{"_id":"6128d22e8ebc3e07583c830a","slug":"jal-jeevan-mission-all-schools-and-anganwadi-of-jammu-and-kashmir-will-get-clean-water","type":"story","status":"publish","title_hn":"जल जीवन मिशन: जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों को मिलेगा साफ पानी, गृहमंत्री शाह ने की तारीफ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
जल जीवन मिशन: जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों को मिलेगा साफ पानी, गृहमंत्री शाह ने की तारीफ
Fri, 27 Aug 2021 05:23 PM IST
Harendra Chaudhary
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Harendra Chaudhary
Updated Fri, 27 Aug 2021 05:23 PM IST
सार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के सभी स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का अभिनंदन किया है...
विज्ञापन
अमित शाह और गजेंद्र सिंह शेखावत
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी नल से जल योजना लगातार नई सफलता हासिल करती जा रही है। देश के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में नल से शुद्ध पानी पहुंचाने वाले 'जल जीवन मिशन' के तहत अब जम्मू कश्मीर ने भी शत प्रतिशत सफलता प्राप्त कर ली है। प्रदेश के सभी 22 हजार 422 स्कूलों और 23 हजार 926 आंगनवाड़ी केंद्रों में अब नल के कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। अंडमान-निकोबार के बाद 100 फीसदी स्कूलों में नल से जल पहुंचाने वाला जम्मू-कश्मीर दूसरा केंद्र शासित प्रदेश बन गया है।
विज्ञापन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के सभी स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का अभिनंदन किया है। गृहमंत्री ने अपने एक ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर शांति व समृद्धि का पर्याय बन रहा है।
विज्ञापन
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को लेकर कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से 'विकास की गंगा' बह रही है। धरती के स्वर्ग की पाठशालाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में सुचारू नल कनेक्शन स्थापित हो चुके हैं। नौनिहालों को पीने के लिए शुद्ध पेयजल मिल रहा है। कश्मीरी भाई-बहनों ने जिस कश्मीर का सपना देखा था उसे पीएम मोदी साकार कर रहे हैं।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 सितंबर 2020 को देशभर के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री के आह्वान पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दो अक्तूबर, 2020 को जल जीवन मिशन के तहत 100 दिनों के अभियान का शुभारंभ किया था। इसके साथ ही शेखावत ने विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों व राज्यपालों को पत्र लिखकर स्कूलों में पीने का शुद्ध पेयजल और शौचालयों में हाथ धोने का पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
जम्मू-कश्मीर ने जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 तक राज्य के हर ग्रामीण घर में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। राज्य में 18 लाख 35 हजार 190 ग्रामीण परिवार हैं, जिनमें से 10 लाख 27 हजार से अधिक यानी करीब 56 फीसदी घरों में नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। यहां के दो जिलों, गांदरबाल और श्रीनगर पूरी तरह से हर घर नल जिला बन गए हैं। दूसरी ओर राज्य में 1056 गांव ऐसे हैं, जहां के घरों में अब पीने का शुद्ध पेयजल उनके नल से मिल रहा है। जल जीवन मिशन, जम्मू—कश्मीर के एमडी शैय्यद आबिद रशीद शाह ने मुताबिक कि राज्य के हर स्कूल में नल का कनेक्शन पहुंचाना और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य कठिन था, लेकिन हमने यह काम समय से पहले पूरा किया। इन सभी स्कूलों में भविष्य में भी आपूर्ति स्थायी रहे इसके लिए भी निरंतर मॉनिटरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्रोतों को सुचारू रखना सुनिश्चित करेंगे।
गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त, 2019 को राष्ट्र को संबोधित करते हुए लाल किला के प्राचीर से 'जल जीवन मिशन' की घोषणा की थी। इसके तहत वर्ष 2024 तक देश के सभी 19.19 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया था। इस मिशन के तहत दो वर्ष से भी कम समय में करीब आठ करोड़ ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से, पर्याप्त मात्रा में नल से शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है।