Karnataka: बंगलूरू को दहलाने की साजिश नाकाम, हमले से पहले दबोचे गए पांच संदिग्ध आतंकी; हथियार-विस्फोटक बरामद
सीसीबी ने बताया कि ये पांचों 2017 के एक हत्या मामले में आरोपी थे और परप्पाना अग्रहारा सेंट्रल जेल में थे जहां वे आतंकवादियों के संपर्क में आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक पुलिस ने बंगलूरू को दहलाने की साजिश नाकाम करते हुए हमले से पहले ही पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी संदिग्ध पाकिस्तान के कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक कट्टरपंथी गुट से जुड़े हैं। इनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है। पुलिस ने संदिग्धों से चार ग्रेनेड, सात पिस्टल, 45 गोलियां, दो खंजर, 12 मोबाइल, दो सैटेलाइट फोन और वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं। एक संदिग्ध फरार है।
बंगलूरू पुलिस आयुक्त दयानंद बी ने बताया कि आरटी नगर इलाके से मंगलवार को गिरफ्तार सुहैल, उमर, जाहिद, मुदासिर और फैसल बंगलूरू के ही रहने वाले हैं। पांचों को 2017 में हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था और 2019 में जमानत पर रिहा होने से पहले करीब 18 महीने तक जेल में थे। सूत्रों के अनुसार धमाका करने की साजिश में दस लोग शामिल थे, लेकिन कर्नाटक पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) को पहले ही इसकी भनक लग गई और पांच को दबोच लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पांचों संदिग्ध पिछले दिनों हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किए गए 21 लोगों में से हैं। उन्होंने बताया कि संदिग्धों का सरगना सेलफोन के जरिये इनके संपर्क में था। वह पहले जेल में बंद था और फिलहाल फरार है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों को एक बड़ी साजिश की योजना बनाते समय सुल्तानपाल्या इलाके के कनकनगर में स्थित एक पूजा स्थल के पास से गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय अपराध शाखा ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
4 walkie-talkies, 7 country-made pistols, 42 live bullets, 2 daggers, 2 satellite phones and 4 grenades recovered from the 5 suspected terrorists arrested by Central Crime Branch (CCB), Karnataka. https://t.co/qqDJb06lOw pic.twitter.com/HTOMHXmkof
— ANI (@ANI) July 19, 2023
जेल में लश्कर आतंकी के संपर्क में आए
पुलिस पूछताछ में पांचों ने बताया कि बंगलूरू सेंट्रल जेल में वे लश्कर आतंकी टी नजीर के संपर्क में आए। नजीर बंगलूरू सीरियल धमाके में कैद में है। नजीर ने ही पांचों को कट्टरपंथी बनाया और इन्हें जुनैद से संपर्क करने को कहा। जुनैद छठा आरोपी है, जो फरार है। उसी ने आतंक फैलाने के लिए इन पांचों को हथियार मुहैया कराए।
विदेश से आतंकी गतिविधियां चलाता है फरार जुनैद
पुलिस का मानना है कि जुनैद भारत में नहीं रहता। वह विदेश से ही आतंकी गतिविधयों का संचालन करता है। वह खासतौर पर हथियारों की आपूर्ति करता है। उसका पता लगाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों से मदद मांगी गई है।
#WATCH | Karnataka: Bengaluru, Police Commissioner, B Dayananda on five suspected terrorists arrested by CCB says, "CCB has succeeded in tracking down the people who planned to commit acts of vandalism in Bangaluru city. Five accused have been arrested....Seven pistols, many live… pic.twitter.com/nNlBWpIiXK
— ANI (@ANI) July 19, 2023
पूर्व सीएम ने बताया बड़ी साजिश
कर्नाटक के पूर्व सीएम बोम्मई ने कहा कि यह बहुत बड़ी साजिश है। वे बेंगलुरु में सिलसिलेवार बम धमाके करना चाहते थे। यह मामला एनआईए को सौंप दिया जाना चाहिए।
#WATCH | There is a big conspiracy. They wanted to do serial bomb blasts in Bengaluru. This case should be handed over to NIA, says former Karnataka CM Bommai pic.twitter.com/D7n0Xm8Mkx
— ANI (@ANI) July 19, 2023
गृह मंत्री ने सीसीबी पुलिस की सराहना की
कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ जी परमेश्वर ने विधानसभा में कहा कि मैं सीसीबी पुलिस की सराहना करता हूं और बधाई देता हूं जिन्होंने पांच संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया, जो हथियार इकट्ठा करके कर्नाटक या भारत में कहीं और आतंकवादी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इन सभी को हेब्बाला पुलिस डिविजन में गिरफ्तार किया गया। जांच से पता चलेगा कि वे किस संगठन से जुड़े हैं।