{"_id":"608fd0c08ebc3ebf415d55aa","slug":"kerala-two-relatives-will-sit-together-in-the-assembly-for-the-first-time-know-who-is-this-father-in-law-and-son-in-law-duo","type":"story","status":"publish","title_hn":"केरल: विधानसभा में पहली बार साथ बैठेंगे दो रिश्तेदार, जानें कौन हैं ये ससुर और दामाद","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
केरल: विधानसभा में पहली बार साथ बैठेंगे दो रिश्तेदार, जानें कौन हैं ये ससुर और दामाद
Mon, 03 May 2021 04:00 PM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Mon, 03 May 2021 04:00 PM IST
सार
विजयन ने कन्नूर जिले की धर्मदाम सीट से 50 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की है जबकि 44 वर्षीय रियाज कोझीकोड जिले में वाम दल के गढ़ बेयपोर से निर्वाचित हुए हैं।
विज्ञापन
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन व उनके दामाद मोहम्मद रियाज
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
केरल में पहली बार विधानसभा में ससुर और दामाद एक साथ बैठेंगे और इस प्रकार इतिहास का एक नया अध्याय शुरू करेंगे। 77 वर्षीय ससुर और कोई नहीं बल्कि मुख्यमंत्री पी विजयन हैं जबकि दामाद उनकी बेटी के पति पीए मोहम्मद रियाज हैं, जो डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
विज्ञापन
रियाज विजयन की बेटी वीणा के पति हैं और दोनों ने 15 जून 2020 को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास क्लिफ हाउस में शादी की थी। विजयन ने कन्नूर जिले की धर्मदाम सीट से 50 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की है जबकि 44 वर्षीय रियाज कोझीकोड जिले में वाम दल के गढ़ बेयपोर से निर्वाचित हुए हैं।
विज्ञापन
कोझिकोड से साल 2009 का लोकसभा चुनाव लड़े थे रियाज
विधानसभा के लिए सियासतदानों के बेटे व बेटियों के निर्वाचित होने का इतिहास रहा है, लेकिन यह पहली बार है कि ससुर और दामाद, दोनों विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। रियाज ने कोझिकोड से साल 2009 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन
कई नेताओं के बच्चों ने आजमाई किस्मत
छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में कई नेताओं के बच्चों ने अपनी तकदीर आजमाई थी, लेकिन कई को शिकस्त का सामना करना पड़ा। वाम दलों की साझेदार केरल कांग्रेस (एम) के प्रमुख जोस के मणि और उनकी बहन के पति एमपी जोसेफ ने यूडीएफ के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों को क्रमश: पाला और त्रिक्करीपुर से हार का सामना करना पड़ा।
केरल कांग्रेस के अध्यक्ष पीजे जोसेफ थोडुपुझा सीट से जीत गए जबकि उनके दामाद डॉ. जोसेफ ट्वेंटी20 के प्रत्याशी के तौर पर कोथमंगलम सीट से हार गए। सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ और विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ के पूर्व मंत्रियों और विधायकों के बच्चों ने छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में 20 सीटों से अपना भाग्य आजमाया था।