India Pakistan Tension Day 3 Bulletin: पाकिस्तान ने फिर की ड्रोन हमलों की कोशिश, भारत के पलटवार से पड़ोसी पस्त
India Pakistan Conflict, All You Need To Know: पाकिस्तान के उकसावे और भारत की जवाबी कार्रवाई के बीच कई अपुष्ट खबरें चर्चा में हैं, लेकिन अब तक क्या हुआ, कैसे हुआ, इस बारे में सबसे सटीक जानकारी आप तक पहुंचा रहा है अमर उजाला डॉट कॉम...
विस्तार
भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव का शुक्रवार को तीसरा दिन था। सरहद पर हालात और तनावपूर्ण हैं। भारत के कई सीमावर्ती शहर अलर्ट पर हैं। पाकिस्तान लगातार उकसावे की कोशिश कर रहा है, जिसे भारत की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली के जरिए लगातार नाकाम किया जा रहा है। इस बुलेटिन के जरिए हम आपको बता रहे हैं दिनभर के अपडेट्स....
अब तक क्या हुआ
पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया। धर्म पूछकर उन्हें गोली मारी। 6-7 मई की दरमियानी रात भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत 24 मिसाइलें आतंकियों के नौ ठिकानों को नष्ट कर दिया। इसके बाद आठ मई को पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों पर हमला करने की कोशिश की। गुरुवार देर रात को भी पाकिस्तान ने जम्मू, जैसलमेर समेत तमाम जगह ड्रोन हमले की कोशिश की। इसका भी भारत ने करारा जवाब दिया।
शुक्रवार 9 मई को क्या हुआ?
पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार सुबह कुपवाड़ा, उरी में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी फिर से शुरू की गई। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 के आयोजन पर एक सप्ताह तक रोक लगा दी। मौजूदा हालात को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आपात बैठक बुलाई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान की नापाक हरकतों और भारत के पलटवार की जानकारी दी। रात आठ बजे के आसपास एक बार फिर पाकिस्तान ने ड्रोन हमलों की कोशिश की। पंजाब, राजस्थान, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सेना ने मार गिराए।
यह भी पढ़ें - India Pakistan Tension: अमर उजाला के सवाल पर बोले विदेश सचिव- हमने पाकिस्तान को पर्याप्त तरीके से जवाब दिया है
जम्मू में फायरिंग, नियंत्रण रेखा के पास धमाके
शुक्रवार सुबह सबसे पहले पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए। शहर में सायरन की आवाज गूंजी। नियंत्रण रेखा के पास धमाकों की आवाज सुनी गई। इसका भारत ने माकूल जवाब दिया। सभी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक रोका गया।
भारत ने आकाश मिसाइल से नाकाम किए हमले
भारत ने सतह से हवा में मार करने वाले अपने स्वदेशी मिसाइल सिस्टम आकाश से पाकिस्तानी हमले के नाकाम कर दिया। भारतीय सेना और वायुसेना दोनों ने पाकिस्तानी सीमा पर अपने वायु रक्षा प्रणाली को तैनात किया हुआ है।
देश भर में 28 हवाई अड्डे बंद
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारतीय विमानन अधिकारियों ने 28 हवाई अड्डों को 15 मई तक के लिए बंद कर दिया गया। इनमें चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, लुधियाना, शिमला, जोधपुर, जम्मू और पठानकोट के हवाई अड्डे शामिल हैं। वहीं जहां पर सेवाएं सामान्य है, वहां पर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है।
यह भी पढ़ें - Indo-Pak Tension Day 2: जंग पर आमादा पाकिस्तान, जम्मू से जैसलमेर तक हमले की कोशिश, पाकिस्तानी फाइटर जेट ढेर
आईपीएल को एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया। भारतीय क्रिकेट कंट्राेल बोर्ड (बीसीसीआई) ने तनाव को देखते हुए आईपीएल 2025 का सत्र बीच में ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का एलान किया। बाद में इसे एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया।
ICAI की परीक्षा स्थगित
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया - ICAI ने ट्वीट किया कि देश में तनावपूर्ण, सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, CA फाइनल, इंटरमीडिएट और PQC परीक्षा अंतर्राष्ट्रीय कराधान-मूल्यांकन परीक्षा (INTT AT)] मई 2025 के शेष पेपर 9 मई 2025 से 14 मई 2025 तक स्थगित कर दिए गए हैं।'
बैठकों का दौर
पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली में पूरे दिन बैठकों का दौर चला। पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) अनिल चौहान के साथ बैठक की। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुख के साथ स्थिति की समीक्षा की। गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा की स्थिति और हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मल सीतारमण ने वित्तीय हालात, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य सेवा की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नापाक चेहरे और इरादों का पर्दाफाश कर दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह 8 से 9 मई की रात की पाकिस्तान के हमलों की जानकारी दी। इस दौरान सबसे बड़ी खुलासा यह हुआ कि पाकिस्तान ने अतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर लेह से लेकर सरक्रीक तक 36 जगहों पर 300-400 ड्रोन से घुसपैठ की कोशिश की। ये ड्रोन तुर्किये के बताए जा रहे हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अमर उजाला के सवाल के जवाब में कहा कि भारत ने पाकिस्तान को जिम्मेदारीभरा और पर्याप्त तरीके से जवाब दिया है।
शुक्रवार रात को पाकिस्तान ने एक बार फिर ड्रोन हमलों की कोशिश की। पाकिस्तान ने पंजाब, राजस्थान, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में 26 जगहों पर ड्रोन हमलों की कोशिश की। जिसे भारतीय वायु सेना ने नाकाम कर दिया। इससे पहले पंजाब, जम्मू, राजस्थान, गुजरात के कई इलाकों में ब्लैक आउट किया गया।
फिरोजपुर में घर पर गिरा ड्रोन, तीन लोग जख्मी
फिरोजपुर के गांव खाई फेमिकी में पाकिस्तानी ड्रोन एक घर पर गिरा। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। इसमें एक महिला भी है। वहीं घर में आग लग गई है। आग की चपेट में घर के बाहर खड़ी गाड़ी भी आ गई। बताया जा रहा है कि ड्रोन हमले के दौरान घर की लाइट जल रही थी। घायलों को इलाज के लिए फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पाकिस्तान को कर्ज देने का कड़ा विरोध, भारत ने आईएमएफ से कहा- आतंकी गतिविधियों में जा रहा पैसा
भारत ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के सामने पाकिस्तान को कर्ज देने का कड़ा विरोध किया। भारत ने इस बात की आशंका जताई कि पाकिस्तान इस ऋण का इस्तेमाल सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने में कर सकता है। भारत ने आईएमएफ को यह भी बताया कि पाकिस्तान पिछले 35 वर्षों में 28 बार आईएमएफ से मदद ले चुका है। उसका ट्रैक रिकॉर्ड बहुत ही खराब है।