केरल: श्रद्धालुओं के लिए खुला सबरीमाला मंदिर, यहां पढ़ें देश की कुछ अहम खबरें
केरल में सबरीमाला मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भले ही खोल दिया गया है। परंतु दर्शन करने के लिए कोरोना वैक्सीन लगवा चुके भक्तों को ही प्रवेश की अनुमति देवस्वम बोर्ड की ओर से दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केरल में सबरीमाला मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। देवस्वम बोर्ड ने कहा कि श्रद्धालुओं को 21 सितंबर तक भगवान अयप्पा की मासिक पूजा की अनुमति दी है। बोर्ड ने यह भी कहा कि मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए कोरोना वैक्सीन प्रमाणपत्र अनिवार्य है। साथ ही परिसर के अंदर कोरोना से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। एक दिन में केवल 15,000 लोगों को ही मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति है।
यूपी चुनाव : पन्ना प्रमुखों की बैठक में 1.63 करोड़ बूथों को सक्रिय करेगी भाजपा
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने पन्ना प्रमुखों को सक्रिय करने का निर्णय लिया है। ताकि चुनाव में पार्टी प्रभावी तरीके से उतर सके। सूत्रों ने बताया कि भाजपा चुनाव से पहले 1.63 करोड़ बूथों पर अपने पन्ना प्रमुखों को मजबूत करना चाहती है। इस उद्देश्य से अगले माह पन्ना प्रमुखों की बैठक होगी। पन्ना प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदाता घरों से निकल कर मतदान करें।
मणिपुर राइफल्स के हथियार चुराने मामले में एनआईए ने साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मणिपुर राइफल्स के हथियार चोरी कर अन्य आतंकी संगठनों को बेचने के मामले में प्रतिबंधित कूकी उग्रवादी संगठन यूकेएलएफ के स्वयंभू अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार लुंखोंसोन हॉकिप को पश्चिम इंफाल से बृहस्पतिवार को पकड़ा गया। द्वितीय मणिपुर राइफल्स के शस्त्रागार से हथियार और गोला बारूद की चोरी में उसकी मुख्य भूमिका रही है। एजेंसी के एक अधिकारी के मुताबिक उसके परिसर से छापे के दौरान 9 एमएम की पिस्तौल बरामद की गई है। उसे इंफाल में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 सितंबर तक हिरासत में भेज दिया गया है।
भौतिक विज्ञानी थानू पद्मनाभन का निधन
प्रसिद्ध सैद्धांतिक भौतिक विज्ञानी और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर थानू पद्मनाभन का पुणे में शुक्रवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। उनके एक सहयोगी ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि पद्मनाभन को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इंटर-यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स (आईयूसीएए) के प्रतिष्ठित प्रोफेसर पद्मनाभन ने गुरुत्वाकर्षण, ब्रह्मांड में संरचना निर्माण और क्वांटम गुरुत्वाकर्षण पर शोध किया था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में तीन सौ से अधिक पेपर और कई किताबें लिखीं हैं। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी है।
पुलिस ने भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर के पास की ड्रोन से निगरानी
पश्चिम बंगाल पुलिस ने भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के जगदल स्थित घर के पास ड्रोन से निगरानी की। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता के घर के बाहर 8 और 14 सितंबर को बम हमले के बाद बंगाल पुलिस ने यह कदम उठाया है। इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बृहस्पतिवार को अपनी जांच शुरू की। एनआईए और फॉरेंसिक की टीम ने इलाके दौरा किया और नमून इकट्ठे किए। भाजपा के भाटपाड़ा से विधायक पवन सिंह ने कहा कि एनआईए को इस मामले में बंगाल पुलिस से निराशा ही मिलेगी। ड्रोन से निगरानी आंख में धूल झोंकने का प्रयास है। इसबीच, तृणमूल विधायक सोमनाथ श्याम ने कहा, कानून-व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
जलवायु पर विकासशील देशों को सस्ती तकनीक देने का वादा जल्द पूरा हो : यादव
भारत ने कहा है कि विकसित देशों द्वारा विकासशील देशों को जलवायु पर धन और सस्ती तकनीक देने का वादा जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा ऊर्जा और जलवायु पर बुलाई गई प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के मंच से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने जोर दिया कि जलवायु परिवर्तन से निपटना विश्व की साझी चुनौती है।
यादव ने कहा कि भारत ग्लोबल वार्मिंग में योगदान नहीं करता है, लेकिन समस्या का समाधान खोजने में योगदान के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि विश्व की जनसंख्या में भारत का हिस्सा 17 फीसदी है, हम महज चार फीसदी उत्सर्जन करते हैं। उन्होंने कार्बन उत्सर्जन में कटौती करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा, तापमान लक्ष्य को 1.5 डिग्री तक कम करने के लिए पूरी दुनिया को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
दिल्ली रेलवे स्टेशन सोना तस्करी मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली रेलवे स्टेशन सोना तस्करी मामले में शुक्रवार को दो और तस्करों के नाम जोड़ते हुए पूरक आरोप पत्र दाखिला किया। आरोप पत्र में वैभव संपत और रवींद्र विष्णु जादव के नाम शामिल किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा के साथ ही गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की धार16,18 और 20 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। एनआईए ने पिछले साल 16 सितंबर को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 83.621 किलो सोना जब्त किया था।
बारिश से फसलों भारी नुकसान, किसानों को मुआवजा दे यूपी सरकार : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश सरकार से राज्य में भारी बारिश की वजह से फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। प्रियंका ने हिंदी में ट्वीट कर कहा, यूपी में मूसलाधार बारिश के चलते कई जगहों पर किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। मंदी और महंगाई की मार झेल रहे किसानों पर एक और विपदा टूट पड़ी है। मैं यूपी सरकार से निवेदन करती हूं कि किसानों के नुकसान का आंकलन कर उनको उचित मुआवजा दिया जाए।
कांग्रेस ने की अंडमान के सरकारी स्कूलों में सभी रिक्त पदों को भरने की मांग
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लोकसभा सांसद कुलदीप राय शर्मा ने केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्राचार्य, उप-प्राचार्य, प्रधानाध्यापक और शिक्षक के सभी रिक्त पदों को भरने की मांग की है। सांसद कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कांग्रेस सांसद ने बृहस्पतिवार को अंडमान और निकोबार प्रशासन के शिक्षा विभाग के निदेशक से मुलाकात की और द्वीपों के स्कूलों में सभी खाली पदों को भरने की मांग की।
बैठक के दौरान राय ने कहा कि लगभग सभी स्कूल बिना प्राचार्य के चल रहे हैं और कई स्कूल बिना उप-प्राचार्य और प्रधानाध्यापक के चल रहे हैं, जिससे पूरी शिक्षा प्रणाली और सभी स्कूलों के प्रबंधन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी रिक्तियां शिक्षकों की पदोन्नति और पेशेवर विकास में भी एक बड़ी बाधा बन गई हैं, जो हमारी अगली पीढ़ी को शिक्षित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को निभाते हैं।
सांसद ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि शिक्षा विभाग में शिक्षकों के बड़ी संख्या में रिक्त पद हैं जबकि अंडमान में हजारों योग्य युवा इन नौकरियों के लिए वर्षों से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की कमी निश्चित रूप से शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करेगी, जिसके लिए इन द्वीपों के छात्रों को बहुत नुकसान होगा।
पत्रकार ईशमधु तलवार नहीं रहे
वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार ईशमधु तलवार नहीं रहे। बृहस्पतिवार देर रात तबियत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। कई मीडिया संस्थानों में काम कर चुके ईशमधु की पुस्तक ‘लाल बजरी की सड़क’, ‘वो तेरे प्यार का गम’ और ‘रिनाला खुर्द’ काफी चर्चित रही हैं। ‘लाल बजरी की सड़क’ पर उन्हें वर्ष 2020 का अमर उजाला शब्द सम्मान-छाप (कहानी) प्रदान किया गया था। तलवार पिंक सिटी प्रेस क्लब के तीन बार अध्यक्ष रह चुके थे।