Maharashtra: पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर पति को पड़ा दिल का दौरा; दोनों की मौत
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात जैसे ही साल्वी घर लौटा, उसके और उसकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर उसने अपनी रिवॉल्वर निकाली और अपनी पत्नी पर दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात जैसे ही साल्वी घर लौटा, उसके और उसकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर उसने अपनी रिवॉल्वर निकाली और अपनी पत्नी पर दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद साल्वी जमीन पर गिर गया और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई। साल्वी के करीबी सूत्रों ने बताया कि जब साल्वी ने अपनी पत्नी पर रिवॉल्वर तान दी, तो उसने शोर मचाया और अपने बेटे को बुलाया, लेकिन उसके मौके पर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस हत्या के पीछे के सटीक मकसद का पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक, साल्वी कलवा के एक प्रभावशाली परिवार से थी, क्योंकि इसके सदस्य स्थानीय राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए जाने जाते हैं। कई नागरिक और अन्य परियोजनाओं का नाम उनके पिता स्वर्गीय यशवंत राम साल्वी के नाम पर रखा गया है।
महिला ने 10 मंजिला इमारत से कूदकर जान दे दी
ठाणे जिले में 20 वर्षीय एक महिला ने अपने पति से झगड़े के बाद कथित तौर पर 10 मंजिला इमारत से कूदकर जान दे दी। मानपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह डोंबिवली शहर में हुई, जब नवविवाहित जोड़ा एक रिश्तेदार से मिलने गया था। मृतका की पहचान पूजा करण सोलंकी के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पीड़िता किसी से चैट कर रही थी और उसके पति ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
छत्तीसगढ़ से पलंग पर नाबालिग को इलाज के लिए महाराष्ट्र लाया गया
छत्तीसगढ़ में एक 17 वर्षीय बीमार लड़की को इलाज के लिए उसके रिश्तेदारों ने पलंग पर 25 किमी दूर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ले गए। यह घटना राज्य के आदिवासी इलाकों में बुनियादी ढांचे की कमी को उजागर करता है।
बस्तर जिले के मोटवाड़ा गांव के बकावंड क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग को उसके रिश्तेदार शुक्रवार को इलाज के लिए गढ़चिरौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। गढ़चिरौली तक पहुंचने का सफल आसान नहीं था, रिश्तेदारों ने लड़की को एक पलंग पर रखकर उसे उठाकर यहां तक पहुंचे थे।
नाबालिग बस्तर जिले के मेटावाड़ा गांव के बकावंड क्षेत्र की रहने वाली है। उसके रिश्तेदार उसे इलाज के लिए गढ़चिरौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक लेकर आए। लहेरी पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संभाजी भोकरे ने कहा कि लड़की को पिछले कई दिनों से बुखार था और उल्टी भी रही थी। उसका तुरंत इलाज कराया गया और फिलहाल वह ठीक है।
मानसून के कारण मलेरिया तेजी से फैल रहा है, जिस वजह से छत्तीसगढ़ के पांच जिलों से लोग लहेरी पीएचसी में इलाज के लिए आ रहे हैं। दरअसल, यह अस्पताल उनके इलाके से काफी नजदीक है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन के पास एम्बुलेंस हैं और स्थानीय लोगों के साथ फोन नंबर भी साझा किया हुआ है।
उन्होंने बताया कि ये गांव पहाड़ी इलाकों में स्थित हैं, जहां मोटर योग्य सड़कें नहीं हैं और नेटवर्क कनेक्टिविटी खराब है। लोगों के पास पैदल चलकर जाने के अलावा कोई दूसरा उपाय भी नहीं है।
नागपुर के आईटी पेशेवर से 42.55 लाख रुपये की ठगी
महाराष्ट्र के नागपुर के एक आईटी पेशेवर ने कथित तौर पर एक ऑनलाइन टास्क धोखाधड़ी में 42.55 लाख रुपये खो दिए, जिसमें साइबर जालसाजों ने उसे पैसे कमाने के लिए विभिन्न कार्य करने का लालच दिया। इसकी जानकारी पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि मामला इस सप्ताह की शुरुआत में तब सामने आया जब पीड़ित ने शिकायत के साथ साइबर पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद धारा 420 (धोखाधड़ी) और भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, प्रफुल्ल रागराव गोंडेकर (30) को व्हाट्सएप पर ऑनलाइन अंशकालिक नौकरी के लिए एक लिंक मिला और उन्हें 'एलवाई ऑनलाइन ट्रेडिंग डी101' नामक चैट समूह में जोड़ा गया, जिसमें 35 सदस्य थे। जालसाजों की बातों में आकर पीड़ित ने वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराया, लेकिन कोई पैसा नहीं कमा सका।
उन्होंने कहा, जून के बाद से उन्हें ऐसे कई कार्य करने के लिए कहा गया, लेकिन हर बार काम पूरा करने में असफल होने पर उन्हें पैसे का नुकसान हुआ। अधिकारी ने कहा कि गोंडेकर को दो महीने में जालसाजों के कारण 42.55 लाख रुपये का नुकसान हुआ और जांच चल रही है।
मुंबई में जर्मन नागरिक से 9.95 लाख रुपये की ठगी
जयपुर के तीन लोगों ने कथित तौर पर एक 24 वर्षीय जर्मन नागरिक को धोखा दिया, जिन्होंने उसे कीमती आभूषण बेचने के बहाने 9.95 लाख रुपये की नकदी और सोना ले लिया। मुंबई पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 24 अगस्त को सांताक्रूज के एक होटल से एक आरोपी जाकिर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता सोरेन हबरमैन जयपुर घूमने आये थे, जब तीन आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और कहा कि उनके पास कुछ कीमती अंगूठियां और कंगन हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है और वह उनके साथ व्यापार कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों ने कथित तौर पर विदेश में सोरेन के घर पर 2,000 रुपये के नकली आभूषण भेजे और भुगतान के तौर पर उनसे 15 लाख रुपये की मांग की। जब सोरेन जयपुर और दिल्ली में पैसे निकालने में विफल रहे, तो तीनों उन्हें लेकर मुंबई पहुंचे।
अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता एटीएम केंद्रों से 3.75 लाख रुपये निकालने में कामयाब रहा और 6.20 लाख रुपये के सोने के बिस्कुट खरीदे, जिसे उसने तीनों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता को जल्द ही संदेह हो गया और उसने पुलिस से संपर्क किया।
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर शुक्रवार शाम से हुई हिंसा के दौरान महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की कम से कम 20 बसें फूंक दी गई हैं। एमएसआरटीसी के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यहां कहा कि विरोध प्रदर्शन के कारण एमएसआरटीसी के 250 में से 45 डिपो बंद हैं।
एमएसआरटीसी के प्रवक्ता अभिजीत भोसले ने कहा कि बीड, जालना, परभणी, उस्मानाबाद और अहमदनगर में बस डिपो पूरी तरह से बंद हैं। मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान अब तक 20 बसों को आग लगा दी गई है। महाराष्ट्र में अन्य स्थानों पर बसों की आवाजाही सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन की कुछ बसों और कुछ निजी वाहनों को आग लगा दी।
पूर्व भाजपा विधायक के बेटे ने बांद्रा-वर्ली सी लिंक की रेलिंग को कार से मारी टक्कर
भाजपा के एक पूर्व विधायक के बेटे ने शनिवार को कथित तौर पर अपनी लेम्बोर्गिनी हुराकन कार को बांद्रा-वर्ली सी लिंक की रेलिंग से टकरा दिया। पुलिस ने बारे में बताया कि मीरा-भयंदर के पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता के बेटे तक्षशील सुबह करीब साढ़े सात बजे वर्ली की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने लग्जरी वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार रेलिंग से जा टकराई।
अधिकारी ने बताया कि तक्षील का दाहिना हाथ जल गया, लेकिन दुर्घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा, दुर्घटना के बाद मार्ग पर यातायात की भीड़ को रोकने के लिए वर्ली पुलिस कार को पुलिस स्टेशन ले गई। अधिकारी ने बताया कि तक्षील के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (तेज गाड़ी चलाना) और 336 (दूसरों की जान या निजी सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यस बैंक घोटाले के आरोपी कपिल वधावन को नासिक जेल भेजने की अनुमति
मुंबई की एक विशेष अदालत ने यस बैंक में घोटाले से जुड़े एक मामले के आरोपी कपिल वधावन को नासिक जेल स्थानांतरित करने की अनुमति दे दी। हाल ही में कुछ समाचार चैनलों ने तलोजा जेल में बंद वधावन को इलाज की आड़ में सरकारी अस्पताल में अपने रिश्तेदारों से मिलते और मोबाइल फोन व लैपटॉप इस्तेमाल करते दिखाया था। इसके बाद जेल अधिकारियों ने विशेष अदालत के समक्ष आवेदन दायर किया, जिसमें कपिल वधावन को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की गई।
धन शोधन निवारण अधिनियम और सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने शुक्रवार को आदेश पारित किया। सूत्रों ने बताया कि वधावन को तुरंत नासिक स्थानांतरित कर दिया गया। डीएचएफएल के प्रवर्तकों में से एक वधावन प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा जांच किए गए धोखाधड़ी के कई मामलों में आरोपी हैं।
नवी मुंबई में 4.96 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित दवाएं जब्त
नवी मुंबई पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया और 4.96 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित दवाएं जब्त कीं। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इस अभियान के तहत शुक्रवार को वाशी, कोपरखैरणे, खारघर और तलोजा सहित छह स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 74 विदेशी नागरिकों से पूछताछ की गई और पांच लोगों के खिलाफ एनडीपीएस और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने बताया कि कुल नौ लोग अवैध दस्तावेजों के साथ यहां रहते हुए पाए गए, जबकि 31 लोगों को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया है, जिनके वीजा की अवधि समाप्त हो गई है।