Ladakh: मोदी सरकार में लद्दाख में हुए विकास को दिखाने के लिए राहुल का शुक्रिया, रिजिजू का कांग्रेस नेता पर तंज
पैंगोंग त्सो में राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोटरसाइकल यात्रा में भाग लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को लद्दाख में अपनी मोटरसाइकल यात्रा की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इसके तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लद्दाख में बनाई गई आरामदेह और बेहतरीन सड़कों को सामने लाने के लिए राहुल गांधी की सराहना की। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया और दावा किया कि यह 2012 का वीडियो है। इसमें लद्दाख के पैंगोंग त्सो जाने वाले मार्ग पर पत्थर और बोल्डर जहां-तहां गिरे नजर आ रहे हैं और कई वाहन उससे बचते-बचाते निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके साथ ही, पृथ्वी विज्ञान मंत्री रिजिजू ने राहुल गांधी की भी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कांग्रेस नेता एक मोटरसाइकिल पर बैठे हैं और उनके पीछे पैंगोंग त्सो जाने वाला मार्ग नजर आ रहा है जो बेहद ही शानदार और चमकीला है। पैंगोंग त्सो में राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
Thanks to Rahul Gandhi for promoting excellent roads of Ladakh built by the @narendramodi govt. Earlier, he also showcased how Tourism is booming in Kashmir Valley & reminded all that our "National Flag" can be peacefully hoisted at Lal Chowk in Srinagar now! pic.twitter.com/vta6HEUnXM
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) August 19, 2023
वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी एक्स पर लिखा, लेह और लद्दाख में अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के बाद के घटनाक्रम को देखने और उसके बारे में प्रचार करने के लिए राहुल गांधी ने स्वयं घाटी की यात्रा की है। हम उनकी सड़क यात्रा की झलकियां देखकर उत्साहित और खुश हैं।
राहुल गांधी शनिवार को लद्दाख की सड़कों पर स्पोर्ट्स बाइक दौड़ाते नजर आए थे। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इस रोमांचक यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पैंगोग झील की तरफ जा रहा हूं। वह रविवार को वहीं पर पिता राजीव गांधी का जयंती मनाएंगे। बाइक की सवारी की तस्वीरें साझा करने के साथ राहुल ने पिता को भी याद किया। उन्होंने लिखा, पैंगोग झील की ओर जा रहा हूं, जिसके बारे में पिता बताया करते थे कि दुनिया के सबसे खूबसूरत स्थानों में से एक है।
गौरतलब है कि अनुच्छेद-370 समाप्त कर दो केंद्र शासित क्षेत्र जम्मू-कश्मीर और लद्दाख बनाए जाने के बाद से राहुल की यह पहली लद्दाख यात्रा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल बृहस्पतिवार को दो दिन की यात्रा पर लद्दाख पहुंचे थे, लेकिन उनका दौरा 25 अगस्त तक बढ़ गया है।