घोषणा: इंडोनेशिया ने पाम ऑयल निर्यात पर लगाई रोक, भारत में भी बढ़ेगा संकट, पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें
भारत के पाम ऑयल के आयात का करीब 60% इंडोनेशिया से आता है। निर्यात बंद होने से भारत में खाद्य तेल संकट बढ़ने के साथ कीमतें बढ़ सकती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घरेलू जरूरतें पूरा करने और बढ़ी कीमतों को रोकने के लिए इंडोनेशिया ने 28 अप्रैल से पाम ऑयल के निर्यात पर रोक लगा दी है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने शुक्रवार को पाम ऑयल के निर्यात पर रोक की घोषणा की। भारत के पाम ऑयल के आयात का करीब 60% इंडोनेशिया से आता है। निर्यात बंद होने से भारत में खाद्य तेल संकट बढ़ने के साथ कीमतें बढ़ सकती हैं।
अलपन बंद्योपाध्याय की समीक्षा याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा
उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय की याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा। न्यायमूर्ति राजीव शकधर और न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की पीठ ने केंद्र सरकार से बंद्योपाध्याय के इस रुख पर जवाब दाखिल करने को कहा कि आदेश के लिए आरक्षित होने से पहले उन्हें अपना मामला पेश करने का उचित अवसर नहीं मिला। मामले की अगली सुनवाई 20 मई को होगी।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्य सचिव की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने तर्क दिया कि उन्हें कैट में अपना पक्ष रखने का समय प्रदान नहीं किया गया।
इसके अलावा हाईकोर्ट के सिंगल जज ने भी उनकी याचिका को खारिज कर उनके अधिकार का हनन किया है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी ने कहा कि वह समीक्षा याचिका का विरोध कर रहे हैं और अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील द्वारा इस मामले पर लंबी बहस की गई थी।
बिजली संयंत्रों को अब तीन साल तक हो सकेगी कोयले की आपूर्ति
बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए किए जा रहे विभिन्न उपायों के तहत ऊर्जा मंत्रालय ने निजी उत्पादन स्टेशनों (आईपीपी) द्वारा कोयले के उपयोग के लिए पहले की कार्यप्रणाली में संशोधन किया है।
इसके तहत कोयले की आपूर्ति का समय अब एक साल से बढ़ाकर 3 साल कर दिया गया है। मंत्रालय ने इसी के साथ कुछ और संशोधन किया है। इसके तहत बोली प्रक्रिया की समय सीमा अब 67 दिन से घटाकर 37 दिन कर दी गई है।
मंत्रालय ने कहा कि घरेलू कोयले के अधिक कुशल तरीके से उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए उपाय किए गए हैं। बिजली संयंत्रों को कोयले के अधिकतम परिवहन के लिए रेलवे के बुनियादी ढांचे का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए सरकार ने ये उपाय किए हैं।
मंत्रालय ने कहा कि इससे राज्यों को अपने लिंकेज कोयले का खदानों के पास के संयंत्रों में बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी, क्योंकि कोयला के परिवहन के बजाय दूर राज्यों तक बिजली पहुंचाना आसान होगा।
यौन उत्पीड़न मामले में देरी पीड़ा बढ़ाती है : हाईकोर्ट
यौन उत्पीड़न के मुकदमों की सुनवाई में देरी पीड़िता का दर्द और बदनामी ही बढ़ाते हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि सुनवाई के दौरान भयानक अनुभव उसे फिर से याद करने पड़ते हैं। खास कर नाबालिगों के मामलों में तो ये एक और सदमे जैसा होता है।
बॉम्बे हाईकोर्ट की जस्टिस रेवती मोहिते डेरे की एकल पीठ ने एक अप्रैल को सुनवाई के दौरान कहा कि बयान दर्ज करने में देरी से पीड़िता को वह सब फिर से याद करना पड़ता है, जिसे वह भूलना चाहती है। कई मामलों में पीड़िता का वर्षों तक परीक्षण ही नहीं किया जाता।
इसलिए पॉक्सो अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालतों को इस संबंध में अनिवार्य रूप से निर्देश जाने चाहिए थे। सभी विशेष अदालतों को जितना संभव हो सके उतनी जल्दी पीड़ित के बयान दर्ज करने चाहिए।
पीड़िता को बार-बार अदालत नहीं बुलाया जाना चाहिए। अगर पीड़िता नाबालिग है, और तो इसे ध्यान में रख कर सुनवाई हो कि वो सुरक्षित महसूस करे। आरोपी से किसी भी हाल में सामना न होने पाए। हाईकोर्ट ने ये निर्देश पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार एक आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए। एजेंसी
ईडी के समक्ष दूसरी बार पेश हुए एएमएमके नेता दिनाकरण
अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) नेता टीटीवी दिनाकरण दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष दूसरी बार शुक्रवार को पेश हुए। अधिकारियों ने बताया कि अन्नाद्रमुक का ‘दो पत्तों’ वाला चुनाव चिह्न वीके शशिकला धड़े को दिलाने के लक्ष्य से निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को कथित रूप से रिश्वत देने के मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिग केस में दिनाकरण से पूछताछ की जा रही है। एजेंसी
बदलते हालात को देखते हुए ठोस कदम उठाएगा आरबीआई
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक और घरेलू स्तर पर हालात तेजी से बदल रहे हैं। केंद्रीय बैंक इस हालातों को देखते हुए ठोस कदम उठाएगा ताकि अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा, हम गतिशील और तेजी से बदलती स्थिति के लगातार मूल्यांकन के साथ ही उसके अनुरूप कोई कदम उठाएंगे। हाल ही में संपन्न मौद्रिक नीति समिति की बैठक के ब्योरे में दास ने कहा, वैश्विक व घरेलू अर्थव्यवस्थाओं पर रूस-यूक्रेन युद्ध के प्रभाव को देखते हुए लगातार 11वीं बार रेपो दर में बदलाव नहीं किया।
बढ़ती महंगाई के बावजूद आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए यह कदम उठाया गया। आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए महंगाई के अनुमान को बढ़ाकर 5.7% कर दिया, जबकि फरवरी में 4.5% का अनुमान जताया था। एजेंसी
विकसित देशों में महंगाई पांच फीसदी से ज्यादा
आरबीआई के डिप्टी गवर्नर माइकल देवव्रत पात्रा ने कहा, इस समय एक चीज का वैश्वीकरण हो रहा है और वह है महंगाई। एमपीसी बैठक में उन्होंने कहा था, करीब 60 फीसदी विकसित देशों में महंगाई दर पांच फीसदी से अधिक है। वहीं, आधे से अधिक विकासशील देशों में महंगाई की दर सात फीसदी से अधिक है।
नेपाल में मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोगों पर हमला, आठ घायल
नेपाल के दांग जिले में एक मस्जिद पर अज्ञात समूह के हमले में नमाज पढ़ रहे आठ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। नेपाल पुलिस ने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर है। शुक्रवार दोपहर दांग जिले के लमही में सुन्नत फैजाद रजा मस्जिद में लोग नमाज पढ़ रहे थे।
इस दौरान बाहर से आए अज्ञात लोगों के एक समूह ने उन पर धारदार हथियारों और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में लमही नगर पालिका-पांच के गुठे कुरैशी (68) गंभीर घायल हुए हैं। घायलों में अरशद अली, सब्बीर अली, मोहम्मद कासिम, साकिल अली, दिल मोहम्मद मियां, कमाल अली और मोहम्मद याकदीन अली शामिल हैं। केस दर्ज हो गया है।