फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi

#LadengeCoronaSe: देशवासियों ने 'जनता कर्फ्यू' को बनाया सफल, कुछ राज्यों में बढ़ी मियाद

Sun, 22 Mar 2020 09:05 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: गौरव पाण्डेय Updated Sun, 22 Mar 2020 09:05 PM IST
सार

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर सुबह सात से रात नौ तक देशभर में लगा जनता कर्फ्यू
  • ठीक शाम 5 बजे घर के बाहर और बालकनी से लोगों ने बजाई ताली, थाली, शंख
  • जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल तक हर तरफ सड़कें रहीं सूनी, लोग नदारद
  • रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें रद्द कर दी हैं
  • देश के 75 जिलों में लॉकडाउन का फैसला, संक्रमितों की संख्या 341 पहुंची 
  • तमिलनाडु में सोमवार सुबह तक जारी रहेगा जनता कर्फ्यू, गोवा में भी मियाद बढ़ी
     

विज्ञापन
Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi
वीरान पड़ी सड़के और रेलवे ट्रैक - फोटो : ANI

विस्तार

कोरोना वायरस से निपटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू की अपील का देश में व्यापक असर दिखा है। राजधानी से दिल्ली से लेकिन केरल तक लोगों ने जनता कर्फ्यू का पालन किया। ये सुबह सात बजे से शुरू होकर रात नौ बजे तक चला। हालांकि गोवा, तमिलनाडु और झारखंड जैसे राज्यों ने इसकी मियाद बढ़ाई है। जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को हर राज्य, शहर, कस्बे में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा और सड़कें सूनी दिखीं। इस बीच रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि 31 मार्च तक सभी ट्रेनें बंद रहेंगी। उधर, केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि उन सभी 75 जिलों को लॉकडाउन किया जाए जहां कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं।  

विज्ञापन


गोवा में तीन दिन बढ़ा जनता कर्फ्यू
गोवा सरकार ने जनता कर्फ्यू को अगले तीन दिन के लिए बढ़ा दिया है। गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से ये बात कही।  

लोगों ने बजाई ताली-शंख-थाली 
शाम 5 बजे लोगों ने घरों के बाहर बजाई, ताली, थाली और शंख। इसके जरिए लोगों ने वायरस संक्रमण के दौर में अत्याधिक जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों का आभार जताया। बता दें कि पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की थी वे ठीक पांच बजे अपने घरों के बाहर ताली, थाली या शंख बजाकर कोरोना के प्रकोप के बीच आवश्यक सेवाओं में लगे डॉक्टरों, सुरक्षाकर्मियों, मीडियाकर्मियों व अन्य लोगों के प्रति आभार जताएं। लोगों ने इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 
विज्ञापन


राजनाथ सिंह ने भी जताया आभार
दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वास्थ्य कर्मचारियों समेत आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।   

विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी थाली बजाकर 'योद्धाओं' का अभार जताया। 



ये दृश्य है नोएडा का जहां लोगों ने घरों के बाहर ताली और थाली बजाई। 



गुजरात में जनता कर्फ्यू 
गुजरात के राजकोट में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़कों से वाहन नदारद रहे। गुजरात में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यहां अबतक 14 मामले सामने आ चुके हैं।  



ये है सूरत का नजारा 



तमिलनाडु में सोमवार सुबह तक जारी रहेगा जनता कर्फ्यू
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आहूत ‘जनता कर्फ्यू’ की समयसीमा को तमिलनाडु सरकार ने सोमवार सुबह पांच बजे तक बढ़ा दिया है। रविवार को जनता कर्फ्यू को आम जनता, व्यापारियों, उद्योग और समाज के अन्य वर्गों का समर्थन देखने को मिला। राज्य सरकार ने जनता के सहयोग का स्वागत किया और कहा कि लोगों के हितों को देखते हुए रविवार रात नौ बजे समाप्त होने वाला कर्फ्यू कल सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है।

झारखंड में रात 9 बजे बाद भी जनता कर्फ्यू
झारखंड के मुख्य सचिव ने डिप्टी पुलिस कमिश्नर और सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर कहा है कि रात 9 बजे के बाद भी जनता कर्फ्यू जारी रहे। 

दिल्ली में सन्नाटा पसरा
दिल्ली में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़कों पर ऐसा नजारा दिखा। मेट्रो स्टेशन और दुकानें बंद हैंं। दिल्ली में कोरोना के 26 मरीज मिले हैं। 



चंडीगढ़ में सब्जी मार्केट बंद 
जनता कर्फ्यू के दौरान चंडीगढ़ में सब्जी मार्केट पूरी तरह बंद है। चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के पांच मामले सामने आ चुके हैं। 
 

तमिलनाडु में भी सबकुछ बंद
तमिलनाडु में भी लोगों ने जनता कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन किया। ये तस्वीरें बता रही हैंं कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए देश किस कदर एकजुट है। यहां 6 लोग कोरोना से संक्रमित हैं।
 

लखनऊ में जनता कर्फ्यू का असर
लखनऊ में जनता कर्फ्यू का असर साफ दिखा। यहां लोग घरों से बाहर नहीं निकले और सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। बता दें कि लखनऊ में ही सिंगर कनिका कपूर कोरोना पॉजिटिव मिली थीं जिसके बाद भारी यहां अफरातफरी मच गई थी। 
 
कश्मीर में ‘जनता कर्फ्यू’ के चलते कर्फ्यू जैसी पाबंदियां 
कश्मीर में लोगों की आवाजाही और उनके एकत्र होने पर कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लागू कर दी गईं। घाटी में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एक तरह से बंद के हालात का लगातार चौथा दिन है। केवल सरकारी और आवश्यक सेवाओं के कर्मचारियों को पहचान संबंधी पत्र देखने के बाद और आपात मामलों में ही लोगों को आवाजाही की अनुमति है। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर घाटी के सभी जिलों में रविवार सुबह लोगों की आवाजाही और उनके एकत्रित होने पर कर्फ्यू जैसी पाबंदियां हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और पाबंदियों को लागू करने के लिए श्रीनगर समेत घाटी के कई स्थानों पर कांटेदार तार समेत अवरोधक लगाए गए हैं।


रेलगाड़ियां नहीं चलीं 
जनता कर्फ्यू के दिन मुंबई में सभी ट्रेनें निरस्त रहीं। बता दें कि मुंबई में पहले से ही लॉकडाउन है। आज रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें भी रद्द कर दी हैं।

 

दिल्ली के कनॉट प्लेस का नजारा 
दिल्ली के कनॉट प्लेस में जनता कर्फ्यू के दौरान यहां का नजारा कुछ ऐसा था। बता दें कि दिल्ली में आज मेट्रो भी बंद है। 
 



मणिपुर में जनता कर्फ्यू
मणिपुर में जनता कर्फ्यू के दौरान दिखा ऐसा नजारा। हर तरफ सूनी सड़कें नजर आ रही हैं। 
 
असम में लोग घरों के भीतर, वाहन नदारद
असम में करोड़ों लोगों के अपने घरों से नहीं निकलने के साथ ही शहर के बाजार बंद रहे और सड़कों से वाहन नदारद रहे। यह 14 घंटे का स्वैच्छिक कर्फ्यू सुबह सात बजे से लागू हुआ लेकिन राज्य के लोगों ने शनिवार रात से ही घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ट्वीट के जरिए कहा, मैं जनता कर्फ्यू में शामिल हो रहा हूं और आज घर पर ही रहूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हम कोविड-19 से लड़ने के लिए तैयार हैं। साथ मिलकर हम कोरोना वायरस को हरा सकते है। 


त्रिपुरा में जनता कर्फ्यू का हाल
जनता कर्फ्यू का असर त्रिपुरा में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी अगरतला पर एक भी वाहन नजर नहीं आ रहा है। लोगों ने खुद को घरों में बंद कर लिया है। 






सड़क पर निकलने वाले लोगों को फूल दे रही पुलिस
जनता कर्फ्यू के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में बाराखंबा रोड पर पुलिस द्वारा रोड पर निकलने वाले लोगों को फूल दे रही है। साथ ही बाहर निकलने वाले लोगों से गुजारिश की जा रही है, वह घरों से बाहर ना निकले।

 



महाराष्ट्र में जनता कर्फ्यू
महाराष्ट्र में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर। बता दें कि राज्य में कोरोना वायरस के अबतक सबसे ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। मुंबई, नागपुर, पुणे, पिंचरी-चिंचवाड़ को लॉकडाउन किया जा चुका है।   
 

कोलकाता में जनता कर्फ्यू

कोलकाता में भी हर तरफ पसरा है सन्नाटा। जनता कर्फ्यू का यहां व्यापक असर दिख रहा है।  
 

प्रयागराज में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर दिख रहा है। 
 
दिल्ली में मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद हैं। 
 

केरल के त्रिवेंद्रम सेंट्रल में जनता कर्फ्यू का असर दिखा और यहां सड़कों पर कोई नजर नहींं आ रहा है। 
 

हैदराबाद का हिमायत नगर भी पूरी तरह सूना है। सड़कोंं पर एक भी वाहन नजर नहीं आ रहा है। 
 
कर्नाटक: बंगलूरू के मैजेस्टिक बस अड्डे का नजारा। 
  वाराणसी में जनता कर्फ्यू का असर। हर तरफ सन्नाटा पसरा है। 

 
मध्यप्रदेश में जनता कर्फ्यू 
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित ‘जनता कर्फ्यू’ के मद्देनजर मध्यप्रदेश की सड़कें रविवार सुबह से सुनसान रहीं और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा रहा। ‘जनता कर्फ्यू’ के तहत सड़कें सुनसान हैं। यहां तक कि सुबह टहलने जाने वाले लोग भी समूचे प्रदेश में अपने घरों से बाहर नहीं निकले । पार्क, स्टेडियम और मैदान में भी लोग घूमने, व्यायाम करने और टहलने के लिए नहीं आए। सड़कों के किनारस्थित दुकानें और भोजनालय भी बंद रहे। ये तस्वीरें मध्यप्रदेश के रतलाम की हैं।  



 

लापरवाही की हद : ट्रेनों में सफर कर रहे संदिग्ध लोग

Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi

अयोध्या में दो अप्रैल तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर सहित 13 शहरों में लॉकडाउन कर दिया गया। महाराष्ट्र के अकोला में 22 से 24 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है। नागपुर, पुणे, मुंबई, ठाणे में सामुदायिक संक्रमण की आशंका के चलते आंशिक लॉकडाउन है। गोवा, जम्मू-कश्मीर में धारा 144 लागू की गई है। इस बीच, शनिवार को 47 नए केस के साथ देश में मरीजों की संख्या 283 पहुंच गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार तक पॉजिटिव मिले 283 मरीजों में 39 विदेशी हैं। मध्यप्रदेश में चार और हिमाचल प्रदेश में दो केस मिलने के बाद देश के 22 राज्य कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सबसे बुरी स्थिति महाराष्ट्र में है जहां 60 पॉजिटिव मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में चार लोगों की जान गई है। वहीं, विदेश में भी एक भारतीय की मौत हुई है। जबकि 23 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं।

कोरोना से निपटने के निर्देशों के बावजूद संदिग्ध लोग खुलेआम ट्रेनों में यात्रा करके हजारों लोगों की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। 13 मार्च को एपी संपर्क क्रांति से दिल्ली से रामागुंडम जाने वाले 8 यात्री पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 16 मार्च को गोदान एक्सप्रेस से मुंबई से गोरखपुर जा रहे चार यात्रियों को जबलपुर स्टेशन पर रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उतारा गया। ये चारों पिछले सप्ताह दुबई से लौटे थे। एकांतवास में जाने के निर्देश के बाजवूद शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक दंपती को ट्रेन से उतार दिया गया।

विंडो टिकट रद्द करवाने का नियम बदला

Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi

पीआरएस विंडो से खरीदे रेलवे टिकट रद्द करवाने के नियम में छूट दी गई है। यह उन टिकटों पर होगी जिन पर 21 मार्च से 15 अप्रैल के बीच यात्रा करनी है। अभी विंडो टिकट का रिफंड यात्रा के तीन घंटे से 72 घंटे तक मिलता था। अब यात्रा तारीख से 45 दिन तक रिफंड लिया जा सकेगा। यादि यात्री खुद यात्रा रद्द करता है तो 30 दिन में टीडीआर फाइल कर सकता है। 60 दिन में सत्यापन के बाद रिफंड मिलेगा। 139 पर फोन कर टिकट रद्द करवाने वाले भी 30 दिन तक रिफंड ले सकते हैं।

आईसीएमआर ने बदली रणनीति, जांच दायरा बढ़ा

Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोना जांच की रणनीति बदली है। अब सांस संबंधी गंभीर बीमारी, सांस लेने में दिक्कत और बुखार व खांसी की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की कोविड-19 संक्रमण की जांच होगी। संक्त्रस्मित लोगों के संपर्क में आने वालों में लक्षण न दिखने पर भी उनकी 5वें और 14वें दिन के बीच जांच होगी।

अब तक यह थी जांच की रणनीति

Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi

14 दिन में विदेश से आए बिना लक्षण वाले लोगों और बाद में लक्षण दिखने वालों की जांच की गई। संक्त्रस्मित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले और लक्षण दिखने तथा न दिखने वाले सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की लिए जांच।

कुछ ऐसा है देश का हाल

Janata Curfew Live Updates : Fight against Coronavirus on call of PM Narendra Modi
  • मप्र के जबलपुर, सिवनी में दो दिन, नरसिंहपुर में 14 दिन लॉकडाउन
  • बिहार में बस सेवा, शादी घर, होटल, मॉल बंद
  • छत्तीसगढ़ में जरूरी सेवा छोड़ 31 मार्च तक सभी दफ्तर बंद
  • ओडिशा जो शहर लॉकडाउन हैं वहां कुछ दिनों में 3000 लोग विदेश से लौटे
  • अरुणाचल प्रदेश में निकाय और चुनाव मई तक टले
  • महाराष्ट्र से यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में उमड़ी भीड़
  • पश्चिम बंगाल में सभी होटल, रेस्टोरेंट, पब, क्लब, पार्क, संग्रहालय, चिड़ियाघर 31 तक बंद
  • दिल्ली एम्स में 23 मार्च से रूटीन ओपीडी पंजीकरण बंद
  • जम्मू-कश्मीर के ऐसे सरकारी कर्मचारी जो विदेश यात्रा कर चुके हैं उन्हें और उनके परिजनों को 14 दिन एकांतवास में जाने को कहा
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed