पाकिस्तान का झूठ फिर बेनकाब, भारतीय वायुसेना ने दिए F-16 को मार गिराने के सबूत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वायुसेना ने सोमवार को फिर अपने इस दावे को दोहराया कि उसने 27 फरवरी को आसमान में हमला करने आए पाकिस्तान के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इसके उसके पास पुख्ता भी सुबूत हैं। पाकिस्तान और एक अमेरिकी पत्रिका के झूठ को खारिज करते हुए वायुसेना ने दुश्मन के विमान को ढेर करने की घटना के रडार की तस्वीरें भी जारी कीं।
एयर वाइस मार्शल आरजी कपूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अवाक्स (एयरबॉर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम) द्वारा कैद की गई विभिन्न तस्वीरों को सुबूत के तौर पर पेश किया। इन तस्वीरों को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पास न केवल इस बात के पुख्ता सुबूत हैं कि पाकिस्तानी वायुसेना ने 27 फरवरी को तीन एफ-16 का इस्तेमाल किया था बल्कि इसके भी प्रमाण हैं कि हमारे मिग-21 बायसन विमान ने पाक के एक विमान को मार गिराया था।
हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर मीडिया से कोई सवाल नहीं लिया। उन्होंने कहा कि हमारे पास विश्वसनीय सुबूत हैं जो साबित करते हैं कि पाकिस्तान ने अपना एफ-16 विमान गंवा दिया लेकिन सुरक्षा कारणों और गोपनीयता के चलते हम इसे पब्लिक डोमेन में साझा नहीं कर सकते हैं।
रडार तस्वीरों को विश्लेषण कर बताया
अवाक्स में कैद तस्वीरों का विश्लेषण करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें लाल निशान में 3 विमान दिख रहे हैं, जो पाकिस्तान के एफ-16 हैं। दाहिनी तरफ नीले घेरे में मिग 21 बायसन विमान के होने का पता चलता है। कुछ ही देर बाद ली गई दूसरी तस्वीर में पाकिस्तान का एक एफ-16 विमान दिखाई नहीं देता है। दरअसल, वह मार गिराया गया था।Indian Air Force (IAF) releases AWACS (Airborne Warning And Control System) radar images. pic.twitter.com/axy2uVObWZ
— ANI (@ANI) April 8, 2019
डॉगफाइट की जगह भी बताई
एयर वाइस मार्शल ने 27 फरवरी को डॉगफाइट की जगह के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि पाक का एफ-16 पीओके के सब्जकोट क्षेत्र में गिरा था। हमारा मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसके पायलट सुरक्षित निकल गए थे लेकिन उनका पैराशूट पीओके में गिरा था। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि उस दिन डॉगफाइट में दो विमान गिरे थे। इनमें से एक मिग का बायसन था जबकि दूसरा एफ-16 और इनकी पहचान इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर और रेडियो ट्रांसक्रिप्ट से हुई है।
पाक अपने ही दावों से फंसा
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद कहा था कि उसके कब्जे में दो पायलट हैं। इसमें से एक उनकी हिरासत में जबकि दूसरा अस्पताल में भर्ती है। इसकी पुष्टि खुद वहां के प्रधानमंत्री ने भी अपने बयान में की थी। इन सबसे साबित होता है उस दिन उसी क्षेत्र (पाक अधिकृत कश्मीर) में दो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए थे।
26 फरवरी को बालाकोट में किया था एयर स्ट्राइक
वायुसेना ने 26 फरवरी को तड़के पाकिस्तान स्थित बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंप पर एयर स्ट्राइक की थी। इसमें बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए थे। इसके अगले दिन पाकिस्तान ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी लेकिन इसे नाकाम कर दिया गया था।
अमेरिकी पत्रिका ने सभी एफ-16 के सुरक्षित होने का किया था दावा
अमेरिकी पत्रिका फॉरेन पॉलिसी ने हाल ही में अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि पाकिस्तान के सभी एफ-16 लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं। ये विमान अमेरिका से पाक ने खरीदे थे। पाक भी अपने किसी विमान के क्षतिग्रस्त नहीं होने का दावा करता रहा है।