आईएमए घोटाला: पूर्व मंत्री रोशन बेग की संपत्ति होगी अटैच
- कर्नाटक सरकार ने हलफनामा देकर बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट में यह जानकारी दी।
विस्तार
करोड़ों रुपये के आई-मौद्रिक सलाहकार (आईएमए) घोटाले में कर्नाटक के पूर्व मंत्री रोशन बेग की संपत्ति अटैच की जाएगी। कर्नाटक सरकार ने हलफनामा देकर बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट में यह जानकारी दी।
सीबीआई ने बेग को पिछले साल 22 नवंबर को गिरफ्तार किया था जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद दिसंबर में विशेष सीबीआई अदालत ने बेग को जमानत दे दी थी।
सीबीआई ने पिछले 23 नवंबर को बेग के बंगलूरू स्थित आवास पर छापा भी मारा था। बेग कांग्रेस के उन बागी विधायकों में शामिल थे जिन्हें बाद में निष्कासित कर दिया गया था। कर्नाटक सरकार ने अगस्त 2019 को इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। कई नेता और वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में आरोपी हैं।
बता दें कि पिछले साल पार्टी से बगावत करने पर उन्हें कांग्रेस विधायक के तौर पर अयोग्य ठहराया गया था। बेग की गिरफ्तारी 22 नवंबर को इस मामले में एक अन्य आरोपी बंगलूरू के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन) हेमंत निंबालकर से पूछताछ के बाद हुई थी।
करोड़ों रुपये का यह घोटाला कर्नाटक स्थित आईएमए और उसके समूह की कंपनियों द्वारा कथित तौर पर ज्यादा लाभ का लालच देकर लोगों से करीब 4,000 करोड़ रुपये की ठगी कर अंजाम दिया गया। आरोपियों ने निवेश के इस्लामी तरीकों को अपनाने का झांसा देकर लोगों को ठगा।