झारखंड में राजद को झटका, इन समीकरणों की वजह से भाजपा में शामिल हुईं अन्नपूर्णा देवी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड में राजद को बड़ा झटका लगा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेहद करीबी मानी जानेवाली पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा ज्वाइन कर लिया। उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने भी भाजपा की सदस्यता ली। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने भी पार्टी से किनारा कर लिया है।
सदस्यता ग्रहण के वक्त भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री रघुवर दास और लक्ष्मण गिलुवा भी मौजूद दिखे। मालूम हो कि अन्नपूर्णा देवी ने रविवार की शाम सीएम आवास पर जाकर रघुवर दास और भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद राजद ने अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से निष्कासित कर दिया और उनकी जगह पर राजद का प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा को बनाया है।
अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में आने से कोडरमा की राजनीति में हलचल मच गई है। यहां की तीन प्रमुख महिला नेताओं में अन्नपूर्णा का कद सबसे बड़ा है। कोडरमा संसदीय क्षेत्र यादवों के प्रभाव वाला है और अन्नपूर्णा यादव वर्ग से ही आती हैं। उनके आने से नीरा यादव व शालिनी गुप्ता दोनों के लिए राजनीतिक संभावनाएं सीमित हो सकती हैं।
महागठबंधन की बैठक में नहीं गई थीं अन्नपूर्णा
रविवार को हुई महागठबंधन की बैठक में राजद की ओर से अन्नपूर्णा शामिल नहीं हुई थीं, बल्कि बीमार होने की बात कह कर अपने एक प्रतिनिधि को भेजा था। झारखंड में महागठबंधन की सीटों के एलान के बाद यह संभावना मजबूत हो गई थी कि वह राजद छोड़ सकती हैं। कोडरमा सीट बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के खाते चली गई है। ऐसे में महागठबंधन में रहते हुए अन्नपूर्णा देवी का लोकसभा चुनाव लड़ना मुश्किल हो रहा था।
मौजूदा सांसद का टिकट काट अन्नपूर्णा को देंगे मौका!
भारतीय जनता पार्टी ने अबतक कोडरमा सीट से नाम का एलान नहीं किया है। यहां से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय मौजूदा सांसद हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद पार्टी ने उनके नाम का एलान नहीं किया है। इस वजह से चर्चा हो रही है कि उनका टिकट कट सकता है। अब यह देखना दिचलस्प होगा कि भाजपा अन्नपूर्णा देवी या रवींद्र राय में किस पर चुनावी दांव खेलती है।