राजस्थानः पाकिस्तानी कैदी की हत्या के मामले में जेल अधीक्षक व जेलर को हटाया गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जयपुर जेल में पाकिस्तानी कैदी की हत्या के मामले में जेल अधीक्षक व जेलर को हटा दिया गया है। इसके अलावा सेल प्रभारी सहित दो लोगों को निलंबित कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने सभी जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश की जेलों में 16 पाकिस्तानी कैदी हैं। इधर, कैदी के शव को लेकर पाकिस्तान ने चुप्पी साध रखी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व टीवी की आवाज को लेकर हुए विवाद के बाद जासूसी के आरोप में लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक शकीरुल्लाह उर्फ मोहम्मद हनीफ की चार अन्य कैदियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद सरकार ने जेल अधीक्षक संजय यादव व जेलर जगदीश शर्मा को एपीओ कर दिया तथा सेल प्रभारी वैद्यनाथ शर्मा व वार्डन रामस्वरूप को निलंबित कर दिया। सरकार के निर्देश पर जयपुर, कोटा, जोधपुर सहित उन सभी जेलों में पाकिस्तानी कैदियों की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
मानवाधिकार आयोग ने राजस्थान सरकार को भेजा नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने जयपुर सेंट्रल जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी की हत्या की निंदा की है। आयोग ने इस मामले में राजस्थान सरकार को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। साथ ही आयोग ने उन सभी केंद्र शासित प्रदेशों और राज्य सरकारों को एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा है जहां पाकिस्तान के नागरिक ठहरे हुए हैं।
आयोग ने कहा कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। खुद सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि जेल में बंद किसी कैदी के मानवाधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती है। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि जेल में बंद सभी कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। गौरतलब है कि जयपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पाकिस्तानी कैदी शकरुल्ला की बुधवार को अन्य कैदियों ने झड़प के बाद हत्या कर दी थी।