नवाब मलिक पर बोले फडणवीस: जो पहले कभी महाराष्ट्र या देश में नहीं हुआ, वह अब यहां होता देखा जा रहा
महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद राजनीति तेज हो गई है। इस बीच मलिक के केस को खारिज करने की याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट आज सुनवाई भी करेगा। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की गिरफ्त से बाहर आने के लिए मलिक ने हाईकोर्ट में याचिका दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के मामले पर अब राजनीति तेज हो गई है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने नवाब पर हमला बोलते हुए उन्हें दाऊद इब्राहिम का मददगार करार दिया। फडणवीस ने कहा जो पहले कभी महाराष्ट्र या देश में नहीं हुआ था, वह अब यहां होता देखा जा सकता है। बम विस्फोट के आरोपी दाऊद इब्राहिम के साथ मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल नवाब मलिक को बचाने के लिए पूरी राज्य कैबिनेट और राज्य सरकार खड़ी है।
जिस सरकार के मुखिया शिवसेना के नेता, वह मुंबई को बर्बाद करने के पीछे खड़ी
फडणवीस ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस सरकार के मुखिया शिवसेना के नेता हैं, वह मुंबई को बर्बाद करने वाले के पीछे खड़ी है। नवाब मलिक इस्तीफा दें, हम इसके लिए विधानसभा में लड़ेंगे। फडणवीस ने कहा कि जिन लोगों के हाथ मुंबई विस्फोट में मारे गए निर्दोष लोगों के खून से सने हैं, उन्हें शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार समर्थन दे रही है। वे किसके साथ हैं? जिस पर दाऊद इब्राहिम की मदद करने का आरोप है।
मलिक को हाईकोर्ट से राहत नहीं
अंडरवर्ल्ड कनेक्शन और मनी लांड्रिंग के मामले में गिरफ्तार नवाब मलिक को बांबे हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। मलिक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी को चुनौती दी है। बुधवार को जस्टिस सुनील सुक्रे और जस्टिस जीएन सानप ने ईडी से इसका जवाब देने के लिए कहा और मामले की अगली सुनवाई 7 मार्च को निश्चित की गई। बीते 23 फरवरी को ईडी ने भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। वह तीन मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं।
मलिक से इस्तीफा न मांगना ध्रुवीकरण की कोशिश
फडणवीस ने कहा, मलिक का इस्तीफा न मांगकर सरकार एक खास समुदाय को खुश करने और राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुंबई धमाकों के जख्म अभी ताजा हैं। लोग इसे अब तक भूले नहीं हैं। अगर धमाकों के सबूत बाहर आएंगे तो उन पर उनकी सरकार कार्रवाई भी करेगी। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, अगर नवाब मलिक ने कैबिनेट से इस्तीफा नहीं दिया तो हम विधानमंडल का बजट सत्र नहीं चलने देंगे। इस बीच, भाजपा ने बजट सत्र की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा आयोजित परंपरागत ‘चाय पार्टी’ का बहिष्कार किया।
किसी कीमत पर नहीं होगा मलिक का इस्तीफा: जयंत
विपक्षी दल भाजपा की ओर से नवाब मलिक के इस्तीफे की मांग पर प्रदेश एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटिल ने बुधवार को दो टूक कहा, किसी भी कीमत पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मलिक का इस्तीफा नहीं होगा। अपराध साबित होने तक मंत्री का इस्तीफा अनिवार्य नहीं है। पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा की तरफ से महा विकास आघाड़ी सरकार को संकट में डालने का प्रयास किया जा रहा है। बजट सत्र के दौरान भाजपा को अपना रुख पेश करने दीजिए उसके बाद जवाब दिया जाएगा।
यह है पूरा मामला
बता दें कि नवाब मलिक पर मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण में संलिप्तता के आरोप लगे हैं। मलिक पर आरोप है कि वो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से संबंधित जमीन डील से जुड़े रहे है। ईडी अंडरवर्ल्ड से संबंधित मामले की जांच कर रही है और हाल ही में अंडरवर्ल्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। कुछ हफ्ते पहले ईडी ने दाऊद के भाई इकबाल कासकर को पकड़ लिया था।