{"_id":"638f57e070a6be5c68471e5e","slug":"mcd-election-result-these-are-the-ten-richest-candidates-contesting-the-elections-who-will-win","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"MCD Chunav Result: 10 सबसे अमीर उम्मीदवारों में से छह हारे, दूसरी सबसे रईस महिला प्रत्याशी मंजू सेटिया जीतीं","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
MCD Chunav Result: 10 सबसे अमीर उम्मीदवारों में से छह हारे, दूसरी सबसे रईस महिला प्रत्याशी मंजू सेटिया जीतीं
Wed, 07 Dec 2022 06:05 PM IST
शिवेंद्र तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली
Published by: शिवेंद्र तिवारी
Updated Wed, 07 Dec 2022 06:05 PM IST
सार
जहां इस नगर निगम चुनाव के 10 सबसे अमीर उम्मीदवार मैदान में थे, उन दस में से छह उम्मीदवार अपना चुनाव हार गए हैं जबकि चार को जीत मिली है। सबसे अमीर महिला उम्मीदवार नंदिनी शर्मा अपना चुनाव हार गई हैं।
विज्ञापन
एमसीडी के पांच सबसे अमीर प्रत्याशी
- फोटो : एमसीडी के पांच सबसे अमीर प्रत्याशी
विस्तार
दिल्ली नगर निगम चुनाव की के नतीजे आज घोषित हो गए। जादुई आंकड़ों को पार करते हुए अब 134 वार्डों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चुनाव जीते। भाजपा के 104, कांग्रेस के नौ और तीन निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई है। इस प्रकार से दिल्ली नगर निगम में भाजपा का 15 साल का राज खत्म हो गया और यहां भी आप ने कब्जा कर लिया।
विज्ञापन
नतीजे कुछ भी रहे हों, लेकिन कई वार्ड ऐसे रहे, जिनके नतीजों पर सबकी नजर थी। चाहे वह केजरीवाल सरकार के मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र के वार्ड हों या फिर भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्र के वार्ड। इसके अलावा उन वार्डों के नतीजे भी अहम थे, जहां इस नगर निगम चुनाव के 10 सबसे अमीर उम्मीदवार मैदान में थे। इन दस में से छह उम्मीदवार अपना चुनाव हार गए, जबकि चार को जीत मिली। इनमें से सबसे अमीर महिला उम्मीदवार नंदिनी शर्मा अपना चुनाव हार गईं। वहीं, दूसरी सबसे अमीर महिला उम्मीदवार मंजू सेटिया ने अपनी सीट जीत ली। आइए जानते हैं कि 10 सबसे ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवारों के वार्डों के बारे में क्या रहे नतीजे…?
विज्ञापन
| नाम | वार्ड | संपत्ति | जीते/हारे |
| राम देव शर्मा | 79-बल्लीमारान | 66.9 करोड़ | हारे |
| नंदिनी शर्मा | 149-मालवीयनगर | 49.8 करोड़ | हारीं |
| जितेंदर बंसाला | 248-करवई नगर-वेस्ट | 48 करोड़ | हारे |
| राजपाल सिंह | 174-श्री निवास पुरी | 47 करोड़ | जीते |
| राज कुमार खुराना | 91-रमेश नगर सीट | 43 करोड़ | हारे |
| मंजू सेटिया | 98-सुभाष नगर | 42 करोड़ | जीतीं |
| राजीव कुमार | 125-छवाला सीट | 38 करोड़ | हारे |
| विनीत वोहरा | 59- पश्चिम विहार सीट | 37 करोड़ | जीते |
| कुलदीप मित्तल | 53-रोहिणी-ई | 34 करोड़ | हारे |
| रेणु चौधरी | 197-पटपड़ गंज | 30 करोड़ | जीतीं |
Trending Videos
1. राम देव शर्मा: दिल्ली नगर निगम चुनाव के सबसे अमीर प्रत्याशी राम देव शर्मा हैं। शर्मा भाजपा की ओर से दिल्ली सेंट्रल की 79-बल्लीमारान सीट से मैदान में थे, वो अपना चुनाव हार गए। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 66 करोड़ 90 लाख से ज्यादा बताई है। इसमें 11 करोड़ से ज्यादा चल और 55 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। 2020-21 में इनके द्वारा 55 लाख से ज्यादा का आयकर रिटर्न दाखिल किया गया था। शर्मा के पास 26 रिहायशी घर हैं। चार कॉमर्शियल बिल्डिंग भी इनके नाम है। एमसीडी के सबसे अमीर उम्मीदवार महज आठवीं पास है। उनके नाम पर कोई गाड़ी नहीं है।
विज्ञापन
2. नंदिनी शर्मा: दिल्ली नगर निगम चुनाव के दूसरी सबसे धनी उम्मीदवार नंदिनी शर्मा हैं। नंदिनी भाजपा की ओर से दिल्ली दक्षिण की 149-मालवीयनगर सीट से मैदान में थीं, वो अपना चुनाव हार गईं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 49 करोड़ 84 लाख से ज्यादा बताई है। इसमें नौ करोड़ से ज्यादा चल और 40 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। नंदिनी होम्योपैथिक डॉक्टर हैं। उन्होंने पीएचडी कर रखी है।
3. जितेंदर बंसाला: दिल्ली नगर निगम चुनाव के तीसरे सबसे धनी प्रत्याशी जितेंदर बंसाला हैं। बंसाला आम आदमी पार्टी की टिकट पर दिल्ली नार्थ-ईस्ट की 248-करवई नगर-वेस्ट सीट से मैदान में थे, इस चुनाव में उन्हें हार मिली। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 48 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें एक करोड़ से ज्यादा चल और 46 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। जितेंदर बंसाला स्कूल में प्रिंसिपल हैं। उनकी पत्नी भी स्कूल टीचर हैं। जितेंदर ने सीसीएस यूनिवर्सिटी मेरठ से एमए किया है।
4. राजपाल सिंह: दिल्ली नगर निगम चुनाव के चौथे सबसे धनी उम्मीदवार राजपाल सिंह हैं। राजपाल भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर दिल्ली साऊथ-ईस्ट की 174-श्री निवास पुरी सीट से मैदान में थे। इस चुनाव में राजपाल ने जीत हासिल की है। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 47 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें दो करोड़ से ज्यादा चल और 45 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। राजपाल और उनकी पत्नी के नाम पर कुल 16 रिहायशी मकान हैं। राजपाल बीए पास हैं।
5. राज कुमार खुराना: दिल्ली नगर निगम चुनाव के पांचवें सबसे धनी प्रत्याशी राज कुमार खुराना हैं। खुराना निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर दिल्ली वेस्ट की 91-रमेश नगर सीट से मैदान में थे लेकिन चुनाव में उन्हें हार मिली। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 43 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें सात करोड़ से ज्यादा चल और 35 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है। 54 साल के राज कुमार ने 2019 में एमबीए किया है।
6. मंजू सेटिया: दिल्ली नगर निगम चुनाव की छठी सबसे धनी उम्मीदवार मंजू सेटिया हैं। सेटिया आम आदमी पार्टी की टिकट पर दिल्ली वेस्ट की 98-सुभाष नगर सीट से मैदान में थीं। मंजू ने इस चुनाव में जीत हासिल की है। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 42 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें सात करोड़ से ज्यादा चल और 35 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।
7. राजीव कुमार: दिल्ली नगर निगम चुनाव के सातवें सबसे धनी प्रत्याशी राजीव कुमार हैं। कुमार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दिल्ली साउथ-वेस्ट की 125-छवाला सीट से चुनाव लड़े लेकिन इन्हें जीत नहीं मिली। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 38 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें पांच लाख से ज्यादा चल और 37 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।
8. विनीत वोहरा: दिल्ली नगर निगम चुनाव के आठवें सबसे धनी प्रत्याशी विनीत वोहरा हैं। वोहरा भाजपा की टिकट पर दिल्ली नार्थ की 59- पश्चिम विहार सीट से चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 37 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें चार करोड़ से ज्यादा चल और 33 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।
9. कुलदीप मित्तल: दिल्ली नगर निगम चुनाव के नौवें सबसे धनी प्रत्याशी कुलदीप मित्तल हैं। मित्तल आम आदमी पार्टी की टिकट पर दिल्ली नार्थ की 53-रोहिणी-ई से मैदान में उतरे लेकिन चुनाव में उन्हें हार मिली। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 34 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें 14 करोड़ से ज्यादा चल और 19 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।
10. रेणु चौधरी: दिल्ली नगर निगम चुनाव के दसवें सबसे धनी प्रत्याशी रेणु चौधरी हैं। बंसाला भाजपा की टिकट पर दिल्ली ईस्ट की 197-पटपड़ गंज सीट से मैदान में थीं, उन्होंने इस चुनाव में विजय हासिल की है। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 30 करोड़ से ज्यादा बताई है। इसमें 78 लाख से ज्यादा चल और 30 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।