Maharashtra: कामरा को नोटिस भेजेगी विधानसभा समिति; जनवरी से जून तक मराठवाड़ा में 520 किसानों ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रेवदंडा तट के पास एक संदिग्ध नाव देखे जाने के बाद तटीय क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह नाव रेवदंडा के कोरलाई तट से करीब दो समुद्री मील (लगभग 3.7 किलोमीटर) दूर देखी गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि नाव पर किसी दूसरे देश के चिह्न हैं और यह बहकर रायगढ़ तट की ओर आ गई होगी। अलर्ट के बाद रायगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस), क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), नौसेना और तटरक्षक बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति पर नजर रखने के लिए तट पर पहुंची हैं। हालांकि, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण नाव तक पहुंचने में दिक्कत आई। अधिकारी ने बताया कि आंचल दलाल ने खुद एक छोटी नाव से उस संदिग्ध नाव तक जाने की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
महाराष्ट्र विधानसभा की विशेषाधिकार समिति कुणाल कामरा को भेजेगी कारण बताओ नोटिस
महाराष्ट्र विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी को लेकर कारण बताओ नोटिस भेजने का फैसला किया है। यह जानकारी सोमवार को एक अधिकारी ने दी।
यह फैसला पिछले हफ्ते समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रसाद लाड ने की थी। भाजपा के एमएलसी प्रवीण डेरेकर ने बजट सत्र के दौरान कुणाल कामरा और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। नोटिस में कहा गया है कि कामरा के पैरोडी गीत में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें कही गई हैं।
सुषमा अंधारे ने कामरा का समर्थन करते हुए ऐसे शब्दों का प्रयोग किया, जिन्हें विधानसभा की अवमानना माना गया है। विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने जून महीने में यह विशेषाधिकार हनन नोटिस समिति को भेज दिया था।
जनवरी से जून 2025 तक मराठवाड़ा में 520 किसानों ने की आत्महत्या, पिछले साल से 20% अधिक: रिपोर्ट
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में जनवरी से 26 जून 2025 तक 520 किसानों ने आत्महत्या की। यह संख्या 2024 की इसी अवधि में दर्ज 430 आत्महत्याओं से करीब 20 फीसदी ज्यादा है। यह जानकारी राज्य के राजस्व विभाग की एक रिपोर्ट में दी गई है।
मध्य महाराष्ट्र के बीड जिले में सबसे ज्यादा 126 किसानों ने आत्महत्या की, जिससे यह जिला इस साल भी पहले स्थान पर रहा। 2024 के पहले छह महीनों (जनवरी-जून) में मराठवाड़ा के इन्हीं आठ जिलों में 430 किसान आत्महत्याएं दर्ज की गई थीं। वहीं, 2025 की इसी अवधि में यह संख्या 520 हो गई, जो कि आत्महत्या के मामलों में चिंताजनक वृद्धि को दर्शाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 की जनवरी-जून अवधि में भी बीड जिले में सबसे ज्यादा 101 किसानों ने आत्महत्या की थी। 2025 में अब तक आत्महत्या करने वाले किसानों में से 313 मामलों को समर्थन के योग्य माना गया, जिनमें से 264 परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है। 146 मामले अभी जांच में हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 61 मामलों को मुआवजे के लिए अयोग्य माना गया, जो कि पिछले साल इसी अवधि में 20 मामलों की तुलना में तीन गुना अधिक है।
जनवरी-जून 2025 के दौरान जिलेवार आत्महत्या के आंकड़े इस प्रकार हैं- बीड (126), छत्रपति संभाजीनगर (92), नांदेड़ (74), परभणी (64), धाराशिव (63), लातूर (38), जलना (32) और हिंगोली (31)।
सरपंच हत्याकांड: आरोपी कराड की मुकदमे से बरी की याचिका पर 22 जुलाई को फैसला
महाराष्ट्र के बीड़ जिले की एक विशेष अदालत 22 जुलाई को सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड की मुकदमे से मुक्त करने की अर्जी पर फैसला सुनाएगी। यह जानकारी विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने सोमवार को दी।
अप्रैल में कराड ने अदालत में अर्जी दायर कर कहा था कि उसके खिलाफ कोई प्राथमिक साक्ष्य नहीं है, इसलिए उसे मामले से बरी किया जाए। कराड फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। यह मामला महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज किया गया है और इसी अधिनियम के तहत गठित अदालत में यह अर्जी दायर की गई थी। निकम ने बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से उन्होंने अदालत में पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्य पेश किए और कराड की अर्जी का विरोध किया।
निकम ने कहा, अदालत 22 जुलाई को वाल्मिक कराड की मुकदमे से मुक्त करने की अर्जी पर अपना फैसला सुनाएगी। अभियोजन पक्ष ने एक अलग अर्जी में आरोपी की संपत्तियां जब्त करने की अनुमति भी मांगी है, जिस पर सहायक सरकारी वकील बालासाहेब कोल्हे ने दलीलें दी हैं। इस अर्जी पर भी 22 जुलाई को फैसला आएगा।
150 दिन के कार्यक्रम के बाद एक बड़ा भर्ती अभियान चलाएगी सरकार: मुख्यमंत्री फडणवीस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए 150 दिनों के कार्यक्रम को पूरा करने के बाद एक बड़ा भर्ती अभियान चलाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैडर पुनर्गठन, भर्ती नियमों को अपडेट करना और अनुकंपा निलयुक्तियों को अंतिम रूप देना है। अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के रिक्त पदों को लेकर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वह रिक्तियों के आंकड़े तय करने से पहले अपने आंतरिक सुधार कार्य पूरे करें।
उन्होंने कहा, सरकार ने पहले घोषित 75,000 पदों की भर्ती योजना के तहत एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती कर चुकी है। जहां जरूरत होगी, वहां भर्ती में कोई देरी नहीं की जाएगी। फडणवीस ने बताया कि वर्तमान में एसटी वर्ग के लिए आरक्षित कुल 6,860 पदों पर ऐसे लोग कार्यरत हैं, जिनके पास वैध जाति प्रमाणपत्र नहीं हैं। इनमें से कई कर्मचारी पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से सेवा में हैं।
शेयर बाजार में बड़े मुनाफे का झांसा देकर करीब ढाई करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के एक व्यक्ति को गोवा के एक निवासी को शेयर बाजार में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.45 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी साइबर अपराध थाने के एक अधिकारी ने सोमवार को दी।
पुलिस अधिकारी ने आरोपी की पहचान संजय एम. चव्हाण (45 वर्षीय) के रूप में की है। उन्होंने बताया, आरोपी ने खुद को एक स्टॉक ब्रोकर बताकर साल्सेट इलाके के एक निवासी को व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल कराया और उसे धीरे-धीरे 2.45 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए राजी किया। उसने बड़े रिटर्न का वादा किया था। वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान पैसे का चला। चव्हाण को 6 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। उसके खाते में 13.5 लाख रुपये जमा पाए गए।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस ठगी में और लोग शामिल हैं या नहीं।
नवी मुंबई में ट्रक टर्मिनल में लगी आग
नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में एक ट्रक टर्मिनल में आग लग गई। आग लगने से घटनास्थल पर जोरदार धमाका हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आग की वजह से आसमान में आग के बड़े गोले और काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। आग बुझाने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि आग रात करीब 11:15 बजे लगी। यह जगह एमएसआरटीसी नाम के सरकारी बस डिपो का हिस्सा है, जहां ट्रक अस्थायी रूप से खड़े किए जाते हैं। आग से कम से कम दो से तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारी ने कहा कि आग बुझाने का काम अभी भी चल रहा है।
#WATCH | Maharashtra | A massive fire broke out in a godown near the APMC market in Turbhe Sector 20. Fire tenders are present at the spot. pic.twitter.com/cxE0pTeBJC
— ANI (@ANI) July 6, 2025