Meghalaya: 'मेघालय में इस बार भाजपा सरकार बनेगी और सीएम भी हमारा होगा', हिमंता बिस्वा सरमा का टीएमसी पर तंज
सरमा ने कहा कि पिछली बार गठबंधन करना समय की जरूरत था। हमने वहीं किया जो हमें करना चाहिए था लेकिन अब हम अपनी खुद की सरकार बनाना चाहते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि इस बार मेघालय में भाजपा की सरकार बनेगी। सरमा ने कहा कि हालात बदल चुके हैं और इस बार भाजपा मेघालय में सरकार बनाएगी। बता दें कि नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस के संयोजक हिमंता बिस्वा सरमा ने शिलॉन्ग में एक जनसभा के दौरान कहा कि पिछली बार भाजपा दो सीटों पर जीती थी लेकिन इस बार हम सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार हमारी सरकार बनेगी। इस बार मुख्यमंत्री भी भाजपा का होगा। पहले हमें नेशनल पीपल्स पार्टी के रूप में सहयोगी की जरूरत थी लेकिन अब हालात बदल गए हैं और भाजपा अपने पैरों पर खड़ी हो चुकी है।
सरमा ने कहा कि पिछली बार गठबंधन करना समय की जरूरत था। हमने वहीं किया जो हमें करना चाहिए था लेकिन अब हम अपनी खुद की सरकार बनाना चाहते हैं। मेघालय में भाजपा को ईसाई विरोधी पार्टी बताए जाने पर हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी और पोप के बीच के तालमेल को देखा है। ऐसे में ईसाई विरोधी होने का सवाल ही कहां उठता है?
असम के मुख्यमंत्री ने मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मेघालय सरकार को केंद्र सरकार ने मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों खोलने के लिए खूब पैसा दिया लेकिन कुछ नहीं किया गया। मेघालय का युवा आज बेरोजगार है, जो पैसा आया वह सारा कहां गया? सरमा ने टीएमसी पर भी निशाना साधा और कहा कि टीएमसी अभी तक पश्चिम बंगाल को ही विकसित नहीं कर पाई है, ऐसे में वह मेघालय को विकसित कैसे कर सकती है?
बता दें कि मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे और दो मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।