देश की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिता 'इंडिया स्किल्स 2018' का हुआ आगाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में कौशल की सबसे बड़ी प्रतियोगिता 'इंडिया स्किल्स 2018' मंगलवार को देश की राजधानी स्थित एरोसिटी ग्राउंड में शुरू हो गई। इसमें 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 से भी ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने की। उन्होंने कहा कि आज का जमाना कौशल में योद्धा बनने का है, जिसे एनएसडीसी भली-भांति निभा रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से जो 400 से भी ज्यादा प्रतिभागी आए हैं, वे पहले ही कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजर चुके हैं। ये पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चुने गए, उसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हुई।
उसमें सफल प्रतियोगियों के बीच क्षेत्रीय स्तर की चार प्रतिस्पर्धा हुई। उनमें से चयनित प्रतिस्पर्धी यहां आए हैं और इनमें जो विजेता होंगे, वे अगस्त 2019 में रूस के कजान में होने वाले वर्ल्ड स्किल इंटरनेशनल कंपीटिशन में हिस्सा लेंगे। इससे पहले उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि ये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल हो सकें।
कुमार ने बताया कि पहली बार इस प्रतिस्पर्धा में एबिलंपिक्स (ओलंपिक ऑफ एबिलिटीज) को भी शामिल किया गया है, जिससे दिव्यांगों को भी अपना कौशल दिखाने का मौका मिल रहा है। दिव्यांगों के बीच 10 तरीके के कौशल की प्रतिस्पर्धा होगी, जबकि सामान्य प्रतियोगियों के बीच 46 तरीके के कौशल, 10 पारंपरिक कौशल और चार डेमो स्किल की प्रतिस्पर्धा होगी।
इस राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में जो विजेता होंगे, उन्हें आगामी छह अक्तूबर को होने वाले समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा और फिर रूस में होने वाली प्रतिस्पर्धा के लिए प्रशिक्षण शिविर में भेजा जाएगा। एनएसडीसी के इस इंडिया स्किल कंपीटिशन 2018 को कॉरपोरेट जगत की 70 से भी ज्यादा कंपनियों का साथ मिला है। इसके साथ ही कई जाने-माने शैक्षणिक संस्थान भी इसमें हिस्सेदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही 22 राज्य सरकारें भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।