MI-17V5 Helicopter: पिछले पांच साल में छह बार हादसों का शिकार हो चुका है यह हेलिकॉप्टर, जानिए सभी घटनाओं के बारे में
सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी को लेकर जा रहा भारतीय वायु सेना का एमआई-17वी5 हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। इससे पहले भी यह हेलिकॉप्टर कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। इस रिपोर्ट में जानिए पिछले पांच वर्षों में देश में कहां-कहां दुर्घटना का शिकार हुआ ये हेलिकॉप्टर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तमिलनाडु के नीलगिरि में बुधवार को भारतीय वायु सेना का एमआई-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हेलिकॉप्टर में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधूलिका रावत समेत कुल 14 लोग सवार थे। इस हादसे में अभी तक सात लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है। यह हादसा नीलगिरि और कोयंबटूर के बीच में हुआ।
एमआई-17 (MI-17V5) हेलिकॉप्टर को भारतीय वायु सेना के सबसे सुरक्षित हेलिकॉप्टरों में एक माना जाता है। भारत ने रूस से 80 एमआई-17 हेलिकॉप्टरों की खरीद की थी। 2011 में इन हेलिकॉप्टरों की आपूर्ति प्रारंभ हुई थी और साल 2018 में पूरी हो गई थी। हालांकि, पिछले पांच वर्षों की बात करें तो इस हादसे को मिलाकर छह बार ये दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।
अरुणाचल प्रदेश, 18 नवंबर 2021
बीती 18 नवंबर को वायु सेना का यह हेलिकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश में लैंडिंग करने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हालांकि, पांचों क्रू सदस्य सुरक्षित बच गए थे और उन्हें हल्की चोटें ही आई थीं। यह घटना उस समय हुई थी जब हेलीकॉप्टर एयर मेंटेनेंस चार्ज कर रहा था। हादसे के कारणों की जांच के लिए एक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश जारी किया गया था।
केदारनाथ धाम, 23 सितंबर 2019
2018 में भी केदारनाथ धाम में हादसे का शिकार हो चुका एमआई-17 हेलिकॉप्टर 2019 में भी यहां दुर्घटनाग्रस्त हुआ। 23 सितंबर 2019 की सुबह टेकऑफ करते वक्त हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोग सुरक्षित बच गए थे। यह हेलिकॉप्टर केदारनाथ से गुप्तकाशी जाने के लिए उड़ान भरने जा रहा था।
जम्मू-कश्मीर, 27 फरवरी 2019
27 फरवरी 2019 की सुबह करीब 10 बजे जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में वायु सेना का एमआई-17 क्रैश हो गया था। इस दुर्घटना में वायुसेना के छह अधिकारियों सहित एक आम नागरिक की मौत हो गई थी। जांच में पता चला था कि यह हेलिकॉप्टर लापरवाही के चलते अपनी ही मिसाइल का शइकार हुआ था। मामले में कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी।
केदारनाथ धाम, 03 अप्रैल 2018
तीन अप्रैल 2018 को उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में वायु सेना का एक एम-आई-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। गुप्तकाशी से पुनर्निर्माण सामग्री लेकर आ रहा यह हेलिकॉप्टर हेलिपैड से करीब 60 मीटर पहले ही हादसे का शिकार हो गया था। इस हेलिकॉप्टर में छह लोग सवार थे जिनमें से एक को हल्की चोट आई थी और बाकी पूरी तरह सुरक्षित थे।
अरुणाचल प्रदेश: 06 मई 2017
छह मई 2017 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग के पास वायु सेना के एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के दौरान हादसे का शिकार हो गया था। इस दुर्घटना में पांच जवान शहीद हुए थे और दो अन्य लोगों की जान भी गई थी। वायु सेना के अनुसार इस हेलिकॉप्टर ने सुबह छह बजे उड़ान भरी थी और इसके कुछ ही देर बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।