कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती, गठबंधन के साथ पार्टी की जमीन बनाने की मुश्किल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता यह मानते हैं कि दिल्ली की राजनीति में जीत के लिए आप के साथ गठबंधन कर लिया जाना चाहिए, लेकिन गठबंधन के लिए आप की तरफ से की गई पेशकश पार्टी को अपनी साख के साथ-साथ अपने राजनीतिक भविष्य के लिए भी अनुपयुक्त लग रहा है। यही कारण है कि नामांकन के दो दिन रह जाने के बाद भी अभी तक गठबंधन मामले का पटाक्षेप नहीं हो पाया है। रविवार को पार्टी के एक केंद्रीय नेता ने यह स्वीकार किया कि पार्टी के कई शीर्ष नेताओं का मानना है कि दिल्ली में आप के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन समझौते के अंतिम रूप पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
दिल्ली कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि आप दिल्ली में कांग्रेस को महज दो सीटें देना चाहती है, लेकिन हमारे लिए यह दिल्ली में अपने अस्तित्व को खत्म करने को स्वीकार करने जैसा होगा। दूसरी बात, इससे कुछ ही समय बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भी अभी से अपने आपको दूसरे नंबर पर स्वीकार कर राजधानी में अपनी संभावनाएं खत्म करने जैसा होगा। इसलिए इस समझौते के तहत गठबंधन स्वीकार नहीं होगा।
वहीं, अगर उसके दूसरे विकल्प, यानी हरियाणा में गठबंधन करने का अर्थ एक अन्य राज्य में भी आप को फैलने का मौका देने जैसा होगा। पार्टी नेता ने कहा कि दिल्ली में आप के मजबूत होने के पीछे हमारे ही एक नेता का गलत फैसला था। पार्टी अब उसी गलती को अन्य राज्यों में दोहराना नहीं चाहती।
कांग्रेस की तरफ से समझौते में क्या
राहुल गांधी पहले ही आप के सामने 4:3 का विकल्प रख चुके हैं। 5:2 का फॉर्मूला पहले ही कांग्रेस पार्टी नेताओं के द्वारा अस्वीकार किया जा चुका है। ऐसे में गठबंधन केवल 4:3 की संभावना पर ही संभव है। आप के द्वारा दिल्ली और चंडीगढ़ के विकल्प पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि इस पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को फैसला करना है।
वहीं दिल्ली कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने कहा कि गठबंधन की बात तो केंद्रीय नेतृत्व पर है। लेकिन समझौता न होने की स्थिति के लिए हम चुनाव के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रविवार देर रात या सोमवार सुबह ही उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की जा सकती है।