महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : बेरोजगारों को हर महीने पांच हजार रुपये देगी यूथ कांग्रेस
- घोषणापत्र में दावा, स्थानीय युवाओं को नौकरियों में 80 फीसदी आरक्षण
- शिक्षित बेरोजगारों को कांग्रेस देगी हर महीने पांच हजार रुपये का मानदेय
- सरकार बनी तो किसानों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लोन में गारंटर बनेगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिवसेना की 'राजनीतिक लाइन' लगने वाले ये दो वादे शनिवार को कांग्रेस के युवा संगठन यूथ कांग्रेस ने किए। यूथ कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने अपनी तरह का अनोखा चुनावी घोषणापत्र पेश करते हुए 21 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए स्थानीय युवाओं पर डोरे डालने की भरपूर कोशिश की है।
यूथ कांग्रेस ने घोषणापत्र में स्थानीय मेधावी छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों से पढ़ाई करने के लिए सरकारी छात्रवृत्ति दिलाने, शिक्षा ऋण में छूट दिलाने और दिव्यांग युवाओं को उच्च शिक्षण संस्थानों में मुफ्त शिक्षा का अधिकार दिलाने की घोषणा की है। घोषणापत्र में कहा गया है कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो किसानों के बच्चों को उच्च शिक्षा लेने के लिए वह बैंक में गारंटर की भूमिका निभाएगी।
महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सत्यजीत तांबे ने दावा किया कि उनके ‘वेक अप महाराष्ट्र, एक्ट टुडे फॉर योर टुमॉरो’ कार्यक्रम के प्लेटफार्म से करीब तीन करोड़ युवा जुड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 30 सितंबर, 2019 तक लिए गए सभी शिक्षा ऋण भी उनकी पार्टी की सरकार माफ कराएगी।
कांग्रेस आरे और पीएमसी मामले को बना सकती है चुनावी मुद्दा
महाराष्ट्र में गुटबाजी का शिकार हुई कांग्रेस आरे कॉलोनी और पीएमसी बैंक मामले को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। पार्टी ने शनिवार को इसके संकेत दिए। साथ ही संजय निरुपम और उर्मिला मतोंडकर समेत खफा हो चुके नेताओं को भी मनाने की पूरी तैयारी है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ ने कहा, मुंबई की जनता आरे कॉलोनी में पेड़ काटे जाने, सड़कों में गड्ढे और पीएमसी बैंक घोटाले से त्रस्त है। ऐसे में इसे मामले से त्रस्त हो गई। इन सभी मामलों में राज्य सरकार की नाकामी साफ दिख रही है। जनता का इस सरकार पर भरोसा नहीं रह गया है।
संजय निरुपम की नाराजगी पर पूर्व सांसद ने कहा, संजय निरुपम कांग्रेस में टिकट बंटवारे की प्रक्रिया से वाकिफ हैं और अगर इसके बाद भी इन्हें कोई मतभेद दिखाई दे रहा है तो उन्हें एआईसीसी महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से मिलकर अपनी गलतफहमी को दूर करना चाहिए।
पूर्व सांसद ने कहा कि उन्होंने उर्मिला मतोंडकर से बात की है और उम्मीद है कि वे और निरुपम चुनाव प्रचार में साथ आएंगे। मुंबई कांग्रेस में गुटबाजी पर गायकवाड़ ने कहा, ऐसा कुछ नहीं है बस कुछ गलतफहमियां हैं जिन्हें जल्द ठीक कर लिया जाएगा।