फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Modi Government 9 Years: Answer to the opposition, guarantee for next 5 Years, give report card in 2024

PM मोदी का 9 साल का बहीखाता: विपक्ष को जवाब, अगले कार्यकाल की गारंटी, लालकिले से रिपोर्ट कार्ड देने का वादा भी

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Tue, 15 Aug 2023 12:19 PM IST
विज्ञापन
सार
पीएम ने लालकिले से लोगों का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने एक बात स्पष्ट कर दी कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से लड़ाई जारी रहेगी। हमें इन तीन बुराईयों से लड़ना है।
loader
Modi Government 9 Years: Answer to the opposition, guarantee for next 5 Years, give report card in 2024
लाल किले से पीएम मोदी का संबोधन - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लालकिले की प्राचीर से देश के सामने अपनी सरकार के नौ साल का बही खाता रखा। विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार को घेरने के लिए जिन मुद्दों को उठाया जाता है, उन पर पीएम मोदी ने खुल कर चर्चा की। '2024' से पहले ही मोदी ने अगले पांच साल की गारंटी भी दे दी। उन्होंने कहा, हम आज जो शिलान्यास कर रहे हैं, उनका उद्घाटन भी मेरे नसीब में है। बतौर मोदी, अगले स्वतंत्रता दिवस पर मैं आपके सामने अपनी सरकार की सफलता का रिपोर्ट कार्ड पेश करूंगा।  


मणिपुर की समस्या को हल करने का प्रयास … 
पीएम ने लालकिले से लोगों का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने एक बात स्पष्ट कर दी कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से लड़ाई जारी रहेगी। हमें इन तीन बुराईयों से लड़ना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण का कई बार जिक्र किया। उन्होंने 'तुष्टिकरण' को राष्ट्रीय चरित्र पर दाग बताया है। प्रधानमंत्री ने मणिपुर पर कहा, देश वहां के लोगों के साथ है। उन्होंने वहां पर शांति की अपील की। केंद्र और राज्य सरकार, मणिपुर की समस्या को हल करने के लिए गंभीरता से जुटी है। 


पीएम मोदी ने विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले तकरीबन सभी मुद्दों की बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कई बार आगामी 'पांच वर्ष' का जिक्र किया। उन्होंने कहा, आने वाले 'पांच साल' देश के लिए स्वर्णिम पल हैं। इतिहास का प्रभाव सदियों तक बना रहता है। हम जो भी कदम उठाएंगे, वे एक हजार साल तक अपनी दिशा निर्धारित करने वाले हैं। भारत का भाग्य निकलने वाला है। 

विपक्ष के तमाम मुद्दों पर बोले पीएम … 
मोदी ने देश के सामने जो नौ वर्ष का बही खाता रखा है, उसमें उन्होंने हर योजना पर बातचीत की। विपक्षी दल, जिन मुद्दों को उठाकर संसद व सड़क पर प्रदर्शन करते रहे हैं, उनके बारे में देश को बताया। पीएम ने अपने भाषण में किसानों और मजदूरों का जिक्र किया। बाली में हुए जी20 सम्मेलन के दौरान हर कोई भारत के कमाल के बारे में सवाल पूछ रहा था। उन्होंने बताया, अब मुंबई और चेन्नई तक विकास या तकनीक सीमित नहीं है। टियर 2 और टियर 3 के छोटे शहरों तक विकास और अवसर पहुंच रहे हैं। खेलों में छोटे कस्बों के बच्चे दुनिया में धाक जमा रहे हैं। इन्हीं छोटे शहरों से निकलकर वैज्ञानिक, हमारे सेटेलाइट तैयार कर रहे हैं। अवसरों की कमी नहीं है, जितना चाहेंगे, उतने ही मिलेंगे। मोदी, आसमान से ज्यादा अवसर आपको देगा। किसान भाई का परिश्रम है कि हमारा देश कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मजदूरों को कोटि कोटि नमन। विकास में श्रमिकों का बड़ा योगदान है। लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी ने रेहड़ी पटरी वालों के सम्मान की बात कही। 

पीएम ने रेहड़ी वालों का जिक्र किया … 
इसके बाद पीएम ने इंजीनियर, डॉक्टर व नर्सों को लेकर कहा, ये सभी लोग देश की विकास यात्रा में अपनी पूरी ताकत से लगे हुए हैं। हाल ही में कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी और एक रेहड़ी चालक का वीडियो जारी किया गया है। इसमें वह रेहड़ी चालक, राहुल गांधी के साथ लंच कर रहा है। ये वही रेहड़ी चालक है, जिसका बीते दिनों महंगाई को लेकर वीडियो वायरल हुआ था। पीएम ने अपने संबोधन में कहा, आगामी विश्वकर्मा दिवस पर 13 से 15 करोड़ रुपये तक की विश्वकर्मा योजना शुरु की जाएगी। इससे राज मिस्त्री, टेलर, बाल काटने वाले और दूसरे ऐसी कार्यों में लगे हुए लोगों एक नई ताकत मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा, पांच साल के कार्यकाल में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। इससे बड़ा कोई संतोष नहीं है। रेहड़ी पटरी वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है। मछुआरों के कल्याण पर सरकार ध्यान दे रही है।
 
यूपीए और एनडीए, दोनों सरकारों की तुलना की … 
पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा, जल शक्ति मंत्रालय, आयुष मंत्रालय और सहकारी मंत्रालय बनाए गए हैं। उन्होंने यूपीए और एनडीए, दोनों सरकारों की तुलना करते हुए कहा, 2014 में वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत दसवें नंबर पर था। अब हम पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भ्रष्टाचार का राक्षस देश को दबोचे हुए थे। लाखों करोड़ रुपये के घोटाले हो रहे थे। मोदी सरकार ने उन लीकेज को बंद किया, जहां से वे घोटाले शुरु होते थे। बतौर पीएम, मैं दस साल का हिसाब किताब देशवासियों को दे रहा हूं। पहले गरीबों के घरों के लिए 90 लाख करोड़ रुपये मंजूर होते थे, अब वह बजट चार गुणा बढ़ गया है। विपक्षी दल, किसानों को लेकर आए दिन मोदी सरकार को घेरते रहते हैं। इस पर पीएम ने कहा, किसानों के लिए 10 लाख करोड़ रुपये की सब्सिडी की व्यवस्था की गई है। किसानों को यूरिया और दूसरे उत्पाद सस्ती दरों पर मुहैया कराए जा रहे हैं। बेरोजगारी पर उन्होंने कहा, मुद्रा योजना से लाभ उठाकर 8 करोड़ लोगों ने नया कारोबार शुरु किया। सेना के पूर्व जवानों और अधिकारियों के लिए वन रैंक वन पैंशन पर सरकार ने 70 हजार करोड़ रुपया खर्च किया है। 

तीस साल के अनुभव के बाद मजबूत सरकार …
पीएम ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा, 2014 में तीस साल के अनुभव के बाद लोगों ने देश को एक मजबूत सरकार दी थी। वो अस्थिरता का काल था। देश, उस वक्त राजनीतिक मजबूरी से देश जकड़ा हुआ था। आज देश में दस हजार जन औषधी केंद्र हैं। सस्ती दवा खरीदने से लोगों का 20 हजार करोड़ रुपया बचा है। अब देश में 25 हजार जनऔषधी केंद्र होंगे। 2014 से पहले इंटरनेट का डेटा महंगा था। अब वह दुनिया का सबसे सस्ता डेटा है। पीएम मोदी ने 2024 को लेकर स्पष्ट तौर से यह इशारा किया कि आने वाली सरकार भी उन्हीं की होगी। उन्होंने आने वाले पांच साल की गारंटी दे दी। लोगों से कहा, अगले पांच साल में भारत, दुनिया की प्रथम तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। महंगाई रोकने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। वंदे भारत ट्रेन, जैविक खेती, सेमी कंडक्टर और क्वांटम तकनीक आदि पर तेजी से काम चल रहा है। खिलाड़ियों को स्पेशल ट्रेनिंग मिल रही है। सीमाएं पहले से सुरक्षित हुई हैं। मोदी ने अग्निवीर योजना का नाम नहीं लिया, लेकिन उसे लेकर सरकार की नीति स्प्ष्ट कर दी। वे बोले, सीमाओं की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर हमारा देश सक्षम है।

एकता तोड़ने का प्रयास बर्दास्त नहीं …
सेना युवा बनें, उसका आधुनिकीकरण हो, युद्ध योग्य बने, इस पर काम हो रहा है। अब बम धमाके बंद हो गए हैं। सीरियल बम धमाके नहीं हो रहे। अब वे बातें, बीती हुए कल की बात हो गई हैं। आतंक और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पीएम ने अप्रत्यक्ष तौर पर उन लोगों चेतावनी भी दी है, जो देश की तोड़ने की बात करते हैं। देश की एकता को तोड़ने का प्रयास बर्दास्त नहीं होगा। महिलाओं के लिए पीएम मोदी ने कहा, दो करोड़ लखपति महिला का लक्ष्य रखा गया है। यह योजना स्वयं सहायता समूहों के लिए रहेगी। 2014 से पहले कई इलाके अंसतुलित विकास का शिकार थे। अब संतुलिक विकास पर काम हो रहा है। क्षेत्रिय अंसतुलन खत्म किया गया है। मोदी ने सीमावर्ती इलाकों में शुरु किए गए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, हमारी नीति स्पष्ट है और नीयत पर सवाल नहीं है। लालकिले से आशीर्वाद मांगते हुए पीएम ने कहा, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से लड़ाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed