फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: किसान मुआवजा घोटाला- जालना में 10 तलाठी निलंबित; मुंबई- सिलेंडर विस्फोट में एक की मौत, सात घायल

Fri, 13 Jun 2025 08:50 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 13 Jun 2025 08:50 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के जालना जिले में 34.97 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के सिलसिले में शुक्रवार को दस तलाठी निलंबित कर दिए गए। मामले में एक अधिकारी ने कहा कि यह घोटाला 2022 और 2024 के बीच अंबड़ और घनसावंगी तहसीलों में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे से संबंधित है। जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, 'प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने के बाद दस तलाठी को निलंबित कर दिया गया है। कई अन्य तलाठी से जवाब मांगा गया है।'

विज्ञापन


इससे पहले, एक जांच समिति ने 74 अधिकारियों को दोषी ठहराया था, जिनमें 26 तलाठी, 31 ग्राम सेवक और 17 कृषि सहायक शामिल थे। समिति में अंबड़ उप-मंडल अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर (पुनर्वास) और एक नायब तहसीलदार शामिल थे। अधिकारी ने कहा, "जांच में पता चला कि फर्जी लाभार्थी बनाए गए, क्रेडेंशियल का दुरुपयोग किया गया, दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की गई और एक ही व्यक्ति को कई भुगतान किए गए। जांच 54 अधिकारियों और इस उद्देश्य के लिए तैनात छह समर्पित टीमों की मदद से की गई।"
विज्ञापन


पालघर शिवसेना नेता की हत्या में एक और गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले के शिवसेना नेता अशोक ढोडी के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि हत्या जनवरी में हुई थी। इस मामले में अब तक मृतक के भाई अविनाश ढोडी सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो और आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि ठाणे के शाहपुर से मनोज भावरसिंह राजपूत (34) को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि 52 वर्षीय शिवसेना नेता अशोक ढोडी 19 जनवरी को लापता हो गया था। कुछ दिनों बाद उसका शव तब मिला जब पुलिस ने उसकी कार ढूंढी, जो गुजरात में पनी से भरी खदान में थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ठाणे में नाबिलग से दुष्कर्म का आरोपी IIT छात्र गिरफ्तार 
महाराष्ट्र के ठाणे में 13 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि लड़की की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कलवा इलाके का रहने वाला है। उसने दिव्यांग लड़की को नए कपड़े पहनाने के बहाने बहलाया-फुसलाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। अधिकारी के अनुसार, जांच टीम ने आरोपी के मोबाइल फोन से यौन उत्पीड़न का वीडियो बरामद किया है, जिसमें अन्य लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भी हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी ने अतीत में और भी महिलाओं को निशाना बनाया होगा। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

दुर्घटनाग्रस्त विमान के केबिन क्रू में शामिल थे एनसीपी नेता तटकरे के रिश्तेदार
महाराष्ट्र एनसीपी प्रमुख सुनील तटकरे ने बताया कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार वरिष्ठ केबिन क्रू सदस्य अपर्णा महादिक उनकी रिश्तेदार थीं। उन्होंने बताया कि वह छोटी बहन की बहू थीं। उनका परिवार मुंबई के गोरेगांव में रहता है। तटकरे ने बताया कि अपर्णा का पति और उनका भतीजा भी एअर इंडिया का केबिन क्रू है। हादसे के वक्त वह दिल्ली में था। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में 242 लोग सवार थे। एअर इंडिया के अनुसार, 230 यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई थे। विमान में सवार अन्य 12 लोगों में दो पायलट और 10 चालक दल के सदस्य थे।

भिवंडी में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया, UP के व्यक्ति पर FIR
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना मार्च 2024 में हुई थी। पीड़िता रीता साहनी 22 मार्च को कल्हेर इलाके में अपने घर में लटकी मिली थी। हाल ही में रीता की बहन ने मामले में शिकायत दी है। उसे आरोपी के नाम के कुछ नोट मिले थे। जिसमें लिखा कि वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले नवनीत राजपूत के साथ रिलेशनशिप में थी। वह किसी और से शादी कर रहा था। पीड़िता ने अपने नोट में व्यक्ति पर गुमराह करने और धमकाने का आरोप लगाया था। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुणे में वृद्धा नाले में गिरी, एक दिन बाद मिला शव

पुणे के नार्हे इलाके में एक 65 वर्षीय महिला की लापता होने के एक दिन बाद शुक्रवार को उसका शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार महिला भारी बारिश के दौरान नाले में गिर गई थी। भारती विद्यापीठ पुलिस थाने के निरीक्षक राहुल खिलारे ने बताया कि मृतका की पहचान फुरसुंगी निवासी शोभा माहिमाने के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात अपने परिजनों के साथ कोल्हापुर से कार से लौट रही थीं।

अधिकारी ने बताया, उनके रिश्तेदार पिंपरी जा रहे थे, इसलिए शोभा माहिमाने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर नवले ब्रिज के पास रात करीब 10 बजे गाड़ी से उतरीं ताकि वे फुरसुंगी जा सकें। तभी तेज बारिश के बीच सड़क पार करते समय वह हाईवे और सर्विस रोड के बीच स्थित एक नाले में गिर गईं ।

मुंबई- दरगाह के पास भोजनालय में सिलेंडर विस्फोट; एक व्यक्ति की मौत, 7 घायल
महाराष्ट्र में शुक्रवार शाम माहिम इलाके में मखदूम शाह दरगाह के पास एक भोजनालय में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट और उसके बाद आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। मामले में दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान नूर आलम के रूप में हुई है। भोजनालय में विस्फोट शाम करीब 6.15 बजे हुआ। अधिकारी ने कहा कि आग को 25 मिनट के भीतर बुझा दिया गया। वहीं घटना में सभी घायलों का सरकारी सायन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed