फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Nagpur Pune Thane Education Politics Crime and other hindi News

Maharashtra: खुले मैनहोल ने ली थी मजदूर की जान, ठेकेदार पर केस दर्ज; मुंबई में बारिश से कई इलाकों में जलजमाव

Fri, 03 Jul 2026 04:59 AM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: अमन तिवारी Updated Fri, 03 Jul 2026 04:59 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Nagpur Pune Thane Education Politics Crime and other hindi News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
मुंबई के साकीनाका इलाके में खुले मैनहोल में गिरकर एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार और मरम्मत कार्य में लगे कई कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एल वार्ड के एक अधिकारी की शिकायत पर की गई है। गुरुवार सुबह भारी बारिश के दौरान खैरानी रोड निवासी 55 वर्षीय असलम इसाक शेख पानी से ढके खुले मैनहोल में गिर गए थे। तेज बहाव के कारण वह भूमिगत ड्रेनेज सिस्टम में बह गए। पुलिस, दमकल विभाग और बीएमसी की संयुक्त तलाश के बाद उनका शव कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मैनहोल से बरामद किया गया था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि ड्रेनेज मरम्मत कार्य के दौरान खुले मैनहोल के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

नागपुर से चोरी हुई 'शिवशाही' ई-बस, अमरावती में पकड़ा गया शातिर चोर
नागपुर के इमामवाड़ा स्टैंड से बुधवार रात महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की एक 'शिवशाही' ई-बस चोरी हो गई थी। यह बस उस समय चोरी हुई जब इसे चार्ज किया जा रहा था। नागपुर पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना सभी थानों को दी। अमरावती पुलिस ने राजपेठ स्टैंड के पास से इस बस को बरामद कर लिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को बस में चढ़ते हुए पकड़ा, जिसने चोरी की बात मान ली है। आरोपी एक पेशेवर अपराधी है और उसने महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से करीब 20 बसें चुराने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ई-बस को उसकी महंगी बैटरियों के लिए चुराता था, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये होती है। वह बस के पुर्जे निकालकर बेच देता था। पुलिस अब देश भर में उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पालघर में दर्दनाक हादसा
पालघर जिले के बोइसर औद्योगिक क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक कपड़ा बनाने वाली फैक्ट्री में करंट लगने से तुषार कर्णे नाम के व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, तुषार जब कंप्रेसर मशीन खोलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका हाथ बिजली की नंगी तार से छू गया। उन्हें जोरदार करंट लगा और वह बेहोश हो गए। साथ काम करने वाले लोग उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल ने इस घटना की पुष्टि की है। बोइसर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा के इंतजामों में कोई कमी थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
विज्ञापन

मुंबई में भारी बारिश से आफत, दादर और सायन समेत कई इलाकों में भरा पानी
मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वर्ली और लोअर परेल जैसे इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली। वहीं, दादर ईस्ट और सायन के गांधी मार्केट में भारी जलभराव हो गया है। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निचले इलाकों में पानी जमा होने से यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। भारी बारिश के कारण शहर के कई मुख्य रास्तों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

साकीनाका मैनहोल हादसा, विधानसभा अध्यक्ष ने मांगी रिपोर्ट
मुंबई के साकीनाका में एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। आज विधानसभा में भी इस मुद्दे पर विस्तार से बात हुई है। नार्वेकर ने बताया कि प्रशासन इस मामले में जरूरी कदम उठा रहा है। सरकार ने इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि मैनहोल खुला कैसे रह गया और इसके पीछे किसकी लापरवाही है।

केतन अग्रवाल हत्याकांड, आरोपी सिया गोयल की पुलिस हिरासत पर बड़ा अपडेट
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्या मामले में जांच आगे बढ़ रही है। आरोपी सिया गोयल के वकील विपुल दुशिंग ने बताया कि उनकी मुवक्किल पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है। सिया की पुलिस हिरासत की अवधि अब खत्म होने वाली है। वकील को उम्मीद है कि कल यह हिरासत खत्म हो जाएगी। वकील ने कहा कि जांच सही दिशा में चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पुलिस बिना किसी ठोस आधार के हिरासत बढ़ाने की मांग करती है, तो वे इसका विरोध करेंगे। ऐसी स्थिति में बचाव पक्ष अदालत से आरोपी को न्यायिक हिरासत (JC) में भेजने की मांग करेगा।

चेंबूर बस हादसा: पीड़ित परिवार से मिले नेता, लापरवाही पर उठे सवाल
चेंबूर में हुए बस हादसे के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पवार ने कहा कि मानसून से पहले मैनहोल, नालों और सड़कों का ऑडिट होता है। अगर फिर भी ऐसे हादसे हो रहे हैं, तो यह प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने सिर्फ छोटे कर्मचारियों के बजाय बड़े अधिकारियों को सजा देने की मांग की।

वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही दुखद घटना है। सरकार और बीएमसी की जिम्मेदारी है कि वे परिवार की हर संभव मदद करें। शेलार ने भरोसा दिया कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीएमसी प्रशासन को इस संबंध में जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।

नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) ने गुरुवार को एक कार्यकारी अभियंता को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई नेरुल के एलपी नाका ब्रिज के नीचे हुई एक दुर्घटना के बाद की गई। वहां बारिश के पानी में बिजली की केबल डूबी हुई थी, जिसकी वजह से दो छात्रों को जोरदार करंट लग गया। दोनों छात्र ब्रिज के नीचे जमा पानी से गुजर रहे थे, तभी वे बिजली की तार की चपेट में आ गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें वाशी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों छात्र आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। नगर निगम ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही सामने आने पर प्रवीण हिंदुराव गाडे को सस्पेंड किया गया है। इस मामले की जांच के लिए एक इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। नगर निगम इन छात्रों के इलाज का पूरा खर्च उठा रहा है।


मीटर रूम में लगी आग, भगदड़ में 11 लोग घायल
मुंबई के जोगेश्वरी स्थित वैशाली नगर की छह मंजिला गोमती वैशाली चॉल में शुक्रवार तड़के सुबह करीब छह बजे मीटर रूम में आग लग गई। आग भूतल पर स्थित मीटर कक्ष तक ही सीमित रही, लेकिन धुआं और अफरा-तफरी के बीच बाहर निकलने की कोशिश में 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। नगर निकाय के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।


 

सरकारी कर्मचारियों के तबादला नियमों में होगा बदलाव
महाराष्ट्र सरकार सरकारी कर्मचारियों के तबादला नियमों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए नई समिति गठित करेगी। सामान्य प्रशासन मंत्री आशीष शेलार ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों वाली यह समिति तबादला प्रक्रिया को सरल बनाने, आधिकारिक फाइलों के त्वरित निस्तारण और प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सुझाव देगी। यह घोषणा भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार के निजी विधेयक पर चर्चा के दौरान की गई। मुनगंटीवार ने तबादलों को तय समयसीमा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए करने और मंत्रियों के कार्यालयों में 45 दिनों के भीतर फाइलों के निपटारे को अनिवार्य बनाने की मांग की। शेलार ने कहा कि राज्य ने 2005 में तबादला व्यवस्था का ढांचा लागू किया था, जिसमें समय-समय पर पारदर्शिता बढ़ाने के लिए संशोधन किए गए हैं। अब फाइलों के निपटारे में भी एआई का उपयोग शुरू किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed