मुकुल रॉय की घर वापसी: भाजपा ने बताया अवसरवादी, पढ़ें किसने कसा कैसा 'सियासी तंज'
पश्चिम बंगाल के दिग्गज नेता मुकुल रॉय शुक्रवार को भाजपा को बड़ा झटका देते हुए बेटे सहित एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के खेमें में शामिल हो गए। इस रिपोर्ट में पढ़िए कि रॉय के इस फैसले पर किसने क्या प्रतिक्रिया दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार पाने के बाद शुक्रवार को भाजपा को बंगाल में फिर तगड़ा झटका लगा। एक समय में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी रहे और बाद में भाजपा में शामिल हुए राज्य के दिग्गज नेता मुकुल रॉय वापस तृणमूल कांग्रेस में चले गए। रॉय के इस कदम का बनर्जी ने स्वागत किया है तो भाजपा ने उन्हें अवसरवादी करार दिया है।
भाजपा में मुकुल रॉय को धमकाया गया: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा में उन्हें धमकाया गया, इससे उनकी सेहत पर असर पड़ा है। हम उनका स्वागत करते हैं। वह पार्टी में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, इस सवाल पर कि अगर और नेता वापस आने की इच्छा जताते हैं तो क्या पार्टी इसकी अनुमति देगी, बनर्जी ने कहा कि जिन्होंने पार्टी की आलोचना की, चुनाव से पहले धोखा दिया, हम उन्हें वापस नहीं लेंगे।
मुकुर रॉय का राजनीति में समय समाप्त: अर्जुन सिंह
बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि मुकुल रॉय कभी भी जनता के नेता नहीं थे। उन्होंने कहा कि बंगाल में राजनीति एसी कमरों में बैठकर नहीं की जा सकती। उनका राजनीति में समय पूरा हो गया है। कोई उन पर भरोसा नहीं करता है। सिंह ने दावा किया कि सबको पता है कि उन्होंने भाजपा की अंदरूनी जानकारियां तृणमूल को उपलब्ध करवाई हैं।
सौमित्र खान ने मुकुल रॉय को बताया मीर जाफर
मुकुल रॉय के टीएमसी में शामिल होने पर भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में प्रवेश करने के लिए एक मीर जाफर रखा था, इतिहास में मीर जाफर होता है जो पूरी जाति को, पूरे देश को खत्म कर देता है। उन्होंने मुकुल रॉय को मीर जाफर की संज्ञा दी।
पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा : मुर्मू
पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि मुकुल रॉय मुझसे पहले टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने हमारी पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में उचित सम्मान के साथ अच्छी भूमिका निभाई। आज मुझे पता चला कि वह टीएमसी में लौट गए हैं। यह पूरी तरह से उनकी बात है। वही इसके बारे में कुछ कह सकते हैं। लेकिन इससे हमारी पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
अब भी देर नहीं हुई है : बोस
प्रदेश भाजपा महासचिव सायंतन बोस ने कहा कि पश्चिम बंगाल भाजपा ने पार्टी के खिलाफ जाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष अंतिम फैसला लेंगे। समिति का गठन पिछले साल किया गया था, लेकिन अब भी देर नहीं हुई है।
बोस ने कहा कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन याद रखना चाहिए कि मुकुल रॉय से काफी बड़े कई बड़े नेता पहले बीजेपी छोड़ चुके हैं। आज उनके साथ बीजेपी का एक भी कार्यकर्ता नहीं गया। इसलिए, वह पार्टी छोड़ सकते हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि इसका हमारे संगठन पर बहुत प्रभाव पड़ेगा।
बोस ने कहा कि मुकुल रॉय को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने इसके लिए मना भी नहीं किया। यहां तक कि जब उन्हें इस चुनाव के लिए कृष्णानगर उत्तर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की पेशकश की गई, तो उन्होंने मना नहीं किया। मुझे नहीं पता, शायद कल वह कहेंगे कि टीएमसी में अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं।