MCD Election: सबसे गरीब पांचों उम्मीदवार हारे अपना चुनाव, लड़ाई में भी नहीं आ सके ये उम्मीदवार
एमसीडी चुनाव 2022 में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 2.27 करोड़ रुपये है। वहीं, कुछ उम्मीदवारों की संपत्ति हजारों में है। दो प्रत्याशी ऐसे भी हैं जिन्होंने शून्य संपत्ति घोषित की है।
विस्तार
इस बार मैदान में कुल 1,349 उम्मीदवार थे। एडीआर के मुताबिक चुनाव लड़े रहे उम्मीदवारों में 556 प्रत्याशी करोड़पति हैं।
एमसीडी चुनाव 2022 में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 2.27 करोड़ रुपये है। वहीं, कुछ उम्मीदवारों की संपत्ति हजारों में है। दो प्रत्याशी ऐसे भी हैं जिन्होंने शून्य संपत्ति घोषित की है। वहीं, तीन कम संपत्ति वाले भी उम्मीदवार हैं जिनकी सम्पत्ति महज दो हजार से चार हजार के बीच है। आइए जानते हैं कि इस चुनाव में लड़ रहे पांच सबसे गरीब प्रत्याशियों का प्रदर्शन कैसा रहा? किसके पास कितनी संपत्ति है?
| नाम | वार्ड | संपत्ति | आगे/पीछे |
| रीता | 123- काकरोला | शून्य | हारीं |
| बीना देवी | 130-द्वारका-सी | शून्य | हारीं |
| कुसुम यादव | 132-कापसहेड़ा | दो हजार रुपए | हारीं |
| पंकज राणा | 70-शास्त्री नगर | 2,517 रुपए | हारे |
| सुनीता | 153-वसंत विहार | 3,570 | हारीं |
इन दो उम्मीदवारों के पास एक भी रुपये की संपत्ति नहीं
1. रीता: साउथ-वेस्ट जिले के वार्ड-123 काकरोला से उम्मीदवार रीता ने चुनावी हलफनामे में अपनी सम्पत्ति शून्य रुपए की बताई है। रीता बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में लड़ीं लेकिन चुनाव में शिकस्त मिली।
2. बीना देवी: साउथ-वेस्ट जिले के130-द्वारका-सी वार्ड उम्मीदवार बीना देवी के पास भी कोई संपत्ति नहीं है। बीना भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थीं, वो अपना चुनाव हार गईं।
1. कुसुम यादव: कुसुम यादव दिल्ली नगर निगम की सबसे कम संपत्ति वाली उम्मीदवार हैं। कुसुम दिल्ली के साउथ-वेस्ट जिले के 132-कापसहेड़ा वार्ड से बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ीं लेकिन वो हार गईं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी सम्पत्ति महज दो हजार रुपए की बताई है।
2. पंकज राणा: दिल्ली नगर निगम के दूसरे सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार पंकज राणा हैं। राणा दिल्ली सेंट्रल जिले के 70-शास्त्री नगर वार्ड से कांग्रेस की टिकट पर मैदान में थे, वो अपना चुनाव हार गए। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी सम्पत्ति महज 2,517 रुपए की बताई है। उनके ऊपर तीन लाख सात हजार का लोन भी है।
3. सुनीता: इस चुनाव की तीसरी सबसे कम संपत्ति वाली उम्मीदवार सुनीता हैं। सुनीता नई दिल्ली जिले के 153-वसंत विहार वार्ड से चुनावी बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर मैदान में थीं, वो अपना चुनाव हार गईं। चुनावी हलफनामे में सुनीता ने अपनी सम्पत्ति केवल 3,570 रुपए की बताई है। उनके पास 2,000 रुपए नकद हैं, जबकि 1,570 रुपए बैंक में जमा हैं। हलफनामे के अनुसार सुनीता पेशे से नर्स हैं। उन्होंने 2012 में यूपी बोर्ड से दसवीं पास की थी।