फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Kichcha Sudeepa: actor Kichcha Sudeepa and karnataka cm meet ahead of elections its meaning and impact

Kichcha Sudeepa: कर्नाटक चुनाव के बीच चर्चा में किच्चा सुदीप, कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री का सियासत में कितना असर?

Wed, 05 Apr 2023 05:42 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Wed, 05 Apr 2023 05:42 PM IST
विज्ञापन
सार
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता कलाकार ने बुधवार को बंगलुरु के होटल में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से मुलाकात की। सुदीप ने एलान किया है कि वो चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेंगे।
loader
Kichcha Sudeepa: actor Kichcha Sudeepa and karnataka cm meet ahead of elections its meaning and impact
किच्चा सुदीप - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 का एलान हो चुका है। सत्ताधारी भाजपा समेत सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में लगी हैं। इसी बीच, कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता किच्चा सुदीप ने एलान किया है कि वो चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेंगे। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि वो भाजपा में शामिल होंगे जिसका उन्होंने खंडन किया। भले ही समर्थन के जरिए ही किच्चा सुदीप राजनीति में कदम बढ़ा रहे हैं लेकिन उनसे पहले कई कन्नड़ अभिनेता फिल्मों में एक सफल करियर होने के बाद, राजनीति में भी हाथ आजमा चुके हैं। इसमें कई फिल्मी कलाकारों ने सफलता भी पाई है। 


कर्नाटक चुनाव से पहले किच्चा सुदीप चर्चा में क्यों हैं? कौन हैं किच्चा सुदीप? सुदीप ने हालिया अटकलों पर क्या प्रतिक्रिया दी? पहले कौन से कन्नड़ अभिनेता कर्नाटक की राजनीति में किस्मत आजमा चुके हैं? आइये जानते हैं…

किच्चा सुदीप और बसवराज बोम्मई
किच्चा सुदीप और बसवराज बोम्मई - फोटो : SOCIAL MEDIA
कर्नाटक चुनाव से पहले फिल्म स्टार किच्चा सुदीप चर्चा में क्यों? 
कन्नड़ के लोकप्रिय अभिनेता और फिल्म स्टार किच्चा सुदीप अपनी फिल्मों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। फैंस किच्चा की फिल्मों को देखना काफी पसंद करते हैं। ऑडियंस किच्चा को काफी पसंद भी करती है। अब फिल्म स्टार सुदीप ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी के लिए चुनावी समर्थन की घोषणा की है।

कलाकार ने बुधवार दोपहर दो बजे के आसपास बंगलुरु के एक निजी होटल में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पार्टी के अन्य नेताओं से मुलाकात की। इससे पहले फरवरी में कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने किच्चा सुदीप से उनके घर पर मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद भी कयासों का बाजार गर्म हो गया था कि किच्चा कांग्रेस से जुड़ने जा रहे हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

किच्चा सुदीप की फिल्में
किच्चा सुदीप की फिल्में - फोटो : सोशल मीडिया
कौन हैं किच्चा सुदीप?
सुदीप कन्नड़ सिनेमा के जानेमाने अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, पटकथा लेखक, पार्श्व गायक और एंकर हैं।  उन्होंने अपनी फिल्मों हुच्चा (2001), नंदी (2002) और स्वाति मुथु (2003) के लिए लगातार तीन साल सर्वश्रेष्ठ अभिनेता - कन्नड़ का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता। 2013 से, वह टेलीविजन रियलिटी शो बिग बॉस को कन्नड़ भाषा में होस्ट कर रहे हैं। किच्चा सुदीप साउथ ही नहीं बल्कि बॉलीवुड का भी जाना माना नाम हैं। किच्चा ने फिल्म 'फूंक' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वह सलमान खान की फिल्म 'दबंग 2' में वह विलेन के रूप में नजर आए थे।

किच्चा सुदीप और बसवराज बोम्मई
किच्चा सुदीप और बसवराज बोम्मई - फोटो : SOCIAL MEDIA
किच्चा सुदीप ने हालिया अटकलों पर क्या प्रतिक्रिया दी? 
अभिनेता सुदीप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि वह चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेंगे। हालांकि उन्होंने कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों का खंडन किया। मीडिया से बात करते हुए किच्चा सुदीप ने कहा, 'विधानसभा चुनाव में मेरे भाजपा उम्मीदवार होने की अटकलें झूठी हैं। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा क्योंकि चुनावी राजनीति में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है लेकिन पार्टी को मेरा समर्थन रहेगा।' 
बाद में सीएम बसवराज बोम्मई के साथ एक प्रेस मीट में उन्होंने कहा, 'मैं चुनाव में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का समर्थन करने आया हूं। मैं उन्हें बचपन से जानता हूं। वह मेरे मुश्किल समय में मेरे साथ खड़े रहे हैं।'

कन्नड़ एक्टर अंबरीश
कन्नड़ एक्टर अंबरीश - फोटो : SOCIAL MEDIA
पहले कौन से कन्नड़ अभिनेता कर्नाटक की राजनीति में किस्मत आजमा चुके?
अंबरीश: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री और कर्नाटक की राजनीति का संबंध आज से नहीं है। इसी इंडस्ट्री से आने वाले अभिनेता अंबरीश सबसे बड़े नामों में से एक हैं, जो राजनीति में काफी सफल हुए। उनका सियासी सफर 1994 में कांग्रेस के साथ शुरू हुआ था, लेकिन टिकट न मिलने के बाद उन्होंने दो साल में ही पार्टी छोड़ दी। इसके बाद वो जेडीएस में शामिल हो गए और 1998 में मांड्या लोकसभा सीट से चुनाव जीता। बाद में उन्होंने जेडीएस भी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद वे दो बार कांग्रेस सरकारों में मंत्री बने। बीमारी के कारण 2018 में उनका निधन हो गया था। 

अनंत नाग: लगभग उसी समय, अनुभवी अभिनेता अनंत नाग ने राजनीति में कदम रखा। उन्हें जनता दल सरकार द्वारा मंत्री बनाया गया था। उन्होंने 2004 में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा के सामने चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें हार मिली। 

दिव्या स्पंदना: एक और अभिनेत्री जो हाल के वर्षों में राजनीति में आने के बाद हमेशा सुर्खियों में रहती हैं, वह दिव्या स्पंदना हैं। फिल्म इंडस्ट्री में वो राम्या के नाम से मशहूर हैं। राजनीति में उनका करियर 2013 में कांग्रेस के टिकट पर मांड्या उपचुनाव में शुरू हुआ और उन्होंने अपने पहले चुनाव में जेडीएस उम्मीदवार को हराया। हालांकि, वह छह महीने बाद ही 2014 में हुए आम चुनावों में चुनाव हार गईं। 

जग्गेश: जग्गेश अभी भी राजनीति और फिल्मों दोनों में सक्रिय हैं। फिल्मों में एक खलनायक के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले जग्गेश सुपरहिट फिल्में देने के साथ एक स्टार अभिनेता बन गए। वह पहले कांग्रेस में शामिल हुए और राज्य विधानसभा चुनाव जीते। साल 2021 में वो भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। अपने राजनीतिक जीवन में, अभिनेता ने विधान परिषद के सदस्य और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है।

श्रुति: कन्नड़ सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक श्रुति ने दो दशक से अधिक के अपने करियर में लगभग सभी प्रमुख कन्नड़ सितारों के साथ अभिनय किया। वह 2008 में बीजेपी में शामिल हुईं और उन्हें कर्नाटक महिला एवं बाल विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया। बाद में वह कर्नाटक जनता पक्ष में शामिल हो गईं, जिसका 2014 में भाजपा में विलय हो गया।

तारा: अनुराधा के रूप में जन्मी तारा को कन्नड़ सिनेमा में सहायक भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2005 में फिल्म हसीना के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता है। बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गईं और 2012 से 2013 के बीच कर्नाटक चलनचित्र अकादमी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उसी दौरान, उन्हें कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य के रूप में नामित किया गया था।

उमाश्री: कन्नड़ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्रियों में से उमा को सहायक भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। विशेष रूप से, वह अपनी हास्य भूमिकाओं से सबसे अधिक लोकप्रिय हुईं। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गईं और 2013 में कर्नाटक विधानसभा की सदस्य बनीं। जीत के बाद पार्टी ने उन्हें महिला और बाल विकास मंत्री बनाया।

बी.सी. पाटिल: चार बार के विधायक बी.सी. पाटिल, राजनीति में आने से पहले न केवल एक अभिनेता बल्कि एक पुलिस अधिकारी भी थे। 2018 में, वह हिरेकेरूर विधानसभा सीट से विजयी हुए, लेकिन बाद में पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें कृषि मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed