Employment: श्रम मंत्रालय के साथ MoU करने वाला पहला स्वास्थ्य सेवा समूह बना उजाला सिग्नस, मिलेंगे रोजगार
Ujala Cygnus: केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि उजाला सिग्नस और नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (NCS) मिलकर स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देंगे। उजाला सिग्नस ऐसा पहला स्वास्थ्य सेवा समूह है, जो सीधे एनसीएस से जुड़ रहा है।
विस्तार
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और उजाला सिग्नस समूह के बीच गुरुवार को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार को लेकर एमओयू हुआ। एमओयू पर केंद्रीय मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की सचिव सुमिता डावरा की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया ने कहा कि उजाला सिग्नस और नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (NCS) मिलकर स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देंगे। समझौते के बाद उजाला सिग्नस समूह की ओर से डॉक्टर शुचिन बजाज ने कहा कि उजाला सिग्नस समूह सभी तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को लेकर प्रतिबद्ध है। हम अगले तीन सालों में अपने क्षेत्र में 10 हजार नई नौकरियां उपलब्ध करवाने का प्रयत्न कर रहे हैं।
उजाला सिग्नस एनसीएस पर जुड़ने वाला पहला स्वास्थ्य समूह
केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने समझौते की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि उजाला सिग्नस ऐसा पहला स्वास्थ्य सेवा समूह है, जो सीधे एनसीएस से जुड़ रहा है और यह एनसीएस पर स्वास्थ्य सेवा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि उजाला सिग्नस के साथ सरकार की साझेदारी स्वास्थ्य सेवा में पहुंच का विस्तार करेगी। इससे भारत के युवाओं को अच्छी नौकरी खोजने और इस क्षेत्र में आशाजनक करियर बनाने में मदद मिलेगी। यह सहयोग भारत में रोजगार के एक मजबूत परिदृश्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।
आज नेशनल करियर सर्विस और सिग्नस मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड के बीच MoU हस्ताक्षर का साक्षी बना।
मैं देश के युवाओं से आग्रह करता हूँ कि @NCSIndia पोर्टल पर अवश्य जाएं, जहाँ 35 लाख से अधिक कंपनियाँ आपको अवसर देने के लिए तत्पर हैं।https://t.co/zn04INiR5y pic.twitter.com/0DHPONhiwyविज्ञापन विज्ञापन— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) November 7, 2024
25 लाख से अधिक नौकरियों का होगा सृजन: मांडविया
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि नेशनल करियर सर्विस पोर्टल नौकरी चाहने वालों और नौकरी देने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। 35 लाख से अधिक कंपनियां इससे जुड़ी हैं। विदेश में नौकरी देने वाली 500 एजेंसियां भी पोर्टल से जुड़ी हैं। इससे 10 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। हाल ही में अमेजन और टीएमआई जैसी कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। आने वाले दिनों में 11 से अधिक बड़ी कंपनियों ने एमओयू करने पर सहमति जताई है। इससे 25 लाख से अधिक नौकरियां सृजित होंगी। पोर्टल के जरिये एक ही खिड़की से नौकरी चाहने वालों को सारी जानकारी मिल जाएगी और प्रतिष्ठान को विज्ञापन देने के लिए अलग-अलग जगहों पर नहीं जाना पड़ेगा।
- एमओयू की अवधि दो साल तय की गई है। इसके तहत उजाला सिग्नस समूह और इसके लिए भर्ती करने वाली स्टाफिंग एजेंसियां नियमित रूप से एनसीएस पोर्टल पर नौकरी की रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराएंगी और युवाओं की भर्ती करेंगी। समझौते के तहत मॉडल करियर सेंटर (एमसीसी) में नौकरी मेले का आयोजन किया जाएगा। जहां पर नौकरी चाहने वाले युवाओं को सिग्नस की भर्ती टीमों से सीधे बातचीत करने का मौका मिलेगा।
- समझौते के तहत महिलाओं को रोजगार देने के अवसरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य विविध पृष्ठभूमि के लोगों को सशक्त बनाकर अधिक समावेशी स्वास्थ्य सेवा कार्यबल बनाना है।
- एनसीएस पोर्टल पर नौकरी तलाशने वाले युवाओं को देश के दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों में स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी नौकरियों के अधिक अवसर मिलेंगे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि हम एनसीएस पोर्टल को बेहतर बना रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का उपयोग करके इसे तकनीकी रूप से मजबूत कर रहे हैं। यह नौकरी चाहने वालों, नियोक्ताओं को अधिक आसान इंटरफेस प्रदान करेगा। 31 अक्तूबर 2024 तक 35 लाख से अधिक पंजीकृत नियोक्ताओं और 1.10 करोड़ से अधिक नौकरी चाहने वालों के साथ एनसीएस पोर्टल बेहतर कर्मी जुटाने में लगातार सहायता कर रहा है। अपनी शुरुआत के बाद से एनसीएस पोर्टल ने 3.46 करोड़ से अधिक रिक्तियां को भरे जाने की सूचना मिली है। इसमें अकेले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1.09 करोड़ रिक्तियां भरी गईं। इस वित्तीय वर्ष में एनसीएस पर बताई गईं कुल रिक्तियों की संख्या पहले ही एक करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।