फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: ठाणे में मिला अज्ञात युवती का शव; बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख ठगे

Sun, 06 Jul 2025 03:15 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 06 Jul 2025 03:15 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

पुणे की एक आईटी पेशेवर ने एक व्यक्ति पर कथित दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन अब उसे रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने उसे एक नोटिस देकर कहा है कि जब भी जरूरत पड़ी, उसे जांच में मदद करनी होगी और पुलिस के सामने आना होगा। शुरुआत में महिला ने कहा था कि एक अनजान व्यक्ति कूरियर डिलीवरी वाला बनकर उसके घर में घुसा और उसके साथ गलत काम किया। लेकिन बाद में पुलिस की जांच में सामने आया कि वह आदमी कोई अजनबी नहीं था, बल्कि महिला का परिचित और दोस्त था। पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि घर में जबरन घुसने के कोई सबूत नहीं मिले और न ही महिला पर कोई स्प्रे आदि इस्तेमाल किए जाने का कोई निशान मिला। एक सेल्फी की बात भी सामने आई है, जो दोनों ने मिलकर ली थी। पुलिस का कहना है कि महिला ने ही बाद में उस फोटो को एडिट करके उसमें धमकी वाला मैसेज लिखा था। पुलिस ने दोनों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की है। महिला की मेडिकल रिपोर्ट से अभी कुछ साफ नहीं हो पाया है, और मामले की जांच अभी भी चल रही है।

विज्ञापन


मुंबई में दोस्त को जहर देने के आरोप में युवक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने बताया कि एक 19 साल के लड़के को अपने 16 साल के दोस्त को जहर देकर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे लगा था कि उसके दोस्त ने उसके साथ धोखा किया है। आरोपी की पहचान गोवंडी निवासी जीशान शेख के रूप में हुई है। पीड़ित शाहीन शेख की 30 जून को जीशान के घर पर मौत हो गई थी। आरोपी ने दावा किया कि उन दोनों ने एनर्जी ड्रिंक पी थी, जिसके बाद वे बीमार पड़ गए। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती आरोपी को शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई और उससे पूछताछ की गई, तो उसने दूध में कीटनाशक मिलाकर अपने दोस्त को जहर देने की बात स्वीकार की। जीशान ने पुलिस को बताया कि उसे लगा कि उसका दोस्त अब उससे बात नहीं करता और बाकी दोस्तों पर ज्यादा ध्यान देता है। इसलिए वह नाराज हो गया और उसने बदला लेने के लिए ये खतरनाक कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि जीशान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

सीजेआई गवई बोले- संविधान की व्याख्या व्यावहारिक होनी चाहिए
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) भूषण रामकृष्ण गवई ने शनिवार को कहा कि कानून और संविधान की व्याख्या व्यावहारिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि संविधान को ऐसे तरीके से समझा जाए जो आज के समाज और उसकी जरूरतों के अनुसार हो। मुख्य न्यायाधीश बंबई हाईकोर्ट द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें हाल ही में कुछ जजों के अशिष्ट व्यवहार की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने सभी जजों से अपील की कि वे न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखें।
 

ठाणे में मिला अज्ञात युवती का शव

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस को एक अज्ञात लड़की का शव मिला है। पुलिस को हत्या का शक है। ऐसे में पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव शनिवार शाम को कासरवाडावल्ली इलाके में निर्माणाधीन जगह के पास मिला। मृतका की लंबाई करीब चार फीट है और वह 15-17 साल के बीच की उम्र की है। मृतका ने हरे रंग के सलवार सूट और हाथों में चूड़ियां पहनीं हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
 
विज्ञापन

बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख ठगे

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी संदीप पाटिल और राज पनसारे ने घनसोली निवासी एक 55 वर्षीय व्यक्ति से जून 2023 से बीते साल अगस्त के बीच 15 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित के बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

महाराष्ट्र: इलाज के नाम पर 10 दिन की बच्ची को दागा, महिला गिरफ्तार
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक महिला रिश्तेदार ने पेट में सूजन के इलाज के लिए 10 दिन की एक बच्ची को कथित तौर पर गरम लोहे की छड़ से दाग दिया। पुलिस ने रविवार को बताया।

मामला शुक्रवार को प्रकाश में आने के बाद महिला को हिरासत में लिया गया और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118 (1) (खतरनाक हथियारों या माध्यमों से जानबूझकर चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) और महाराष्ट्र मानव बलि रोकथाम तथा काला जादू अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, यह बच्ची 15 जून को अमरावती जिले के चिकालदरा स्थित दहेन्द्रि गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में जन्मी थी। जन्म के लगभग एक सप्ताह बाद बच्ची बीमार पड़ गई और स्थानीय पीएचसी कर्मी ने उसकी देखभाल की। इस दौरान, बच्ची की मां की एक चाची, जो उनसे मिलने आई थी, ने परिवार को बताया कि बच्ची को पेट में सूजन की समस्या है और उन्होंने जिले के आदिवासी मेलघाट क्षेत्र में प्रचलित एक कुप्रथा 'दम्मा' करने का सुझाव दिया। इसके बाद, महिला की चाची ने बच्चे के पेट पर गरम लोहे की छड़ से दाग लगाया।

शुक्रवार को स्थानीय पीएचसी के कर्मचारी बच्चे का फॉलो-अप करने गए और उसके पेट पर लोहे के दाग देखे। तुरंत बच्चे को उपचार के लिए अचलपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, बच्ची का उपचार के बाद शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वह अब स्थिर है। आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

महाराष्ट्र:1993 के दंगों का 32 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस ने 1993 के मुंबई सांप्रदायिक दंगों में बीते 32 साल से फरार आरोपी को महानगर के वडाला इलाके से गिरफ्तार किया। वडाला पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने रविवार को बताया कि 54 साल के आरोपी आरिफ अली हशमुल्ला खान को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम खान के घर उत्तर प्रदेश गई। वहां से मिले सुरागों और एक विशेष सूचना के आधार पर शनिवार को वडाला ईस्ट के दीनबंधु नगर से खान की गिरफ्तारी की गई। वडाला पुलिस स्टेशन में खान के खिलाफ 1993 के सांप्रदायिक दंगों के बाद हत्या के प्रयास, गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने और अन्य अपराधों से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे बाद में एक स्थानीय अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।

दो करोड़ की कीमत के कोकीन के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
मुंबई के उत्तरी हिस्से मलाड से 2 करोड़ रुपये कीमत के 200 ग्राम कोकीन के साथ एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने कहा कि उसे वर्ली इकाई की एंटी नारकोटिक्स सेल ने मार्वे रोड से ग्राहकों की तलाश करते हुए पकड़ा। उन्होंने कहा, वह भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसे पकड़ लिया गया। उसकी कार की तलाशी में 2 करोड़ रुपये कीमत के 200 ग्राम कोकीन बरामद हुई। हमने उसके तीन मोबाइल फोन और कार भी जब्त कर ली है। तस्करी के नेटवर्क की आगे की जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि आरोपी भारत में अवैध रूप से रह रहा है। अधिकारी ने कहा कि वह पहले भी एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है।

भाषा के नाम पर गुंडागर्दी से बाज आएं उद्धव और राज: अठावले
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी के नेता रामदास अठावले ने महाराष्ट्र में भाषा पर जारी विवाद को लेकर राज और उद्धव ठाकरे की आलोचना की है। अठावले ने कहा कि राज और उद्धव को भाषा के नाम पर गुंडागर्दी करने के बजाए संविधान के सम्मान के अनुसार और मराठी भाषा के संवर्द्धन के लिए काम करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा, महाराष्ट्र में मौजूदा विवाद को देखकर लगता है कि यह केवल राजनीतिक दांव है। मुझे नहीं लगता कि हिंदी भाषा का प्रभाव कमजोर है। मुंबई लंबे समय से फिल्म उद्योग का केंद्र रहा है। इंडस्ट्री ने दुनिया में देश का झंडा ऊंचा किया है। पूरे देश में मराठी लोग रहते हैं। देश सबका है, कोई भी कहीं रह सकता है। देश गुंडागर्दी से नहीं बल्कि संविधान से चलेगा। बाबा साहेब ने देश में सभी को समानता का अधिकार दिया है। यह कौन होते हैं भेद करने वाले।

फडणवीस ने पॉडकास्ट ‘महाराष्ट्र धर्म’ की शुरुआत की, राज्य की महान विरासत को सहेजने की अपील
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ‘आषाढ़ी एकादशी’ के पावन अवसर पर अपने पॉडकास्ट ‘महाराष्ट्र धर्म’ की शुरुआत की और नागरिकों से अपील की कि वे राज्य के संतों और महापुरुषों की बौद्धिक विरासत को सहेजें, उसका पोषण करें और आगे बढ़ाएं। उन्होंने इसे एक जिम्मेदारी बताया। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र ने केवल योद्धा ही नहीं, बल्कि धर्म के रक्षक, राष्ट्र के दूरद्रष्टा और आधुनिक भारत के निर्माता भी पैदा किए हैं।

उन्होंने कहा, हम शायद ज्ञानेश्वर, छत्रपति शिवाजी महाराज, सावित्रीबाई फुले और बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के सीधे वंशज न हों, लेकिन हम उनकी बौद्धिक विरासत के वाहक हैं। उनके ज्ञान, त्याग और साहस से इस राज्य का निर्माण हुआ। ‘महाराष्ट्र धर्म’ पॉडकास्ट के पहले एपिसोड में वह डॉ. सदानंद मोरे के साथ संवाद कर रहे थे।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed