फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Of 28 May: Politics, Crime, Mumbai, Thane, Pune, News in Hindi

Maharashtra Updates: महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों के डंप का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

Thu, 28 May 2026 10:22 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Pavan Updated Thu, 28 May 2026 10:22 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Of 28 May: Politics, Crime, Mumbai, Thane, Pune, News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

एनसीपी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटिल ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैट (VAT) और अधिभार को तुरंत हटाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर आम जनता को राहत देने की अपील की।

विज्ञापन

जयंत पाटिल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर भारत और महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे खाद्य तेल, सब्जियों और जरूरी सामानों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। पाटिल के मुताबिक मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पाटिल ने मुख्यमंत्री से संकट की इस घड़ी में नेतृत्व दिखाने और राज्यभर में ईंधन पर लगने वाले वैट व अधिभार को खत्म कर जनता को राहत देने की मांग की।

विज्ञापन

वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि राज्य में ईंधन की मांग में अचानक तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल की आपूर्ति में 23 प्रतिशत और डीजल की आपूर्ति में 52 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सरकार को ईंधन की जमाखोरी और व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए डायवर्जन की आशंका भी है, जिसकी निगरानी की जा रही है। फडणवीस ने कहा कि अकोला में ईंधन खपत में 154 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर, बीड, भंडारा, बुलढाणा, गोंदिया और हिंगोली समेत कई जिलों में 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन


महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों के डंप का भंडाफोड़
गडचिरोली में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के बड़े जखीरे का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई से सुरक्षा एजेंसियों को नक्सली नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार करने में सफलता मिली है।

यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन अंतिम प्रहार के तहत 27 मई को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह जानकारी हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली थी, जिसके बाद C-60 कमांडो यूनिट, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और बम निरोधक दस्ता (BDDS) की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है। इसमें करीब 25 किलोग्राम आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस), दो क्लेमोर माइंस, 110 डेटोनेटर, कोरटेक्स वायर, 500 से अधिक बीजीएल सेल्स, सात बीजीएल लॉन्चर और तीन ट्यूब लॉन्चर शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सामग्री सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और बड़े हमलों की योजना के लिए जंगल में छिपाई गई थी।

बीड़ में सड़क हादसा, एक की मौत, पांच घायल
बीड़ जिले से एक सड़क दुर्घटना की भी खबर सामने आई है। कर्जन-विशाखापट्टनम राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम वडाचीवाड़ी के पास एक मोटरसाइकिल और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे जबकि मोटरसाइकिल पर दो लोग मौजूद थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार कई बार पलटी और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस तरह सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाई और सड़क हादसे ने क्षेत्र में अलग-अलग तरह की गंभीर स्थितियों को उजागर किया है।

दिल्ली में पीएम मोदी से मिले देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों नेताओं की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। मुलाकात के बाद फडणवीस ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ महाराष्ट्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। फडणवीस ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री से मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है और इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों और सहकारी चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इससे पहले फडणवीस ने नई दिल्ली में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

पुणे का सरसबाग गार्डन दो दिन रहेगा बंद
पुणे नगर निगम (पीएमसी) ने घोषणा की है कि शहर का प्रसिद्ध सरसबाग गार्डन 28 और 29 मई को बंद रहेगा। पुलिस द्वारा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 के तहत जारी निषेधाज्ञा के बाद यह फैसला लिया गया है। स्कूलों की छुट्टियों के कारण इन दिनों गार्डन में काफी भीड़ उमड़ रही थी। सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने दो दिनों तक गार्डन बंद रखने का निर्णय लिया है।

सरसबाग पुणे के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और यहां स्थित पुराने गणपति मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिछले साल भी बकरीद से जुड़े जमावड़े को लेकर विवाद के बाद एक दिन के लिए गार्डन बंद किया गया था। भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने उस समय मंदिर की पवित्रता को लेकर आपत्ति जताई थी। कार्यवाहक मुख्य उद्यान अधीक्षक संतोषकुमार कांबले ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
 

NEET पेपर लीक केस में पुणे की कोचिंग अकादमी का बयान
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए फिजिक्स शिक्षक तेजस शाह को लेकर पुणे की डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (APMA) ने सफाई दी है। अकादमी के निदेशक प्रोफेसर सचिन हल्दवणेकर ने कहा कि तेजस शाह ने आरोपी मनीषा हवालदार से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क किया था और संस्थान का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।

सीबीआई के अनुसार, तेजस शाह ने कथित तौर पर लीक हुए फिजिक्स प्रश्न मनीषा हवालदार से प्राप्त किए थे। जांच एजेंसी ने मंगलवार को शाह को गिरफ्तार किया। अकादमी का कहना है कि शाह ने फिजिक्स के कुछ विषयों और नीट सिलेबस से जुड़ी जानकारी के लिए हवालदार से सलाह ली थी।

हल्दवणेकर ने कहा कि 20 हजार रुपये “कंसल्टेंसी फीस” के तौर पर दिए गए थे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इतने कम पैसों में प्रश्नपत्र कैसे बेचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने कुछ चैट्स के आधार पर गिरफ्तारी की होगी। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनटीए ने 3 मई को हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक आरोपों के बाद रद्द कर दिया था और अब दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी।

मुंबई में हत्या कर गुजरात भागा आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के पवई इलाके में 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दीपु नाथूप्रसाद वर्मा (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने पुराने विवाद के चलते यूसुफ नामक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-10 ने की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सूरत के पुष्पक नगर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या रविवार को हुई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। लगातार तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी विश्लेषण से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। फिलहाल आरोपी को मुंबई लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है। पवई पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

मां से फोन पर बात करने पर दोस्त पर जानलेवा हमला
मुंबई में 17 वर्षीय किशोर ने अपनी मां से फोन पर बातचीत करने को लेकर अपने दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर सुधार गृह भेज दिया है। घटना रविवार की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल युवक रोहित झांके (24) और आरोपी पिछले पांच साल से दोस्त थे। दोनों एक-दूसरे के घर आते-जाते थे। इसी दौरान रोहित की आरोपी की मां से भी फोन पर बातचीत होने लगी। जब आरोपी को इसकी जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

रविवार को जब रोहित नाहुर रेलवे स्टेशन जा रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और दरांती से हमला कर दिया। हमले में रोहित के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कांजुरमार्ग पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नए नौसेना प्रमुख, महाराष्ट्र के राज्यपाल ने दी बधाई
पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे 31 मई को मौजूदा नेवी चीफ एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी की सेवानिवृत्ति के बाद कार्यभार संभालेंगे। इस नियुक्ति के बाद उन्होंने मुंबई में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वाइस एडमिरल स्वामीनाथन 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। वह संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने अपने शानदार करियर में आईएनएस विद्युत, विनाश, कुलिश, मैसूर और विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य जैसे महत्वपूर्ण युद्धपोतों की कमान संभाली है। वह नौसेना मुख्यालय में उप-प्रमुख (Vice Chief) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उनकी शैक्षणिक योग्यता काफी उच्च है। उन्होंने जेएनयू से बीएससी, कोचीन यूनिवर्सिटी से एमएससी और लंदन के किंग्स कॉलेज से एमए किया है। इसके अलावा उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से एमफिल और पीएचडी की डिग्री भी हासिल की है। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और अमेरिका के नेवल वॉर कॉलेज के छात्र रहे हैं। उन्हें उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

महाराष्ट्र के मालेगांव में नाबालिग गर्भवती, पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र के वाशिम जिले में मालेगांव पुलिस ने एक 20 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। मालेगांव पुलिस स्टेशन के एसएचओ राजेश खेर्डे ने जानकारी दी कि 27 मार्च 2026 को पुलिस को एक शिकायत मिली थी। इस शिकायत में बताया गया कि एक 15 साल की किशोरी गर्भवती है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

नासिक टीसीएस मामला: एसआईटी ने आठ एफआईआर में दाखिल की चार्जशीट
नासिक के टीसीएस यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण मामले की जांच कर रही एसआईटी ने गुरुवार को कोर्ट में अपनी दूसरी चार्जशीट दाखिल की। यह चार्जशीट मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज आठ एफआईआर से जुड़ी है। पुलिस ने रजा रफीक मेमन, शाहरुख हुसैन शौकत कुरैशी, अश्विनी अशोक चैनानी, तौसीफ बिलाल अत्तार, शफी भीकन शेख, दानिश एजाज शेख और निदा एजाज खान समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इससे पहले 22 मई को एसआईटी ने देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में 1500 पन्नों की चार्जशीट पेश की थी। इसमें दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तार, निदा एजाज खान और मतीन माजिद पटेल के नाम शामिल थे। उन पर एससी/एसटी एक्ट के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।

यह मामला तब सामने आया जब नासिक की आईटी कंपनी टीसीएस की कई महिला कर्मचारियों ने शोषण, जबरन धर्मांतरण की कोशिश, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए कर्मचारियों को निशाना बनाते थे। उन पर प्रार्थना करने, मांसाहारी भोजन खाने और धार्मिक प्रतीकों को अपनाने का दबाव डाला जाता था। इस मामले में पुलिस ने एआईएमआईएम के पार्षद मतीन पटेल से भी पूछताछ की है। उन पर आरोपी निदा खान को छिपने में मदद करने का आरोप है। पुलिस ने उनसे 25 मई को नौ घंटे तक पूछताछ की और उन्हें 1 जून को फिर से बुलाया है।
 

मुंबई के सावरकर सदन को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग
स्वतंत्रता सेनानी एवं हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर बृहस्पतिवार को हिंदू जनजागृति समिति और अन्य दक्षिणपंथी संगठनों ने मांग की कि दादर स्थित सावरकर सदन को राष्ट्रीय स्मारक के रूप में अधिग्रहीत कर संरक्षित किया जाए।

हिंदू जनजागृति समिति के राज्य समन्वयक सुनील घनवत ने कहा कि पुनर्विकास के नाम पर सावरकर सदन को ध्वस्त करने की योजना बनाई जा रही है, जबकि इस सदन का संबंध ऐतिहासिक रूप से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की सबसे प्रमुख हस्तियों में से एक वीर सावरकर से हैं। समिति का कहना है कि मुंबई स्थित जिन्ना हाउस का संरक्षण किया जा रहा है, वहीं सावरकर सदन को गिराने की साजिश रची जा रही है। सावरकर 1938 से 1966 के बीच सावरकर सदन में रहे, जिससे यह भारत के राजनीतिक और वैचारिक इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल बन गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 2010 में इस इमारत को धरोहर सूची में शामिल करने की सिफारिश शहरी विकास विभाग को भेजा था। 15 वर्षों से इस पर निर्णय नहीं हुआ। समिति ने चेतावनी दी कि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो पूरे महाराष्ट्र में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed