महाराष्ट्र का सियासी संकट : शिंदे की याचिका पर आज 'सुप्रीम' सुनवाई, केंद्र की सुरक्षा में बागी विधायक, बहुमत परीक्षण को तैयार
सीएम उद्धव के करीबी उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत भी बागी खेमे में गुवाहाटी पहुंच गए। अब बेटे आदित्य ठाकरे के अलावा शिवसेना के सिर्फ तीन मंत्री ही उद्धव के साथ रह गए हैं। इधर, राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को पत्र लिखकर पर्याप्त केंद्रीय सुरक्षा बल की मांग की है।
विस्तार
महाराष्ट्र में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम के बीच केंद्र सरकार की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद बागी विधायक सदन में बहुमत परीक्षण को तैयार हो गए हैं। इससे पहले, शिंदे गुट की बगावत से जूझ रही उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने गुवाहाटी में ठहरे बागी विधायकों के खिलाफ तल्ख तेवर दिखाए। प्रवक्ता संजय राउत ने बागियों को धमकाते हुए कहा, गुवाहाटी से 40 विधायकों की ‘बॉडी’ मुंबई लौटेगी और हम उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सीधे सदन भेजेंगे। वहीं, बागी नेता एकनाथ शिंदे की 16 विधायकों की सदस्यता निरस्तक करने के नोटिस के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी।
अफसरों के मुताबिक, रमेश बोरनारे, मंगेश कुदलकर, संजय शिरसत, लताबाई सोनवाने, प्रकाश सुर्वे समेत दस अन्य बागियों की सुरक्षा में 24 घंटे सीआरपीएफ के कमांडो तैनात रहेंगे। गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों की संस्तुति पर बागी विधायकों को सुरक्षा दी है। एजेंसियों ने बताया, विधायकों व उनके परिवारों को जान का खतरा है।
राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने डीजीपी व मुंबई पुलिस आयुक्त को भी परिवारों की सुरक्षा का आदेश दिया है। विधायकों ने भी जल्द मुंबई पहुंचने के संकेत दिए हैं। सीआरपीएफ के पांच कमांडो इस दौरान शिफ्ट में हर विधायक की सुरक्षा में रहेंगे।
शिंदे पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
16 बागी विधायकों को विधानसभा सचिवालय से मिले सदस्यता निरस्त करने के नोटिसों के खिलाफ एकनाथ शिंदे ने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है। अवकाशकालीन पीठ सोमवार को याचिका पर सुनवाई करेगी। उन्होंने अदालत से इस नोटिस पर रोक लगाने की मांग की है। शिवसेना की ओर से इन्हें अयोग्य ठहराने की शिकायत पर सचिवालय ने बागियों को सोमवार शाम तक लिखित जवाब देने को कहा था। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने उद्धव ठाकरे को बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया था।
एक और मंत्री ने छोड़ा साथ
सीएम उद्धव के करीबी उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत भी बागी खेमे में गुवाहाटी पहुंच गए। अब बेटे आदित्य ठाकरे के अलावा शिवसेना के सिर्फ तीन मंत्री ही उद्धव के साथ रह गए हैं।
राज्यपाल ने मांगा केंद्रीय बल
- राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को पत्र लिखकर पर्याप्त केंद्रीय सुरक्षा बल की मांग की है। उन्होंने बताया, हमले के दौरान राज्य पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
- कोश्यारी ने कहा, शिवसेना के 38, पीजेपी के दो और सात निर्दलीय विधायकों ने उन्हें बताया, पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से उनके परिवारों की सुरक्षा वापस ले ली है।
संजय राउत की धमकी गुवाहाटी से लौटेंगे 40 विधायकों के शव
गुवाहाटी से 40 बागियों के शव आएंगे। जो 40 लोग गुवाहाटी में हैं, वे जिंदा लाशें हैं। अब यहां उनका केवल शरीर वापस आएगा। उनकी आत्मा वहीं मर चुकी है। जब वे 40 लोग वहां से निकलेंगे तो उनका दिल जिंदा नहीं होगा। शिवसेना कार्यकर्ता सड़क पर हैं। बस उन्हें एक इशारे का इंतजार है। - संजय राउत, शिवसेना सांसद