{"_id":"64d63902280909cd4809c1d8","slug":"lakshadweep-administration-introduces-new-uniforms-for-school-children-2023-08-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lakshadweep: लक्षद्वीप में स्कूली बच्चों के लिए होगी नई यूनिफॉर्म, सांसद फैजल बोले- हिजाब का कोई जिक्र नहीं","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Lakshadweep: लक्षद्वीप में स्कूली बच्चों के लिए होगी नई यूनिफॉर्म, सांसद फैजल बोले- हिजाब का कोई जिक्र नहीं
Fri, 11 Aug 2023 07:04 PM IST
Jeet Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
Published by: Jeet Kumar
Updated Fri, 11 Aug 2023 07:04 PM IST
सार
लक्षद्वीप प्रशासन ने स्कूली बच्चों के लिए बेल्ट, टाई, जूते, मोजे आदि सहित नई स्कूल यूनिफॉर्म पेश की है। लेकिन अब इस पर लक्षद्वीप के सांसद मोहम्मद फैजल ने सवाल उठा दिए हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
लक्षद्वीप प्रशासन ने स्कूली बच्चों के लिए बेल्ट, टाई, जूते, मोजे आदि सहित नई स्कूल यूनिफॉर्म पेश की है। लेकिन अब इस पर लक्षद्वीप के सांसद मोहम्मद फैजल ने सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नई यूनिफॉर्म में स्कार्फ या हिजाब का कोई जिक्र नहीं है। यह किसी व्यक्ति के संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन है। हम इससे राजनीतिक और कानूनी तौर पर लड़ेंगे।
विज्ञापन
लक्षद्वीप के सांसद मोहम्मद फैजल ने आरोप लगाया है कि शिक्षा विभाग के तहत स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियों के स्कार्फ और हिजाब पहनने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। लक्षद्वीप प्रशासन ने यूनिफॉर्म के संबंध में 10 अगस्त को स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को परिपत्र जारी किया। वहीं, शिक्षा विभाग ने कहा है कि वे छात्रों की नई यूनिफॉर्म में एकरूपता सुनिश्चित करेंगे, इससे छात्रों में अनुशासन की भावना पैदा होगी।
विज्ञापन
सर्कुलर में कहा गया है कि निर्धारित यूनिफॉर्म पैटर्न के अलावा अन्य चीजें पहनने से स्कूली बच्चों के बीच एकरूपता की अवधारणा प्रभावित होगी। स्कूलों में अनुशासन और समान ड्रेस कोड बनाए रखना प्रिंसिपल और स्कूल प्रमुखों की जिम्मेदारी है। साथ ही शिक्षा विभाग ने दावा किया कि नए यूनिफॉर्म पैटर्न के निर्णय से छात्रों, अभिभावकों, जन प्रतिनिधियों आदि सहित सभी हितधारकों से सराहना मिली है।
विज्ञापन
वहीं सांसद फैजल ने दावे का खंडन करते हुए कहा कि नया यूनिफॉर्म पैटर्न स्कूल प्रबंधन समिति या जन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा किए बिना पेश किया गया है। साथ ही कहा कि लक्षद्वीप के लोग इसका विरोध कर रहे हैं, और अगर उन अधिकारों से इनकार किया गया, तो 100 फीसदी छात्र कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे, और लक्षद्वीप में नो क्लास की स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि द्वीपों में 99.9 प्रतिशत छात्राएं स्कार्फ पहनती हैं।
सूत्रों ने बताया कि शिक्षा विभाग लक्षद्वीप के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यूनिफॉर्म वितरित करता है, और उनके साथ स्कार्फ भी प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार स्कूल यूनिफॉर्म के साथ स्कार्फ नहीं होंगे।
नए निर्देश के मुताबिक, पांचवीं कक्षा तक के लड़कों को हाफ-पैंट (चेक डिजाइन) और आसमानी नीली आधी आस्तीन वाली शर्ट होगी और लड़कियों को एक स्कर्ट (चेक डिजाइन फैब्रिक) और एक आसमानी नीली आधी आस्तीन वाली शर्ट निर्धारित की गई है।
इसी तरह कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाले लड़कों को नेवी ब्लू रंग की फुल पैंट और स्काई ब्लू आधी बांह की शर्ट पहनने का निर्देश दिया गया है। समान कक्षा की लड़कियों को नेवी ब्लू डिवाइडर स्कर्ट और स्काई ब्लू आधी आस्तीन वाली शर्ट पहननी होगी।