Maharashtra: ठाणे जिले में दस महीने में दर्ज किए गए ड्रग्स से जुड़े 663 मामले, 771 लोगों को किया गया गिरफ्तार
Maharashtra: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में इस साल जनवरी से 13 अक्तूबर तक मादक पदार्थ से संबंधित 660 से अधिक मामले दर्ज किए गए और इस संबंध में 771 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
विस्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में इस साल जनवरी से 13 अक्तूबर तक मादक पदार्थ से संबंधित 660 से अधिक मामले दर्ज किए गए और इस संबंध में 771 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि के दौरान मादक पदार्थ तस्करों के पास से 3.68 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और वाहनों सहित अन्य सामान जब्त किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने हाल ही में यहां आयोजित जिला स्तरीय मादक पदार्थ रोधी समन्वय समिति की बैठक के दौरान ये आंकड़े उपलब्ध कराए। ठाणे के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पंजाबराव उगाले ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
ठाणे पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) के वरिष्ठ निरीक्षक संजय शिंदे ने बैठक में कहा,'ठाणे जिले में एक जनवरी से 13 अक्तूबर के बीच मादक पदार्थ से संबंधित कुल 663 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में 771 लोगों को गिरफ्तार किया गया और मादक पदार्थ तस्करों से 3,68,86,698 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और सामान जब्त किए गए।
उन्होंने कहा, इस अवधि के दौरान गांजे से संबंधित कुल 39 मामले दर्ज किए गए और 53 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 739,1,16,46 रुपये मूल्य का 739 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि 64,92,870 रुपये की कीमत का मेफेड्रोन बरामद किया गया और इसका वजन 1.585 किलोग्राम है। इस सिलसिले में 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 29 मामले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चरस की बरामदगी से जुड़े छह मामले दर्ज किए गए थे। इससे जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 72,74,000 रुपये मूल्य का आठ किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान 58,80,000 रुपये की कोकीन जब्त की गई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि 1.20 लाख रुपये मूल्य की 20 ग्राम एलएसडी और 65,80,000 रुपये मूल्य की 13 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
हमला के आरोप में मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी के खिलाफ एफआईआर
मुंबई पुलिस के एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ निरीक्षक और उनके दो भाइयों के खिलाफ संपत्ति विवाद को लेकर अपनी बहन की आटा चक्की में कथित तौर पर घुसने और उसकी दीवार गिराने की कोशिश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्राथमिकी के मुताबिक, कथित घटना सोमवार को उपनगर सांताक्रूज के कलीना में हुई। अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच संपत्ति विवाद है और मामला अदालत पहुंच गया है। उन्होंने कहा, 'सोमवार को सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक और उनके दो भाई आटा मिल पर पहुंचे और वहां कर्मचारी को पीटना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की बहन को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस से संपर्क किया और अपने तीन भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।'
अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 452 (चोट पहुंचाने, हमला करने या गलत तरीके से रोकने की तैयारी के बाद घर में जबरन घुसने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।