Karnataka: अपने गृहनगर शिगगांव से चुनाव लड़ेंगे सीएम बोम्मई; इस सीट से नामांकन दाखिल करेंगे एचडी कुमारस्वामी
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा, मैं हावेरी के शिगगांव से चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा चुनाव का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
विस्तार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को पुष्टि की कि वह फिर से विधानसभा चुनाव हावेरी जिले के शिगगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह उनका गृहनगर भी है। बोम्मई ने कहा कि राज्य में सत्ता के समर्थन की लहर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा नीत सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में काफी बदलाव हुए हैं।
बोम्मई ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, मैं हावेरी के शिगगांव से चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा चुनाव का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, 'हम अपने प्रदर्शन के आधार पर वोट मांग रहे हैं।' मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब संप्रग सत्ता में थी तो देश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनिश्चितता थी, जिसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा। बोम्मई जुलाई 2021 से राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में टिकट के लिए हंगामा, कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यालय घेरा, खूब हुई नारेबाजी
चन्नापटना सीट से नामांकन दाखिल करेंगे कुमारस्वामी
वहीं, जनता दल (सेक्युलर) नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि वह कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को चन्नापटना सीट से उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कुमारस्वामी ने कहा कि उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी 17 अप्रैल को पड़ोसी रामनगर से पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
मौजूदा विधानसभा में कुमारस्वामी चन्नापटना का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि रामनगर का प्रतिनिधित्व उनकी पत्नी और निखिल की मां अनीता कुमारस्वामी करती हैं। अभिनेता से नेता बने निखिल 2019 का लोकसभा चुनाव पार्टी के गढ़ मांड्या से भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश से हार गए थे।
जद (एस) ने दिसंबर में 93 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। कुमारस्वामी ने कहा कि वह और जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष सी एम इब्राहिम आज शाम मुलाकात करेंगे और यदि संभव हुआ तो उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जाएगी। उन्होंने कहा, '40-50 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार है, इसे मंजूरी दे दी जाएगी. तीसरी सूची में चार से पांच दिन लग सकते हैं।
भाजपा नेता और उडुपी जिले के कुंदापुरा निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार के विधायक हलदी श्रीनिवास शेट्टी आगामी विधानसभा चुनाव से किनारा कर सकते हैं। उन्होंने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने का संकेत दिया है। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शेट्टी जल्द ही अपनी उम्मीदवारी और राजनीति में अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। सूत्रों ने बताया कि उडुपी जिले के एक लोकप्रिय नेता शेट्टी इस शर्त के साथ राजनीतिक संन्यास पर विचार कर रहे हैं कि उनके करीबी सहयोगी किरण कुमार कोडगी को कुंदापुर से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा का टिकट दिया जाए।