फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates pune liquor case death toll cm fadnavis politics

Maharashtra: नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिवाजी की प्रतिमा का CM फडणवीस ने किया उद्घाटन; इस्राइली दूत से भी मुलाकात

Sat, 06 Jun 2026 09:14 AM IST
नितिन गौतम आईएएनएस, मुंबई
आईएएनएस, मुंबई Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 06 Jun 2026 09:14 AM IST
विज्ञापन
maharashtra news updates pune liquor case death toll cm fadnavis politics
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। सीआईडी की जांच में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आठ अन्य लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जांच एजेंसियां अब इस मामले में अवैध शराब निर्माण, मेथेनॉल की आपूर्ति और उसके वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। 
विज्ञापन


सीआईडी के अनुसार, 26 से 28 मई 2026 के बीच पुणे के दापोडी और हडपसर थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब का सेवन करने के बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई पीड़ितों की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 मई को दापोडी पुलिस थाने तथा हडपसर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ महाराष्ट्र और मुंबई दारूबंदी कानून की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
विज्ञापन


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाथभट्टी शराब में जहरीले रासायनिक पदार्थ मिलाए गए थे। इसी जहरीली शराब के सेवन से दापोडी क्षेत्र में 16 और हडपसर क्षेत्र में चार लोगों की मौत हुई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 20 हो गई है। वहीं, आठ अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी अरुण जगदंब चौबे (59) और अभिषेक अरुण चौबे (34), निवासी वाशीगांव, नवी मुंबई से पूछताछ की गई। उनके बयान के आधार पर भिवंडी के वलगांव स्थित आरईएक्स इंटरनेशनल कंपनी के गोदाम की जांच की गई। यह गोदाम पहले खाद्य एवं प्रशासन विभाग द्वारा सील किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


अधिकारियों ने पंचनामा कर गोदाम को दोबारा खोला और वहां मौजूद 39 ड्रमों से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मामले में आरोपी इरफान निसार कुरैशी (50), निवासी दापोडी रेलवे स्टेशन के पास, को अदालत ने 8 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, आर्यन संजीव धोत्रे (22) को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि वह वडारवाडी क्षेत्र में अवैध हाथभट्टी शराब बेचने का काम करता था और पूरे नेटवर्क में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। इसके अलावा फुगेवाडी क्षेत्र से एक डीवीआर बरामद किया गया है। अब तक पुलिस पांच सीसीटीवी डीवीआर और हार्ड डिस्क अपने कब्जे में ले चुकी है, जिनकी मदद से आरोपियों की गतिविधियों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।




 

NEET री-टेस्ट पारदर्शी और तनावमुक्त तरीके से कराएं- सीएम फडणवीस का अधिकारियों को निर्देश
महाराष्ट्र में होने जा रही नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु और तनावमुक्त तरीके से कराई जाए। यह परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी, क्योंकि 3 मई को हुई परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के चलते रद्द कर दी गई थी। मुंबई में अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के दौरान फडणवीस ने कहा कि सभी विभाग सतर्क रहें और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे पूरी तरह चालू रहें और साइबर सुरक्षा को मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके। साथ ही, परीक्षार्थियों की जांच (फ्रिस्किंग) और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया सख्ती से लागू करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी अफवाह या गलत जानकारी का तुरंत खंडन किया जाए, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले। उन्होंने खास तौर पर पुणे और लातूर के परीक्षा केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा, क्योंकि इन जगहों पर हर साल बड़ी संख्या में नीट परीक्षार्थी आते हैं। फडणवीस ने जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली, पीने का पानी, मेडिकल सुविधा और बारिश से बचाव की पूरी तैयारी रहे।
 

रत्नागिरी में तीन संरक्षित समुद्री घोड़े बचाए गए, उपचार के बाद समुद्र में छोड़े गए
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में परित्यक्त मछली पकड़ने के जालों में फंसे तीन समुद्री घोड़ों (सीहॉर्स) को सफलतापूर्वक बचाकर उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया। यह अभियान बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी (BNHS) और राज्य वन विभाग ने संयुक्त रूप से चलाया। ये समुद्री घोड़े मिर्या, कडबादेवी और शिरगांव की खाड़ियों में फंसे मिले थे। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत सीहॉर्स को सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। बचाव के बाद उन्हें BNHS के रत्नागिरी केंद्र में उपचार और निगरानी के लिए रखा गया। पूरी तरह स्वस्थ होने पर 4 जून को उन्हें उनके मूल स्थानों पर छोड़ दिया गया।

जाली नोट रखने के मामले में कोर्ट ने किया बरी
ठाणे की एक सत्र अदालत ने 38 वर्षीय एक व्यवसायी को 2016 में नोटबंदी के बाद बैंक में छह जाली 1,000 रुपये के नोट जमा करने के प्रयास के आरोप से बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि सबूतों से पता चलता है कि उसे पहले से इस बात की जानकारी नहीं थी कि नोट नकली हैं। 30 मई के आदेश की एक प्रति शुक्रवार को उपलब्ध कराई गई। यह मामला 9 दिसंबर, 2016 का है, जब नदीम शेख ठाणे के एक निजी बैंक में 23,000 रुपये जमा कराने गए थे। नकदी की प्रक्रिया के दौरान, कैशियर ने सत्यापन मशीन के माध्यम से छह नकली 1,000 रुपये के नोटों का पता लगाया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, जिरह के दौरान, जांच अधिकारी ने भी यह स्वीकार किया कि वह केवल आंखों से देखकर नकली वस्तुओं का पता लगाने में असमर्थ थे।

केस पेपर्स में सुसाइड नोट शामिल नहीं करने पर, अधिकारी से स्पष्टीकरण देने का आदेश
महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला नीट उम्मीदवार द्वारा कथित तौर पर लिखे गए आत्महत्या पत्र को मामले के कागजात में संलग्न करने में विफल रहने के आरोप में एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार ने दी। डीसीपी (जोन 2) नित्यानंद झा ने कहा, ‘स्टेशन डायरी में आत्महत्या नोट का जिक्र था। हालांकि, इसे केस पेपर्स के साथ संलग्न नहीं किया गया था।’ उन्होंने कहा कि लापरवाही के लिए अंबाजारी पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी निखिल तबहाने के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मध्य प्रदेश की रहने वाली आकांक्षा चतुर्वेदी (18) नाम की एक NEET-UG परीक्षा की उम्मीदवार ने कथित तौर पर 3 मई को परीक्षा में बैठने के कुछ दिनों बाद 20 मई को नागपुर में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस भावुक नोट में, चतुर्वेदी ने कथित तौर पर कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि वह दोबारा परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करेंगी, जिसका आदेश राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने परीक्षा रद्द करने के बाद पेपर लीक के आरोपों के बीच दिया था।



 

मुख्यमंत्री फडणवीस ने छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का किया अनावरण

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। यह शिवराज्याभिषेक दिवस या मराठा राजा के राज्याभिषेक दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। मुख्यमंत्री फडनावीस ने कहा ‘मुझे पूरा विश्वास है कि इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने या जाने वाला प्रत्येक यात्री महाराज की छवि, प्रतिमा और स्मारक से प्रेरणा और ऊर्जा प्राप्त करेगा।' पिछले दिसंबर में चालू हुए हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की 20 फुट ऊंची कांस्य की घुड़सवार प्रतिमा स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने राज्याभिषेक दिवस को एक पवित्र अवसर बताते हुए कहा कि यह हिंदवी स्वराज की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले हवाई अड्डे पर प्रतिमा स्थापित करने का सुझाव दिया था क्योंकि यह रायगढ़ जिले में स्थित है, जहां स्वराज की राजधानी रायगढ़ किला स्थित है।

इसके साथ ही दिवंगत किसान नेता डीबी पाटिल के नाम पर नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम रखने की मांग पर फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। इस मामले को केंद्र के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, 'हमने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है। केंद्र सरकार के साथ अनुवर्ती कार्रवाई चल रही है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नामकरण की प्रक्रिया पूरी हो जाए।
 

इस्राइल के महावाणिज्यदूत से मिले मुख्यमंत्री
मुंबई में इस्राइल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री फडनाविस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा 'आज मुंबई स्थित मेरे आधिकारिक आवास पर इस्राइल के महावाणिज्यदूत  यानिव रेवाच से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई।'

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed