मार्च ने याद दिलाई जून की गर्मी, इस राज्य में पारा 44 के पार
- मध्यप्रदेश में दर्ज किया गया देश का सबसे गर्म दिन
- महाराष्ट में 127 सालों में दूसरी बार दिन में इतनी भीषण गर्मी
- राजस्थान में आधे प्रदेश में लू अलर्ट जारी
- दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा आठ साल पुराना रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कहने को ये मार्च का महीना है पर गर्मी अभी से जून की याद दिला रही है। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। सूर्य मार्च में जून की तरह गर्म हो चला है। लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग परेशान हैं। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों से छाता लेकर निकलने लगे हैं।
देश में सबसे ज्यादा तापमान मध्यप्रदेश के खरगोन में 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। पुणे में मार्च के महीने में 127 साल में दूसरी बार पारा इतना ऊपर गया है। वहीं दिल्ली में गर्मी ने आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में शनिवार को आठ वर्षों में सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। राजस्थान में मौसम विभाग ने आधे प्रेदश में लू का अलर्ट जारी कर दिया है। ये है देशभर में गर्मी का हाल।
गर्मी ने देश की राजधानी में तोड़ा आठ साल का रिकॉर्ड
दिल्ली में गर्मी ने तेवर कड़े करते हुए बीते आठ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार को आठ वर्षों में सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। सूरज की तपिश के कारण अधिकतम तापमान 39.2 दर्ज हुआ। यह सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। इससे पहले वर्ष 2010 में 22 मार्च को पारा 39.2 दर्ज किया गया था। जबकि गर्मी का ऑलटाइम रिकॉर्ड वर्ष 1945 में 31 मार्च को 40.6 डिग्री सेल्सियस का रहा है।
महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 127 साल में दूसरी बार पारा इतना ऊपर
महाराष्ट्र में देश के दूसरे इलाकों की तरह ही तेज गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के शहर पुणे में शनिवार को भीषण गर्मी रही। पुणे में मार्च के महीने में 127 साल में दूसरी बार पारा इतना ऊपर गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यहां शनिवार को तापमान 40.8 डिग्री रहा। पुणे में इससे पहले 28 मार्च 1892 में 42.8 डिग्री तापमान रहा था। शहर में शुक्रवार और शनिवार को पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा है। शहर में अगले चार दिन तक पारा 40 डिग्री बने रहने की संभावना है।
मध्यप्रदेश में दर्ज हुआ देश का सबसे गर्म दिन
देश में सबसे ज्यादा गर्म दिन मध्यप्रदेश में दर्ज किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की आशंका व्यक्त की गई है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। जबकि, खरगोन जिले में सबसे अधिक 44.5 डिग्री पारा रहा। भीषण गर्मी के चलते विश्व प्रसिद्ध भोपाल तालाब भी सूखने लगा है। मध्यप्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान मंडला में 15 डिग्री रहा।
राजस्थान में लू अलर्ट जारी
राजस्थान में गर्मी ने अभी से रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। गर्मी का असर प्रदेश की राजधानी जयपुर में भी देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिन में प्रदेश में पारा 40 डिग्री पर रुका हुआ है। राजस्थान में मौसम विभाग ने आधे प्रेदश में लू का अलर्ट जारी कर दिया है। जहां होली से पहले प्रदेश में हल्की ठंड थी वहीं अब भीषण गर्मी से शरीर झुलस रहा है।
उत्तर प्रदेश में दो दिनों में पारा चार डिग्री बढ़ा
उत्तर प्रदेश भी इस समय तेज गर्मी से झुलस रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो दिनों में दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में गर्मी से किसी भी तरह की निजात मिलने से इनकार किया है। उनके मुताबिक अभी कुछ दिन धूप के तेवर और कड़े होंगे जबकि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर शनिवार को अधिकतम 38.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।