Karnataka Result: मुस्लिम बहुल इलाकों में इन उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत, जानें किस पार्टी का कैसा रहा प्रदर्शन
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया था। वहीं, कांग्रेस ने 14 मुस्लिमों को टिकट दिया था। वहीं, जद (एस) ने सबसे ज्यादा 23 मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में उतारे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक की 224 सीटों वाली विधानसभा के लिए नतीजे सामने आ चुके हैं। इस चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों की भागीदारी को लेकर काफी चर्चा रही। सत्तारूढ़ भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया। वहीं, कांग्रेस ने 14 मुस्लिमों को टिकट दिया था जबकि जद (एस) ने सबसे ज्यादा 23 मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम पहली बार राज्य के विधानसभा चुनाव में उतरी। लेकिन वह अपना खाता नहीं खोल सकी। मुस्लिमों के समर्थन वाली पार्टी एसडीपीआई भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में असफल रही। एसडीपीआई ने अकेले दक्षिण कन्नड़ जिले की छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। कर्नाटक में साल 1978 के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 17 मुस्लिम उम्मीदवार जीते थे।
राज्य में मुस्लिम बहुल सीटें
मुस्लिम बहुल इलाकों में किस पार्टी ने कैसा प्रदर्शन किया और किन उम्मीदवारों को जनता ने विधानसभा में भेजने का फैसला किया है, यह जानने से पहले यह समझना जरूरी है कि राज्य में मुस्लिम बहुल सीटें कौन सी हैं। उत्तरी कर्नाटक में गुलबर्ग, बीदर, बीजापुर, रायचूर और धारवाड़ में मुस्लिमों की संख्या अच्छी खासी है। इसके अलावा कलबुर्गी (उत्तर), पुलकेशीनगर, शिवाजीनगर, जयनगर में भी मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी मौजूदगी है। ओल्ड मैसूर में भी कई इलाके ऐसे हैं जहां मुस्लिम मतदाताओं के वोट जीत-हार का अंतर तय करते हैं।
किस जिले में कितनी मुस्लिम आबादी
सेंटर फॉर पॉलिसी स्टडीज (2011) के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के दक्षिण कन्नड़ जिले में सबसे ज्यादा 24.02 फीसदी मुस्लिम हैं। वहीं, धारवाड़ में 20.94 फीसदी, गुलबर्ग में 19.99 फीसदी, बीदर में 19.68 फीसदी, हवेरी में 18.65 फीसदी, कोडागु में 15.74 फीसदी, उत्तर कन्नड़ जिले में 13.08 फीसदी, चिकबल्लापुरा में 11.78 फीसदी, कोलार में 13.01 फीसदी, रामनगर में 10.56 फीसदी, बेंगलुरु में 12.97 फीसदी, शिमोगा में 13.39 फीसदी, बलारी में 13.08 फीसदी, कोप्पल में 11.64 फीसदी, गडक में 13.50 फीसदी, देवनागेरे 13.66 फीसदी, बीजापुर में 16.97 फीसदी, यादगीर में 13.23 फीसदी, रायचूर में 14.10 फीसदी, बेलगांव में 11.06 फीसदी, बगलकोट में 11.64 फीसदी, उडुपी में 8.22 फीसदी, चिकमंगलूर में 8.90 फीसदी, चित्रदुर्ग में 7.76 फीसदी, तुमकुर में 9.18 फीसदी, हासन में 6.76 फीसदी, मैसूर में 9.68 फीसदी, चमाराजानगर में 4.62 फीसदी मुस्लिम हैं।
40 सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं का सीधा असर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य में 65 सीटों पर बीस फीसदी से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। वहीं 45 ऐसी सीटें हैं जहां 10 से 20 फीसदी के बीच मुस्लिम मतदाता हैं।
मुस्लिम उम्मीदवारों का कैसा रहा प्रदर्शन
- चामराजपेट सीट (बेंगलुरु सेंट्रल) से कांग्रेस के उम्मीदवार जमीर अहमद खान जीत गए हैं। उन्हें कुल 77,631 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भास्कर राव (भाजपा) 23,549 सीट पर सिमट गए।
- शिवाजीनगर (बेंगलुरू) से कांग्रेस के उम्मीदवार रिजवान अरशद ने 23194 मतों से जीत हासिल की है। इस सीट पर भाजपा के चंद्रा एन को हार का सामना करना पड़ा है।
- रामनगरम सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार एचए इकबाल हुसैन ने 10715 मतों से जीत हासिल की है। यहां उनका मुकाबला जद (एस) के निखिल कुमारस्वामी से था।
- बीदर सीट पर कांग्रेस के रहीम खान ने 10780 मतों से जदएस के सूर्यकांत नागमरपल्ली को हराया है।
- हुमनाबाद सीट से जद (एस) उम्मीदवार सीएम फयाज 1594 मतों से चुनाव हार गए। इस सीट पर भाजपा के सिद्धी पाटिल ने जीत दर्ज की। उन्हें 74933 वोट मिले, जबकि 73473s वोटों के साथ कांग्रेस के राजशेखर बसवराज पाटिल दूसरे नंबर पर रहे।
- बेलगाम उत्तर से कांग्रेस के उम्मीदवार आसिफ सैत 8174 मतों के अंतर के साथ भाजपा उम्मीदवार रवि बी. पाटिल से आगे चल रहे हैं।
- गंगावटी सीट पर केआरपीपी के जी जनार्धन रेड्डी ने कांग्रेस के उम्मीदवार इकबाल अंसारी को 8266 मतो से हराया।
- गुलबर्ग उत्तर से कांग्रेस की कनीज फातिमा ने भाजपा के उम्मीदवार चंद्रकांत बी. पाटिल को 2712 मतों से हराया है।
- मंगलोर सीट पर कांग्रेस यूटी खादेर फरीद ने 22790 मतों से भाजपा के सतीष कुंपाला को हराया है।
- रायचूर सीट पर भाजपा के शिवराज पाटिल ने कांग्रेस के मोम्मद सलीम को 3732 मतों से हराया।
- शिगगांव सीट पर बसवराज बोम्मई ने कांग्रेस के पठान यासिर अहमद खान को 35978 मतों से हराया।
2018 के विधानसभा चुनाव में इन मुस्लिम उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत
2018 में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 224 सीटों में से कुल 7 मुस्लिम उम्मीदवार विजयी हुए थे। कांग्रेस ने 2 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, जबकि जनता दल (सेक्युलर) (जेडीएस) ने 3 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था। शेष दो मुस्लिम उम्मीदवारों को क्रमश: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कर्नाटक प्रज्ञावंत जनता पार्टी (केपीजेपी) ने मैदान में उतारा था। कांग्रेस के टिकट पर कनीज फातिमा ने गुलबर्ग (उत्तर) सीट पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा जीतने वाले मुस्लिम उम्मीदवारों में जमीर अहमद खान, तनवीर सैत, अब्दुल खादर, एनए हारिस, रोशन बेग, रहीम खान शामिल थे।