Karnataka: कुमारस्वामी बोले- अपने दम पर सरकार बनाएगी JDS; बोम्मई ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कुमारस्वामी ने कहा, मुझे भरोसा है कि इस बार स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनेगी। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं लोगों की नब्ज को भांप रहा हूं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। इस बीच, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार त्रिशंकु जनादेश की संभावना से इनकार किया और भरोसा जताया कि उनकी पार्टी ही अपने दम पर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए 93 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा कर चुकी है और आने वाले दस दिनों के भीतर 50-60 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करेंगे।
बेंगलुरु प्रेस क्लब में मीडिया से बात करते हुए कुमारस्वामी ने कहा, मुझे भरोसा है कि इस बार स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनेगी। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं लोगों की नब्ज को भांप रहा हूं। उन्होंने कहा, जीत को लेकर हमने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि त्रिशंकु जनादेश का कोई सवाल ही नहीं है। कुमारस्वामी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 123 सीटों के लक्ष्य (224 सदस्यीय विधानसभा में) को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और इस लक्ष्य को हासिल भी कर लेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "लोगों में राष्ट्रीय दलों के खिलाफ भावना है और वे एक क्षेत्रीय पार्टी को मौका देना चाहते हैं। भले ही मोदी और शाह सौ बार आ जाएं, लेकिन कर्नाटक में भाजपा के लिए मुश्किल है, क्योंकि उनकी सरकार ने राज्य में बुरा प्रदर्शन किया है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा पीएम मोदी के नाम पर वोट मांगती है, कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का हवाला देती है, जबकि जद (एस) एकमात्र पार्टी है जो अपनी योजनाओं के लिए जनादेश मांग रही है।
कुमारस्वामी ने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की बात से इनकार किया और कहा कि आने वाले दिनों में अगर कोई समान विचारधारा वाली छोटी पार्टियां आगे आती हैं, तो उनकी पार्टी इस पर विचार करने के लिए तैयार है।
उन्होंने यह बात भी स्वीकार की है कि कुछ विधायक और नेता आने वाले दिनों में पार्टी को छोड़ने की योजना बना रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने हासन जिले सहित सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए टिकटों की घोषणा नहीं की है।
मुफ्त की घोषणा कर लोगों को गुमराह कर रही कांग्रेस: बोम्मई
इसी बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने विरोधी कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वह किसानों, गरीबों, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस टूटने की कगार पर है। कांग्रेस मुफ्त की घोषणा कर लोगों को गुमराह कर रही है।
पंचमसाली और वोक्कालिगा के लिए आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंथराज कमेटी का गठन 4-5 साल पहले हुआ था। पिछड़ा वर्ग समिति की रिपोर्ट दी गई और उसमें कहा गया है कि आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोगों को आरक्षण के तहत शामिल किया जाना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम सुनिश्चित करेंगे और आरक्षण के साथ आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने आगे दावा किया कि उनकी सरकार ने इसे (पंचमसाली और वोक्कालिगा के लिए आरक्षण) एक सप्ताह के भीतर कर दिया है। कांग्रेस इस पूरे आरक्षण विवाद से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
निर्दलीय विधायक एच नागेश और जेडीएस के पूर्व नेता वाई एस वी दत्ता कांग्रेस में हुए शामिल
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले निर्दलीय विधायक एच नागेश और जद (एस) के पूर्व विधायक वाई एस वी दत्ता कांग्रेस में शामिल हुए। शनिवार को इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ राज्य अध्यक्ष डी के शिवकुमार और विधायक दल के नेता सिद्धारमैया सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति रही।
गौरतलब है कि एच नागेश पूर्व में मंत्री रहे हैं। वे अभी तक सत्तारूढ़ भाजपा का समर्थन कर रहे थे। वहीं, जेडीएस के पूर्व नेता वाई एस वी दत्ता पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के करीबी सहयोगी रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार सदस्यों को कर्नाटक की एक विशेष अदालत ने आतंकवादी गतिविधियों के लिए सात साल के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार कादोर काजी उर्फ 'मिजानुर रहमान', मुस्तफिजुर रहमान उर्फ 'तुहिन', आदिल शेख उर्फ 'असदुल्ला' और अब्दुल करीम उर्फ 'कोरिम एसके' को भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया गया।
यह मामला बेंगलुरु में जेएमबी के एक ठिकाने से भारी मात्रा में बिजली और इलेक्ट्रॉनिक सामान, उपकरण, रासायनिक उपकरण और बम बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कंटेनर और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) जब्त करने से संबंधित है।