एक अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र वालों को भी लगेगा कोरोना से बचाव का टीका
- पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला
- देश में 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र वाले सभी लोगों को कोरोना टीका लगाया जाएगा।
- इससे पहले, 45 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग ही टीका लगवाने के पात्र थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र वाले सभी लोगों को कोरोना टीका लगाया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में टीकाकरण का दायरा बढ़ाने का फैसला किया गया। इससे पहले, 45 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग ही टीका लगवाने के पात्र थे।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया, कोरोना मामलों पर बनी टास्क फोर्स और विशेषज्ञों की राय के बाद यह फैसला किया गया कि 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग टीका लगवाने के पात्र होंगे। हम सभी लोगों से अनुरोध करते हैं कि तत्काल पंजीकरण कराएं और टीका लगवाएं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, टीकाकरण अभियान में तेजी आ रही है और अब तक 4.85 करोड़ लोगों को टीका लग चुका है। इनमें से 80 लाख को टीके की दूसरी खुराक भी दी जा चुकी है। देश में टीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इसकी कोई कमी नहीं है। मुझे यकीन है कि हर कोई इस फैसले का स्वागत करेगा और टीका लगवाने आगे आएगा।
देश में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने से हुई थी। इसके बाद 2 फरवरी को अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारियों को और 1 मार्च से 60 साल से अधिक आयु वालों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 45 साल व उससे अधिक उम्र के लोगों को टीका लगना शुरू हुआ था।
राज्यों को आरटी-पीसीआर जांच बढ़ाने के निर्देश
- कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, गृहमंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को आरटी-पीसीआर टेस्ट बढ़ाने, टेस्ट, ट्रैक व ट्रीट के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने और प्राथमिकता वाले समूह के टीकाकरण में तेजी लाने को कहा है। मंत्रालय ने अप्रैल के लिए दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा, नए संक्रमण मरीजों का पता चलने पर उन्हें जल्द से जल्द आइसोलेट या क्वारंटीन किया जाए और समय पर उपचार दिया जाए। संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वालों भी जल्द पता लगाया जाए।
- संक्रमित मामलों और उनके संपर्क आए लोगों के आधार पर स्थानीय प्रशासन द्वारा कनटेंमेंट जोन बनाए। जिन राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में आरटी-पीसीआर टेस्ट कम हो रहे हैं, वहां इनमें तेजी लाई जाए और कुल टेस्ट का 70 फीसदी किया जाए। स्थिति के आधार पर स्थानीय प्रशासन जिला, उप जिला, शहर और वार्ड स्तर पर प्रतिबंध लगा सकता है।
मामले दोगुने होने की अवधि 202.3 दिन हुई
- देश में कोरोना वायरस के मामले दोगुना होने की अवधि घटकर 202.3 दिन हो गई है। 1 मार्च को यह अवधि 504.4 दिन थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया, बीते 24 घंटे में कोरोना के 40,715 केस सामने आए हैं, जिनमें से 80.90 फीसदी महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु से हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 24,645 यानी 60.53 फीसदी केस महाराष्ट्र से हैं। देश में सक्रिय मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो फरवरी में अपने सबसे निचले स्तर पर थी। देश में 3,45,377 सक्रिय केस हैं, इनमें से 75 फीसदी महाराष्ट्र, केरल और पंजाब के हैं।
पंजाब में 81 फीसदी सैंपल में मिला ब्रिटेन का स्ट्रेन
- चंडीगढ़। पंजाब में जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 401 सैंपल में से 81 फीसदी में ब्रटेन में मिला कोरोना स्ट्रेन मिला है। पंजाब की विशेषज्ञ समिति के प्रमुख डॉ. केके तलवार ने कहा, पिछले कुछ हफ्तों में राज्य में ब्रिटिश स्ट्रेन से संक्रमण के मामले बढ़े हैं। इस साल 1 जनवरी से 10 मार्च के बीच इकट्ठा किए गए 401 सैंपल को जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजा गया था। इनमें से 326 में वायरस के बी1.1.7 की मौजूदगी मिली है। जिन नमूनों में ब्रिटेन का स्ट्रेन मिला है, वे आबादी के विभिन्न तबकों से लिए गए थे। इसका मतलब है कि यह स्ट्रेन बड़ी तादाद मे फैला है।
उत्तरप्रदेश में बाहर से आने वाले सभी लोगों की होगी जांच
- लखनऊ। होली और पंचायत चुनावों के मद्देनजर यूपी सरकार ने दूसरे राज्यों से आने वाले सभी लोगों की कोरोना जांच करने का आदेश दिया है। यूपी के मुख्य सचिव आरके तिवारी ने मंगलवार को सभी जिला व डिविजन स्तर के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। इसमें कहा गया है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम या जुलूस की इजाजत नहीं दी जाएगी। होली पर प्रभावित राज्यों से आने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी।