नोस्ट्रो लेनदेन की पांच बैंकों से सीबीआई ने मांगी जानकारी, इसी के चलते हुआ है PNB घोटाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई ने पांच बैंकों के मुख्य सतर्कता अधिकारियों से पीएनबी के नोस्ट्रो खातों से हुए वित्तीय लेनदेन की जानकारी मांगी है। इन खातों से हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को 293 लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग के आधार पर करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया। कैनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक और एक्सिस बैंक की विदेश स्थित शाखाओं से 11400 करोड़ रुपये पंजाब नेशनल बैंक के नोस्ट्रो खातों से निकाले गए। नोस्ट्रो बैंक खाते सामान्य तौर पर किसी घरेलू बैंक द्वारा दूसरे देश में विदेशी मुद्रा में खातों को कहते हैं। इन बैंकों की एंटवर्प, फ्रैंकफर्ट, मॉरिशस, हांगकांग और बहरीन में शाखाएं हैं।
तीन जनरल मैनेजरों से पूछताछ
एजेंसी ने सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक के तीन जनरल मैनेजरों से पूछताछ की। हालांकि इनके नामों का खुलासा नहीं किया गया। इनके पास बैंक के इंटरनेशनल बैंकिंग डिवीजन और ट्रेजरी डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी थी। ये विभाग बैंक के नोस्ट्रो खातों से होने वाले लेनदेन की रोजाना रिपोर्ट लेते हैं।
कानूनी कंपनी से जुटाए दस्तावेज
सीबीआई ने बड़ी कानूनी कंपनी सिरिल अमरचंद मंगलदास से नीरव मोदी से संबंधित दस्तावेज जुटाए थे। एफआईआर दर्ज करने के बाद एजेंसी ने एक टीम को इस माह की शुरुआत में कंपनी भेजा था और उसने कुछ अहम दस्तावेज एकत्र किए।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर से तीसरे दिन भी सवाल जवाब
सीबीआई ने पीएनबी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर केवी ब्रह्मजी राव से लगातार तीसरे दिन भी पूछताछ जारी रखी।
तय समय में जांच पूरी करने का निर्देश
सीबीआई प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने बताया कि एजेंसी के निदेशक आलोक कुमार वर्मा ने इन मामलों की जांच अधिकारी को तय समय सीमा के अंदर जांच पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा है कि इन घोटालों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए।