सरकार केंद्रीय जांच एजेंसी को पूरा सहयोग करेगी: टीएमसी प्रवक्ता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दो दिन पहले दिए गए बयान के उलट तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा, राज्य सरकार केंद्रीय जांच एजेंसी को पूरा सहयोग करेगी। बनर्जी ने नाबालिग की मौत पर संदेह जताया था। उनके बयान की विपक्ष समेत विभिन्न दलों ने निंदा की थी और उसके बाद से ही निष्पक्ष जांच की मांग की जाने लगी।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने मंगलवार को इस मामले की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई पूरी करते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था। कथित दुष्कर्म मामले में मंगलवार को दूसरे संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी इस मामले के मुख्य संदिग्ध का दोस्त है। हांसखाली इलाके में चार अप्रैल को जन्मदिन की पार्टी में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी मौत की घटना सामने आई थी।
नाबालिग के माता-पिता ने नौ अप्रैल को थाने में केस दर्ज कराया कि उनकी बेटी के साथ दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। दुष्कर्म का आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेता के बेटे पर लगा है। आरोप है कि उसके साथियों ने जबरन नाबालिग के पार्थिव शरीर का दाह संस्कार भी करवा दिया।
बढ़ते महिला अपराध के खिलाफ प्रदर्शन में शुवेंदु अधिकारी घायल
पश्चिम बंगाल में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु अधिकारी घायल हो गए। अधिकारी बीरभूम जिले में बीडीओ दफ्तर के बाहर भाजपा के अवज्ञा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे। उसी दौरान उनके पांव पर बैरिकेड गिर गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दफ्तर में घुसने से प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगा रखा था। पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष के दौरान बैरिकेड अधिकारी के पैर पर गिर गया। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। उस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की तृणमूल सरकार के खिलाफ नारेबाजी और नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म में लिप्त आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि अधिकारी के घायल होने पर आंदोलन को वापस ले लिया गया।
भाजपा की पांच सदस्यीय कमेटी करेगी घटनास्थल का दौरा
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले की पड़ताल के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई है। इस कमेटी में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बेबी रानी मौर्य, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष वनती श्रीनिवासन, पार्टी उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, खुशबू सुंदर और विधायक श्रीरूपा मित्रा चौधरी को शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ एक जन्मदिन पार्टी के दौरान कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस मामले में टीएमएसी नेता के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। यह कमेटी घटनास्थल का दौरा कर तथ्यों की छानबीन करेगी और पार्टी अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट देगी।