Maharashtra Updates: आदिवासी उम्मीदवारों को पुलिस भर्ती में मिली बड़ी ढील; महंत नरसिंहानंद के खिलाफ एक और केस
महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस भर्ती के दौरान आदिवासी उम्मीदवारों को राहत दी है। दरअसल, इन उम्मीदवारों को लंबाई में छूट देने के लिए एक अधिसूचना जारी की है। ठाणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में गृह विभाग ने आदिवासी उम्मीदवारों के लिए लंबाई में पांच सेंटीमीटर की छूट देते हुए इसमें संशोधन किया है। वर्तमान में, पुरुष उम्मीदवारों के लिए पुलिस भर्ती में न्यूनतम लंबाई की आवश्यकता 165 सेमी और महिला उम्मीदवारों के लिए 155 सेमी है। उन्होंने कहा कि यह कदम उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य स्तरीय अनुसूचित क्षेत्र समीक्षा समिति के अध्यक्ष विवेक पंडित के बीच जनवरी में हुई बैठक के बाद आया है, जिसमें राज्य में आदिवासियों के मुद्दों पर चर्चा की गई थी।
अजित पवार गुट के नेता की हत्या मामले में तीन गिरफ्तार
मुंबई के भायखला इलाके में अजित पवार गुट के नेता सचिन कुर्मी की हत्या के मामले में भायखला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एनसीपी नेता सचिन कुर्मी की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान आनंद अशोक काले (39), प्रफुल्ल प्रवीण पाटकर (26) और विजय ज्ञानेश्वर काकड़े (34) के रूप में हुई है।
#UPDATE | Byculla police arrested three accused in the murder case of Ajit Pawar faction leader Sachin Kurmi in Mumbai's Byculla area. NCP leader Sachin Kurmi was murdered due to old enmity. The name of the accused include Anand Ashok Kale (39), Prafulla Pravin Patkar (26), Vijay… https://t.co/NaFtNVJODK
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) October 6, 2024
मुंबई की एक पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग
मुंबई की एक पांच मंजिला भवन में भीषण आग लग गई। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और बाद में आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि सेवरी इलाके में भारत इंडस्ट्रियल एस्टेट में शनिवार रात 10 बजकर 21 मिनट पर आग लगी। आग इमारत की तीसरी मंजिल पर दो दुकानों तक ही सीमित रही। सूचना पर तुरंत दमकल की गाड़ियां, पानी के टैंकर, एंबुलेंस और अन्य सहायता घटनास्थल पर पहुंची।
सीएसआर फंड का वादा कर व्यवसायी से 32 लाख रुपये ठगे, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सीएसआर फंड हासिल करने के नाम पर एक कारोबारी से 32 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की गई। इस मामले में आंध्र प्रदेश के तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि शिक्षा सेवा कंपनी चलाने वाले कारोबारी की शिकायत के आधार पर कल्याण पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया। उन्होंने आगे बताया कि धोखाधड़ी अप्रैल और जून 2017 के बीच हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि विशाखापट्टनम के रहने वाले आरोपी रतनलाल वेणु गोपालराव और साहूकारी सुनीत शेखर तथा मुंबई निवासी श्रावणी रमेश रेड्डी ने शिकायतकर्ता के लिए सीएसआर फंड सुरक्षित करने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि तीनों ने कथित तौर पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और एक प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी के दस्तावेज पेश किए। उन्होंने खुद को आरबीआई का प्रतिनिधि बताया और पीड़ित के लिए पांच करोड़ रुपये के सीएसआर फंड का प्रबंधन करने की पेशकश की। आरोपी ने कारोबारी से सीएसआर फंड हासिल करने के लिए 32 लाख रुपये मांगे थे। हालांकि, वे वादा किए गए धन या दान को वितरित करने में नाकाम रहे और पैसे वापस नहीं किए। मामले की जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के एक निजी सहकारी बैंक में नकली आभूषण गिरवी रखकर 39.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपियों ने नवंबर 2020 से नवंबर 2021 के बीच मुंब्रा इलाके में बैंक की शाखा से आभूषण गिरवी रखकर लोन लिया था। कुछ आरोपियों ने कई कर्ज लिया था। मुंब्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में ऑडिट और निरीक्षण के दौरान पता चला कि गिरवी रखे गए आभूषण असली नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारी की शिकायत के आधार पर 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर महंत नरसिंहानंद के खिलाफ एक और मामला दर्ज
यति नरसिंहानंद के खिलाफ पहले ही इस मामले को लेकर कई स्थानों पर प्राथमिकियां दर्ज कराई गई हैं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 29 सितंबर को हिंदी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया’ (एसडीपीआई) के अध्यक्ष की शिकायत पर ठाणे में मुंब्रा पुलिस ने तीन अक्तूबर को महंत के खिलाफ एक मामला दर्ज किया। मुंब्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यति नरसिंहानंद के खिलाफ कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। नरसिंहानंद के खिलाफ कई राज्यों में भी पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र के अमरावती शहर में भी उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई। वहां नागपुर गेट पुलिस थाने के बाहर उनकी टिप्पणियों को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुए जिनमें 21 पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस की 10 वैन भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उनकी टिप्पणी के खिलाफ गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों में भी प्रदर्शन हुए।
नरसिंहानंद के भड़काऊ बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गाजियाबाद में डासना देवी मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर उनके खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके बाद मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई।
नरसिंहानंद के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इनमें दिसंबर 2021 में हरिद्वार में एक सम्मेलन के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने का मामला भी शामिल है और उक्त मामले में वह जमानत पर हैं।
जमात-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष मलिक मोतसिम खान ने शनिवार को कहा कि वे महंत की ‘ईश निंदापूर्ण’ टिप्पणियों की निंदा करते हैं और उन्होंने नरसिंहानंद को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘मुसलमानों को याद रखना चाहिए कि पैगंबर मोहम्मद की महानता और गरिमा को कुछ अज्ञानी और घृणित व्यक्तियों के घृणित शब्दों से कम नहीं किया जा सकता है। हमें ऐसे उकसावे के सामने शांत रहना चाहिए और ज्ञान, धैर्य व गरिमा के साथ इन उकसावे का सामना करना चाहिए।’
खान ने कहा, ‘हम समुदाय से कई भाषाओं में पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं, नैतिकता और महान गुणों को बढ़ावा देने के लिए सार्थक कदम उठाने का आग्रह करते हैं, ताकि शांति और करुणा का सच्चा संदेश देश के हर कोने तक पहुंच सके। केवल ऐसे प्रयासों से ही हम आपसी सम्मान और सद्भाव पर आधारित समाज के निर्माण की आशा कर सकते हैं।’
पालघर में समुद्र तट के पास दिखी संदिग्ध नाव, एडवाइजरी जारी
महाराष्ट्र के पालघर जिले में समुद्र तट के पास एक संदिग्ध नाव देखी गई। इसके बाद पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। पुलिस ने कहा कि स्थानीय लोगों ने तीन अक्टूबर की आधी रात के आसपास दहानू तालुका के चिखले गांव के पास समुद्र तट पर नाव देखी और पुलिस को सूचना दी। यह नाव सामान्य जहाजों की तुलना में बड़ी और चौड़ी थी और किनारे के पास थी। जब लोगों ने इसे तट तक ले जाने के लिए अपने मोबाइल फ्लैशलाइट और दोपहिया वाहन की हेडलाइट का इस्तेमाल किया, तो यह अरब सागर में गहराई तक चला गया। तटरक्षक बल ने जहाज का पता लगाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। वहीं पालघर के पुलिस अधीक्षक ने सागरी और खादी पुलिस थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने का आदेश दिया है। साथ ही स्थानीय मछली पकड़ने वाली समितियों के साथ संवाद करने के लिए कहा है।