फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Hyderabad: Minor molested in Hyderabad madrasa, cleric arrested, read special news

Hyderabad : हैदराबाद के मदरसे में नाबालिग से कुकर्म, मौलवी गिरफ्तार, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें

Tue, 06 Sep 2022 06:39 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, हैदराबाद।
एजेंसी, हैदराबाद। Published by: योगेश साहू Updated Tue, 06 Sep 2022 06:39 AM IST
विज्ञापन
Hyderabad: Minor molested in Hyderabad madrasa, cleric arrested, read special news
Jail demo - फोटो : फाइल फोटो

मदरसे में 14 वर्ष के किशोर से कुकर्म के आरोप में 21 वर्षीय मौलवी को गिरफ्तार किया है। संतोष नगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी मौलवी को फिलहाल न्यायिक हिरासत में रखा गया है। पीड़ित के परिवार की तरफ से शिकायत मिलने के बाद मौलवी के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। गैर-पंजीकृत व गैर मान्यता प्राप्त मदरसे बच्चों के खिलाफ अपराध और उनके अधिकारों के हनन को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। एजेंसी

विज्ञापन


राजस्थान के भरतपुर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
राजस्थान के भरतपुर में भाजपा नेता कृपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि अभी हत्यारों की पहचान नहीं की जा सकी है। कृपाल सिंह रविवार रात को सर्किट हाउस से अपने घर कार से जा रहे थे तभी दो बाइक और कुछ कारों पर सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। भरतपुर से भाजपा सांसद रंजीता कोली के करीबी कृपाल सिंह को हमले में कई गोलियां लगीं। भाजपा नेता को सरकारी आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन


62 साल पहले चोरी नटराज  की मूर्ति अमेरिका में मिली
तमिलनाडु के तंजावुर जिले के अरुलमिगु वेदापुरीस्वरार मंदिर से 62 साल पहले चोरी हुई नटराज की मूर्ति अमेरिका में मिली है। सोमवार को सीआईडी की आइडल विंग ने बताया कि मूर्ति न्यूयॉर्क के एशिया सोसायटी संग्रहालय में है। कुछ चोरों ने मंदिर में तोड़फोड़ कर मूर्ति को चुराया था। 2,000 साल पुराना तिरुवेधिकुडी कंडियुर का मंदिर धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अंतर्गत आता है। यूनेस्को से समझौते के तहत मूर्ति को वापस लाने की कार्यवाही तेज कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


चिटफंड घोटाले में सीबीआई और ईडी ने कई जगह मारे छापे
पश्चिम बंगाल के चिटफंड घोटाला मामले में ईडी और सीबीआई ने सोमवार को कोलकाता और सोदपुर के कई ठिकानों पर छापे मारे। दक्षिण कोलकाता के रानी कुटीर में एक व्यक्ति के घर पर सीबीआई ने छापा मारा। वहीं, ईडी ने बैंककर्मियों के साथ सोदपुर के राजेंद्रपल्ली इलाके में सुब्रत मालाकार नाम के शख्स के घर पर तलाशी ली। इससे पहले रविवार को सीबीआई ने पाइकपाड़ा में सुबोध अधिकारी के फ्लैट की तलाशी ली थी।

कॉकपिट में सुनाई दी सीटी की आवाज बीच रास्ते से लौटी विस्तारा की उड़ान
दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा की उड़ान कॉकपिट में पायलट को सीटी की आवाज सुनाई देने के कारण बीच रास्ते से वापस लौट आई। डीजीसीए ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि, विमान के प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान कोई कमी नहीं देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई फ्लाइट यूके 951 के दिल्ली से टेक-ऑफ करते ही पायलट को तकनीकी खामी के बारे में सूचना मिली।

उन्हें कॉकपिट के दायीं तरफ सीटी की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद एहतियाती कदम के रूप में पायलट ने वापस लौटने का फैसला किया। बाद में विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई। विस्तारा टाटा और सिंगापुर एअरलाइंस का संयुक्त उद्यम है।

ओपेक देशों की उत्पादन में मामूली कटौती से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं
तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक प्लस ने कीमतें बढ़ाने के लिए कच्चे तेल के उत्पादन में मामूली कटौती का फैसला किया है। इस फैसले से कच्चे तेल की कीमतें 3 फीसदी तक बढ़ गईं। ओपेक देशों ने सोमवार को हुई बैठक में कहा कि अक्तूबर में कच्चे तेल के उत्पादन में प्रतिदिन एक लाख बैरल की कटौती होगी, जो वैश्विक मांग का 0.1% है।

ओपेक देशों ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर 5 अक्तूबर को होने वाली अगली बैठक से पहले भी उत्पादन में कटौती का फैसला लिया जा सकता है। उधर, अमेरिकी तेल बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई बढ़कर करीब 89 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.81 फीसदी उछलकर 95.63 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

अगस्त में पाम तेल का आयात 11 महीने के उच्च स्तर पर
देश का पाम तेल आयात अगस्त में बढ़कर 11 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं, मासिक आधार पर आयात करीब दोगुना बढ़ा है। डीलरों ने कहा, कीमतों में नरमी से पाम तेल की खरीदारी बढ़ी है।
सनविन समूह के मुख्य कार्यकारी संदीप बजोरिया ने कहा कि लागत, बीमा, ढुलाई सहित कच्चा पाम तेल 1,011 डॉलर प्रति टन के भाव मिल रहा है। इससे मासिक आधार पर पाम तेल आयात 94 फीसदी बढ़कर 10.3 लाख टन पहुंच गया। एजेंसी

फंसा कर्ज बढ़ने की आशंका से बैंक यूनियन का कर्ज मेलों का विरोध
महाराष्ट्र राज्य बैंक कर्मचारी महासंघ ने सरकारी बैंकों की ओर से आयोजित किए जाने वाले कर्ज मेलों का विरोध किया है। महासंघ ने आशंका जताई कि ऐसे आयोजनों में अधिक परिश्रम के बिना दिए गए कर्ज से एनपीए यानी फंसे कर्ज बढ़ते हैं। यह बयान ऐसे दिन आया है, जब वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक ऋण मेले में शामिल हो रहे हैं। इस मेले में सरकारी बैंकों ने 2,900 करोड़ का कर्ज देने का लक्ष्य रखा है।

सू की से नहीं मिलने दिया तो नहीं जाऊंगी म्यांमार : यूएन दूत
संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत नोलेन हेजर ने कहा है कि यदि उसे म्यांमार की सैन्य सरकार ने अपदस्थ नेता आंग सान सू की से नहीं मिलने दिया तो वह देश का दौरा नहीं करेंगी। हेजर ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षा की तलाश में म्यांमार से भागने के लिए मजबूर किया गया। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उन्हें मानवीय सहायता प्रदान करने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने म्यांमार में लोकतंत्र की बहाली पर भी जोर दिया।

कार कंपनियों को दिए गए एयर बैग बढ़ाने के निर्देश
केंद्र सरकार लगातार सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठा रही है। इसी सिलसिले में केंद्र ने पिछले साल कार निर्माताओं को आठ यात्रियों वाली कार में कम से कम छह एयरबैग के निर्देश दिए। कार निर्माताओं के विरोध के बावजूद सरकार ने इस पर कड़ा रुख अपनाया। यही नहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह भी साफ कर दिया था कि छोटी कारों में भी पर्याप्त मात्रा में एयरबैग होने चाहिए। ज्यादातर मध्यवर्गीय लोग छोटी कारें ही खरीदते हैं।

तेज रफ्तार से होती हैं सबसे अधिक मौतें
एनसीआरबी की हादसों व आत्महत्याओं पर 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, सड़क हादसों में सबसे अधिक 59.7 फीसदी मौतें तेज रफ्तार के कारण ही होती हैं।

अमेरिका : फ्लोट विमान दुर्घनाग्रस्त, 1 मौत नौ लापता
अमेरिका के वाशिंगटन में एक फ्लोट विमान के पुगेट साउंड में दुर्घटनाग्रस्त होने से एक शख्स की मौत हो गई जबकि नौ लोग लापता हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि विमान सैन जुआन द्वीप के लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘फ्राइडे हार्बर’ से रेंटॉन, वाशिंगटन के लिए उड़ान भर रहा था। दुर्घटना सिएटल के उत्तर-पश्चिम में लगभग 64 किलोमीटर की दूरी पर म्यूटिनी बे में हुई। बल ने कहा, क्षेत्र में बचाव कर्मियों, पुलिसकर्मियों के साथ चार तटरक्षक जहाज, एक बचाव हेलिकॉप्टर और एक विमान खोज अभियान में शामिल हैं। दुर्घटना का कारण ज्ञात नहीं है। फ्लोट विमान में पोंटून होते हैं जिनकी वजह से ये विमान पानी में उतर सकते हैं। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने कहा, विमान ‘डे हैविलैंड कनाडा डीएचसी-3 टर्बाइन ओटर’ एकल इंजन वाला था।

केन्या : करीबी मुकाबले में राष्ट्रपति बने रुटो को सुप्रीम कोर्ट का समर्थन
केन्या के सुप्रीम कोर्ट ने करीबी मुकाबले में राष्ट्रपति चुने गए बिलियम रुटो की जीत को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया। इससे तत्कालीन उपराष्ट्रपति के राष्ट्रपति बनने पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर लग गई है। शांतिपूर्ण तरीके से नौ अगस्त को हुए चुनाव के बाद विपक्षी प्रत्याशी रालिया ओडिंगा ने अनियमितताओं का आरोप लगाया था। चुनाव में अंतिम समय तब नाटक खड़ा हो गया था, जब चुनाव आयोग ही दो गुटों में बंट गया।

इसके बाद गड़बड़ी के आरोप लगे थे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसे चुनाव में गड़बड़ी के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वोटों की गिनती के दौरान चार आयुक्तों में अंतिम समय तक असहमति थी। इसलिए चुनाव आयोग में व्यापक सुधार किए जाने चाहिए। 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने अफ्रीका में पहली बार राष्ट्रपति पद के चुनाव का परिणाम पलटकर दोबारा मतदान का आदेश दे दिया था।

पाकिस्तान की बाढ़ से 12.5 अरब डॉलर का नुकसान
भूकंप से पहले एक माह से पाकिस्तान में आई भीषण बारिश-बाढ़ से अब तक 1,300 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि देश को आर्थिक रूप से भी काफी क्षति हुई है। पाकिस्तान को इस बाढ़ से होने वाला मुकसान 10 अरब डॉलर से बढ़कर 12.5 अरब डॉलर हो गया है। मुद्रास्फीति 24 फीसदी से 27 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है और चालू वित्त वर्ष में 30 फीसदी को छू सकती है। सरकारी अनुमान के मुताबिक देश में गरीबी और बेरोजगारी 21.9 फीसदी से कई गुना बढ़कर 36 फीसदी से ज्यादा हो सकती है।

ड्रोन हमलों पर तालिबान के आरोपों से प्रभावित होंगे रिश्ते : पाकिस्तान
पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान में ड्रोन हमलों के लिए अमेरिका को अपनी भूमि उपलब्ध कराने के तालिबान के आरोपों से द्विपक्षीय रिश्ते प्रभावित होंगे। मध्य काबुल के पॉश इलाके में 31 जुलाई को अमेरिका ने ड्रोन से मिसाइल हमला कर अल-कायदा के सरगना अयमान अल-जवाहिरी को मार गिराया था। अफगानिस्तान के अंतरिम रक्षा मंत्री मुल्ला मोहम्मद याकूब ने पिछले हफ्ते आरोप लगाया था कि इस ड्रोन को पाकिस्तान से उड़ाया गया था।

पाकिस्तानी वायुक्षेत्र का इस्तेमाल करके ही यह अफगानिस्तान में घुसा था। पिछले साल 31 अगस्त को अमेरिका के अपनी सेना हटाने के बाद से यह उसका पहला ज्ञात हमला था। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से लिखा कि याकूब के आरोपों से पाकिस्तान अप्रसन्न है। वह उनकी तुलना पूर्ववर्ती प्रशासन से कर रहा है, जो अपनी नाकामियों का ठीकरा पाकिस्तान के सिर फोड़ता था।

यूएनएचआरसी में बाहरी जांच तंत्र प्रस्ताव का विरोध करेगा श्रीलंका
श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी ने कहा कि इस सप्ताह होने वाले संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के सत्र में लाए जाने वाले जिम्मेदारी तय करने के लिए बाहरी जांच तंत्र बनाने के प्रस्ताव का उनका देश विरोध करेगा। उन्होंने कहा, इससे देश के संविधान का उल्लंघन हो सकता है। यूएनएचआरसी का 51वां सत्र 12 सितंबर से सात अक्तूबर तक जिनेवा में होगा। वहां श्रीलंका का प्रतिनिधित्व न्याय मंत्री विजयदास राजपक्षे करेंगे। संयुक्त राष्ट्र उच्चायोग के बुधवार को श्रीलंका में मानवाधिकार पर रिपोर्ट जारी करने की संभावना है।

साबरी ने कहा, श्रीलंका मानवाधिकार जवाबदेही पर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय नीति को अंगीकार कर रहा है और इसका समाधान तलाश रहा है। श्रीलंका पर प्रस्ताव 23 सितंबर को आने की संभावना है। इसके बाद छह अक्तूबर को सदस्य देश इस पर मतदान करेंगे। यूएनएचआरसी ने 2013 में युद्ध अपराधों के लिए सरकारी सेनाओं और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) दोनों को ज्म्मिेदार ठहराने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। अपदस्थ राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने 2009 में देश में 26 साल चले गृह युद्ध का अंत किया था। इस युद्ध में एक लाख से ज्यादा लोग मारे गए थे।

पूर्व पीएम इमरान को सेना ने सार्वजनिक तौर पर फटकारा
पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को नए सेनाध्यक्ष की नियुक्ति के मामले में उनकी अपमानजनक और अनावश्यक टिप्पणी के लिए फटकार लगाई है। सेना ने कहा कि उनकी टिप्पणी से वह हैरान है। यह दुर्लभ मौका है, जब सेना ने किसी नेता को सार्वजनिक तौर पर फटकारा है।

रविवार को फैसलाबाद में एक रैली में इमरान ने कहा था कि सरकार साफ-सुथरे चुनाव कराने से डरती है और इन्हें तब तक टालना चाहती है, जब तक नए सेनाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो जाती। वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा नवंबर के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आसिफ अली जरदारी और नवाज शरीफ अपने चहेते व्यक्ति को नया सेनाध्यक्ष बनाना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने जनता का धन चुराया है। उन्हें डर है कि कोई देशभक्त सेनाध्यक्ष आया तो वह उनसे इस लूट के बारे में सवाल करेगा।

सेना ने कहा कि ऐसे बयान देकर इमरान उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। वह सेना के वरिष्ठ नेतृत्व को कमतर दिखा रहे हैं, जबकि सैनिक लोगों की रक्षा के लिए जान की बाजी लगाते हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि वरिष्ठ नेता नए सेनाध्यक्ष की नियुक्ति को विवादों में घसीटना चाहते हैं, जबकि संविधान में इसकी प्रक्रिया की स्पष्ट व्याख्या की गई है। दशकों तक त्रुटिहीन उल्लेखनीय सेवा करने और देशभक्ति साबित करने के बाद ही कोई व्यक्ति इस पद तक पहुंच पाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed