ममता का सवाल: क्या पीएम मोदी भगवान या ‘महामानव’ हैं जो नतीजों की भविष्यवाणी कर रहे?
- मंगलवार को बंगाल में तीसरे चरण का मतदान
- ममता ने रविवार को कई रैलियों में दिखाए तेवर
- भाजपा नेताओं व पार्टी पर जमकर किए प्रहार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। टीएमसी प्रमुख ने पीएम मोदी द्वारा चुनाव में जीत के दावों पर हैरानी जताई। इसके साथ ही सवाल किया, 'क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘भगवान या महामानव’ हैं जो विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा कर रहे हैं, जबकि अभी बंगाल में छह चरण के चुनाव होने बाकी हैं।'
भाजपा पर लगाया रुपये देने का आरोप
हुगली जिले के खानाकुल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी अध्यक्ष ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और इसके संस्थापक अब्बास सिद्दीकी का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा ऐसे ‘व्यक्ति’ को अल्पसख्ंयक मतों में सेंध लगाने के लिए रुपये दे रही है।
यह कहा था पीएम मोदी ने
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक चुनावी सभा में कहा था कि वह पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और उससे यथाशीघ्र प्रधानमंत्री किसान निधि योजना लागू करने के लिए कहेंगे। इस बयान का संदर्भ देते हुए बनर्जी ने कहा, 'आप (मोदी) अपने आप को क्या समझते हैं, क्या आप भगवान या महामानव हैं?' ममता बनर्जी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने राज्य के अधिकारियों से राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार रहने को कहकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
'हम आपको शपथ में नहीं बुलाएंगे'
हुगली, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना जिलों में एक के बाद एक रैलियों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने, 'हम आपको (मोदी) शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित नहीं करेंगे।' बता दें कि इन जिलों की सीटों पर छह अप्रैल को मतदान होगा। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मोदी की बांग्लादेश के पहले प्रधानमंत्री शेख मुजीबुर रहमान की शताब्दी के मौके पर की गई पड़ोसी देश की यात्रा से वहां दंगे भड़के।
सिद्दीकी को लेकर यह कहा-
बनर्जी ने परोक्ष रूप से सिद्दीकी का संदर्भ देते हुए कहा, 'एक नया व्यक्ति आया है जो राज्य में अल्पसंख्यक मतों को बांटने का प्रयास कर रहा है और उसे भाजपा से इसके लिए रुपये मिल रहे हैं।' बता दें कि सिद्दीकी के नेतृत्व वाले आईएसएफ का माकपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन है। बनर्जी ने जोर देकर कहा कि वह सांप्रदायिक बयान दे रहे हैं लेकिन उसका असर नहीं होगा।
अमित शाह पर साधा निशाना
गृहमंत्री अमित शाह पर आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग राज्य के पुलिस अधिकारियों का तबादला शीर्ष भाजपा नेता की ओर से कर रहा है। मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी भाजपा नेताओं के बंगाल चुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रचार किए जाने पर हमला करते हुए बनर्जी ने उन्हें 'दुर्योधन, दुशासन और रावण' करार दिया।
अंग्रेज भी बंगाल को बांट न सके
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि एक बात याद रखनी चाहिए कि अंग्रेज भी बांटों और राज करो की नीति से बंगाल को बांट नहीं पाए। भाजपा अपनी विभाजनकारी राजनीति में सफल नहीं होगी। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कुछ खास पुलिस कर्मियों को यह सुनिश्चित करने के लिए लाया गया कि चुनाव नतीजे भाजपा के पक्ष में जाएं। मतदान जनता द्वारा किया जाता है न कि सुरक्षा कर्मियों द्वारा।
900 रुपये में खरीदना पड़ रहा सिलिंडर
केंद्र की भाजपा सरकार पर गत छह साल से कोई काम नहीं करने और जनविरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हम चावल मुफ्त में दे रहे हैं लेकिन खाना बनाने के लिए व्यक्ति को 900 रुपये का एलपीजी सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।