सरकार ने किया वीरता पुरस्कारों का एलान, शहीद औरंगजेब और मेजर आदित्य को मिलेगा शौर्य चक्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहादुरी के लिए दिए जाने वाले शौर्य चक्र सम्मान की घोषणा हो चुकी है। मेजर आदित्य कुमार (गढ़वाल राइफल्स) और राइफलमैन औरंगजेब (मरणोपरांत) को स्वतंत्रता दिवस के दिन शौर्य चक्र से नवाजा जाएगा।
बता दें कि शौर्य चक्र शांतिकाल के दौरान प्रदर्शित अद्भुत वीरता या आत्म बलिदान के लिए दिया जाने वाला तृतीय सर्वोच्च वीरता पदक है। शौर्य चक्र सैन्यकर्मियों के अलावा अन्य नागरिकों को भी प्रदान किया जा सकता है। शौर्य चक्र को मरणोपरांत भी प्रदान किया जा सकता है।
वर्ष 1967 से पूर्व तक इसे अशोक चक्र, श्रेणी-III के नाम से जाना जाता था। वीरता पदकों के श्रेणी क्रम में शौर्य चक्र के बाद विशिष्ट सेवा मेडलों की श्रेणी शामिल है।
आईटीबीपी के 14 अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक मिला
भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 14 अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पदक से नवाजा गया है। उप कमांडेंट और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र पाल (विशिष्ट सेवा) और 51वीं बटालियन के कमांडर एम एस गुलेरिया (उत्कृष्ट सेवा) समेत अन्य को पदक दिया गया है।
तकरीबन 90,000 की क्षमता वाले शक्तिशाली बल का पहला का काम 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रखवाली करना है। इसके अलावा यह नक्सल रोधी अभियानों समेत अन्य आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी भी निभाता है।
सीआरपीएफ को मिले सर्वाधिक वीरता पदक
सरकार ने 72 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कुल 972 कर्मियों को सेवा पदक देने की घोषणा की। सेवा के दौरान शहादत देने वाले कश्मीर के सीआरपीएफ के दो जवानों को देश का शीर्ष पुलिस वीरता पुरस्कार, राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक (पीपीएमजी) दिया गया।
कांस्टेबल शरीफुद्दीन गनई और हेड कांस्टेबल मोहम्मद तफैल को मरणोपरांत पीपीएमजी दिया गया जबकि सीआरपीएफ के 89 अन्य कर्मियों को आतंकवाद प्रभावित जम्मू-कश्मीर में और विभिन्न राज्यों में नक्सल रोधी अभियानों में अदम्य साहस का परिचय देने के लिए पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को इस साल मिले पदक अब तक के सर्वाधिक हैं। सीआरपीएफ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 37 पुलिस वीरता पदक मिले। इसके बाद ओडिशा पुलिस को 11, सीमा सुरक्षा बल को 10, महाराष्ट्र पुलिस को आठ, छत्तीसगढ़ पुलिस को छह पुलिस वीरता पदक मिले।