फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Pune Thane Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: पुलिसकर्मी से रिश्वत मांगने पर नगर निगम के दो अधिकारी गिरफ्तार; पत्नी पर हमला करने वाला गिरफ्तार

Mon, 20 Jan 2025 11:34 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 20 Jan 2025 11:34 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Pune Thane Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी (एसीबी) ने पुलिसकर्मी से उसका घर न गिराने के बदले 1.3 लाख की रिश्वत मांगने वाले नगर निगम के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने सबसे पहले शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते हुए भिवंडी निजामपुर नगर निगम के बीट इंस्पेक्टर को पकड़ा। अधिकारियों ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने सहायक आयुक्त सुनील भोइर और बीट इंस्पेक्टर अमोल वरघड़े को पकड़ा। उन्होंने पुलिसकर्मी से घर न गिराने के बदले 1.5 लाख रुपये मांगे। इसके बाद वे 1.3 लाख रुपये की मांग करने लगे। 

विज्ञापन


पत्नी को परेशान करने वाला युवक पकड़ा
ठाणे में पत्नी को परेशान करने और उस पर हमला करने वाले युवक को पुलिस ने उल्हासनगर से पकड़ा है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपनी पत्नी को नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर अपने दोस्तों को भेजीं। पुलिस ने कहा कि तस्वीरों के बारे में विरोध करने पर आरोपी ने महिला की पिटाई भी की। 17 जनवरी को आरोपी के दोस्त ने महिला को फोन किया और यौन संबंध बनाने की मांग की। महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन


बीड में बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत
महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार तड़के महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस ने तीन युवकों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हुई, जब कुछ युवा बीड तालुका के घोड़का राजुरी गांव के पास पुलिस भर्ती के लिए प्रशिक्षण ले रहे थे। बस बीड से परभणी जा रही थी और उसने सड़क किनारे प्रशिक्षण ले रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुबोध मोरे (20), विराट घोडके (19) और ओम घोडके (20) के रूप में हुई है। बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ की और मृतकों के परिवारों के लिए सरकारी नौकरी की मांग की। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने युवाओं की मौत पर दुख जताया। उन्होंने घोषणा की कि एमएसआरटीसी मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने अस्पताल में मनाया जन्मदिन
पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने ठाणे जिले के भिवंडी में एक अस्पताल में स्टाफ और पत्नी-बच्चों के साथ अपना 53वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने केक काटा। अस्पताल स्टाफ ने उन्हें गुलदस्ते भेंट किए। इस मौके पर कांबली ने 'चक दे इंडिया' गाने पर डांस कर अपनी सकारात्मकता का परिचय दिया। कांबली के जन्मदिन मनाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भावुक होकर अस्पताल स्टाफ और अपने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि कांबली को 23 दिसंबर को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

नंदुरबार में दो समुदाय में पथराव
महाराष्ट्र के नंदुरबार शहर में रविवार रात एक रिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू कर दिया। एएसपी श्रवण एस दत्त ने बताया कि कल रात करीब 10 बजे एक विशेष समुदाय के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मौके पर तैनात पुलिस बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके चलते अन्य क्षेत्रों में हिंसा फैलने से बच गई। एएसपी ने बताया कि किसी संपत्ति को नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। अपराध की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, और हमने कुछ संदिग्धों की पहचान की है।
 

युवक पर हमला करने वाले दो आरोपियों को कोर्ट ने किया बरी
ठाणे की एक अदालत ने नौ साल पहले एक व्यक्ति पर हमला करने और उसे घायल करने के आरोपी दो लोगों को अपर्याप्त सबूतों का हवाला देते हुए बरी कर दिया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित एम शेटे ने 2015 के हत्या के प्रयास के मामले में इमरान अख्तर सैय्यद और अनंत जयराम भगत को बरी कर दिया। जानकारी के मुताबिक 31 अगस्त 2015 को कलवा में लोगों के एक समूह ने पीड़ित संदीप गाडेकर पर हथियारों से हमला किया। व्यक्ति के सिर, गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पीड़ित की गवाही में गंभीर चूक थीं, जो पुलिस को दिए गए उसके पहले के बयानों से विरोधाभासी थी। इसके अलावा पीड़ित और उसके परिवार का आपराधिक इतिहास रहा है। 

बदलापुर यौन उत्पीड़न मामला: हिरासत में आरोपी की मौत के लिए पांच पुलिसकर्मी जिम्मेदार ठहराए गए
बदलापुर स्कूल यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी अक्षय शिंदे की हिरासत में हुई मौत की मजिस्ट्रेटी जांच में पांच पुलिसकर्मियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। अब उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का रास्ता साफ हो गया है।

मजिस्ट्रेट ने सोमवार को सीलबंद लिफाफे में अपनी जांच रिपोर्ट बंबई उच्च न्यायालय को सौंपी। बंबई उच्च न्यायालय शिंदे के पिता अन्ना शिंदे की याचिका पर सुनवाई कर रहा है। अन्ना शिंदे ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में मार डाला। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति नीला गोखले की खंडपीठ ने रिपोर्ट पर नजर डाली और कहा कि सरकार जांच के आधार पर मामला दर्ज करने के लिए बाध्य है। खंडपीठ ने जानना चाहा कि कौन सी जांच एजेंसी मामले की जांच करेगी।

इस घटना में शामिल अधिकारियों में ठाणे अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय शिंदे, सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) नीलेश मोरे, मुख्य आरक्षी अभिजीत मोरे और हरीश तावड़े तथा एक पुलिस चालक शामिल थे। उच्च न्यायालय ने कहा, ‘मजिस्ट्रेट ने जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट में मजिस्ट्रेट इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि आरोपी अक्षय शिंदे की मौत के लिए पांच पुलिसकर्मी जिम्मेदार हैं।’ खंडपीठ ने कहा कि कानूनन, पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और जांच की जानी चाहिए। अदालत ने कहा, ‘‘आप (सरकार) इस मजिस्ट्रेट रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए बाध्य हैं। हमें बताएं कि कौन सी एजेंसी मामले की जांच करेगी।’’
 

दिनेश वाघमारे होंगे महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयुक्त
महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी दिनेश वाघमारे को राज्य चुनाव आयुक्त (एसईसी) नियुक्त किया गया है। वाघमारे को इस अहम पद पर स्थानीय निकाय चुनाव से पहले नियुक्त किया गया है। यह पद पिछले साल के अंत में रिक्त हुआ था। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, वाघमारे पांच वर्ष की अवधि के लिए इस पद पर रहेंगे और पुनर्नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।

वाघमारे 1994 बैच के आईएएस अधिकारी और इससे पहले अतिरिक्त प्रधान सचिव (सामाजिक न्याय विभाग) के रूप में कार्यरत थे। वह सेवानिवृत्त हो चुके नौकरशाह यू. पी. एस. मदान का स्थान लेंगे जिनका राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी)का कार्यकाल पिछले साल सितंबर में समाप्त हो गया था। वाघमारे एसईसी के पद पर रहते हुए महाराष्ट्र में जिला परिषदों, पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों, नगर निगमों (बृह्न मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सहित) और परिषदों के लिए मतदाता सूची की तैयारी और चुनावों के संचालन के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की देखरेख करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed