Tamil Nadu: जगतरक्षकन के आवास पर IT की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी, DMK ने कहा- यह सोची-समझी साजिश
द्रमुक सांसद के परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी का यह दूसरा दिन है। गुरुवार को आईटी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से जुड़े 40 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली थी। क्रोमपेट में बालाजी और रेला अस्पतालों में भी तलाशी ली गई। इनका जिम्मा जगतरक्षकन के पास है।
विस्तार
आयकर विभाग (आईटी) ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जगतरक्षकन के चेन्नई स्थित परिसरों पर दूसरे दिन भी छापेमारी जारी है। उनके आवास पर भी तलाशी की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह अपने आवास के अंदर ही मौजूद हैं।
40 से अधिक जगहों पर तलाशी
द्रमुक सांसद के परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी का यह दूसरा दिन है। गुरुवार को आयकर विभाग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से जुड़े 40 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली थी। आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान, कांचीपुरम के देवारियांबक्कम और इलायानरवेलूर इलाकों में चल रही दो शराब की भट्टियों और कांचीपुरम के वल्लाजाबाद में द्रमुक सांसद के चचेरे भाई कुप्पन के घर की भी तलाशी ली गई। चेन्नई के क्रोमपेट में बालाजी और रेला अस्पतालों में भी तलाशी ली गई। इन अस्पतालों का जिम्मा द्रमुक सांसद एस जगतरक्षकन के पास है।
बता दें, जगतरक्षकन वर्तमान में लोकसभा के सदस्य हैं। वह 2019 के संसदीय चुनाव में अरक्कोणम लोकसभा सीट से चुने गए थे। जगतरक्षकन डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री थे।
बदले की राजनीति का आरोप
इस बीच, द्रमुक के प्रवक्ता टीकेएस इलानगोवन ने भाजपा पर 'बदले की राजनीति' करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'बिल्कुल साफ है कि यह एक राजनीतिक कदम है। तमिलनाडु के लोग जानते हैं कि भाजपा की समर्थन वाली अन्नाद्रमुक के कितने लोग कॉलेज और संस्थान चला रहे हैं। उन संस्थानों में कुछ भी सही नहीं है। पर ये लोग विपक्षी दलों को बुरा दिखाना चाहते हैं।’
घोष ने आगे कहा, ‘विपक्षी दलों को नीचा दिखाने के लिए वे अपनी सभी शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। वे देश पर शासन करने के लायक नहीं हैं। भाजपा ऐसे लोगों से भरा हुआ है जो संविधान का सम्मान नहीं करते, किसी कानून का सम्मान नहीं करते, जो अपने फायदे के लिए कुछ भी करेंगे।’
इलानगोवन ने पूछा कि भाजपा के लोगों के यहां छापेमारी की कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
यह एक सोची-समझी राजनीति
आयकर विभाग की छापेमारी पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि आईटी और ईडी भाजपा के लिए फ्रंटल संगठन बन गए हैं। वे चेन्नई में जगतरक्षकन के परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी कर रहे हैं। यह एक सोची-समझी राजनीति है और यह उनका राजनीतिक प्रतिशोध है। ईडी और आयकर विभाग उन लोगों के ठिकानों पर पहुंचता है, जो भाजपा के खिलाफ हैं। उनके साथ आने वाले लोग वॉशिंग मशीन में सफाई करवाते हैं। उन्होंने कहा कि लोग पीएम मोदी और अमित शाह की इस राजनीति को खारिज कर देंगे।