Andhra: पवन कल्याण को नहीं हरा पाए तो जगनमोहन की पार्टी के नेता ने बदला अपना नाम, चुनाव में ही किया था वादा
Andhra Pradesh: वाईएसआरसीपी नेता मुद्रागदा पद्मनाभम ने दावा किया था कि अगर जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण जीते तो वे (पद्मनाभम) अपना नाम बदल देंगे। पद्मनाभम ने अपने दावे के अनुसार अब अपना नया नाम आधिकारिक रूप से पद्मनाभ रेड्डी रखा है।
विस्तार
इस वर्ष लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान पक्ष विपक्ष के नेताओं ने कई दावे किए थे। ऐसा ही एक दावा आंध्र प्रदेश की युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता मुद्रगदा पद्मनाभम ने भी किया था। चुनाव के दौरान पद्मनाभम ने दावा किया था कि अगर जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण जीते तो वे (मुद्रगदा पद्मनाभम) अपना नाम बदल देंगे। पद्मनाभम ने अपने दावे के अनुसार अब अपना नाम भी बदल दिया है। उन्होंने अब अपना नया नाम आधिकारिक रूप से पद्मनाभ रेड्डी रख लिया है।
पिथापुरम विधानसभा सीट से जीते थे पवन कल्याण
बता दें कि आंध्र प्रदेश की पिथापुरम विधानसभा सीट से पवन कल्याण ने जीत हासिल की है। इस सीट से वाईएसआरसीपी प्रत्याशी वेंगा गीथा विश्वनाथ दूसरे स्थान पर रहीं थीं। इस दौरान मुद्रगदा पद्मनाभम ने दावा किया था वाईएसआरसीपी प्रत्याशी के आगे पवन कल्याण जीत नहीं पाएंगे। अब, जब पवन कल्याण को जीत मिली तो वाईएसआरसीपी नेता ने अपना नाम बदलकर पद्मनाभ रेड्डी रख लिया।
पद्मनाभ रेड्डी ने यह शिकायत भी की
हालांकि इस बीच पद्मनाभ रेड्डी ने इस बात की भी शिकायत की है कि जनसेना प्रमुख के प्रशंसक उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। रेड्डी ने कहा ‘जो युवा पवन कल्याण के प्रशंसक हैं, वे लगातार हमें अपशब्दों से भरे संदेश भेज रहे हैं। मेरे विचार से यह सही नहीं है। अपशब्द बोलने के बजाय, एक काम करें...मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को यहां से निकाल दें।’ बता दें कि पद्मनाभ रेड्डी ने चुनाव से कुछ समय पहले ही वाईएसआरसीपी का दामन थामा था।